1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 World Cup 2026 से पहले टीम को लगा बड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर, रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान

T20 World Cup 2026 से पहले टीम को लगा बड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर, रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान

इस महीने में इंग्लैंड की मेजबानी में खेले जाने वाले ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप से पहले श्रीलंका की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम की स्टार प्लेयर शशिनी गिम्हानी चोट की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।

Sri Lanka Womens Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AFP श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम

ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होने वाली है। यह टूर्नामेंट इस बार इंग्लैंड की मेजबानी में खेला जाएगा। इस वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले ही श्रीलंका की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम की अनुभवी रिस्ट स्पिनर शशिनी गिम्हानी चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनके बाहर होने के साथ ही श्रीलंका बोर्ड ने रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। उनकी जगह अब चेतना विमुक्ति को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।

चेतना विमुक्ति ने अभी तक नहीं किया है T20I में डेब्यू

विमुक्ति ने श्रीलंका के लिए अभी तक कोई भी T20I मैच नहीं खेला है। उन्होंने अभी तक सिर्फ वनडे फॉर्मेट में डेब्यू किया और वहां उन्हें तीन मैचों में खेलने का मौका मिला है। उन्हें मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलने का मौका मिला था। वह इसी साल की शुरुआत में हुए 'वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स' टूर्नामेंट का हिस्सा थीं। वहां उन्होंने श्रीलंका 'ए' टीम के लिए एक टी20 मैच खेला था।

2024 टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका का प्रदर्शन रहा निराशाजनक

श्रीलंका की टीम इस टी20 वर्ल्ड कप के लिए 2 जून को ब्रिटेन (UK) के लिए रवाना हो चुकी है। इस टूर्नामेंट में लंकाई टीम चमारी अट्टापट्टू की कप्तानी में खेलती हुई नजर आएगी। यह अट्टापट्टू के करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप होगा। टीम इस बार अपने पिछले प्रदर्शन को सुधारना चाहेगी। साल 2024 के वर्ल्ड कप में टीम 9वें स्थान पर रही थी और ग्रुप स्टेज में अपने चारों मैच हार गई थी। इस बार श्रीलंका को ग्रुप 2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, आयरलैंड और स्कॉटलैंड के साथ रखा गया है।

T20 World Cup 2026 के लिए श्रीलंका का अपडेटेड स्क्वॉड

चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हासिनी परेरा, विशमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, इमेशा दुलानी, नीलाक्षिका सिल्वा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना, सुगंदिका दासनायका, निमाशा मदुशानी, काव्या कविंदी, मल्की मदारा, मिताली अयोध्या, चेतना विमुक्ति।

ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका का शेड्यूल

  • 12 जून: इंग्लैंड के खिलाफ (एजबेस्टन)
  • 16 जून: न्यूजीलैंड के खिलाफ (साउथेम्प्टन)
  • 21 जून: वेस्टइंडीज के खिलाफ (ब्रिस्टल)
  • 23 जून: आयरलैंड के खिलाफ (ब्रिस्टल)
  • 26 जून: स्कॉटलैंड के खिलाफ (मैनचेस्टर)

यह भी पढ़ें

IND vs AFG: 16 साल बाद... No अश्विन, No जडेजा, टीम इंडिया का इनके बिना घर पर 'टेस्ट'

केन विलियमसन से भी नहीं बन रहे हैं रन, दो साल बाद डक पर हुए आउट

Latest Cricket News