1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. केन विलियमसन से भी नहीं बन रहे हैं रन, दो साल बाद डक पर हुए आउट

केन विलियमसन से भी नहीं बन रहे हैं रन, दो साल बाद डक पर हुए आउट

 Published : Jun 05, 2026 03:44 pm IST,  Updated : Jun 05, 2026 03:44 pm IST

केन विलियमसन लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट में डक पर आउट हुए हैं। उन्होंने पिछले 21 टेस्ट पारियों से एक ही शतक लगाया है। वे इस वक्त आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर 5 पर बने हुए हैं। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है।

Kane Williamson- India TV Hindi
केन विलियमसन Image Source : GETTY

केन विलियमसन से इस वक्त रन नहीं बन रहे हैं। वे एक एक रन के लिए जूझ रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हुई न्यूजीलैंड की टेस्ट सीरीज के प​हले टेस्ट की पहली पारी में तो उनका खाता भी नहीं खुल पाया। दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार विलियमसन अब टेस्ट भी बहुत कम खेलते हैं। हालांकि इसके बाद भी वे आईसीसी की टेस्ट रैं​किंग में टॉप 5 में बने हुए हैं। अगर यूं ही सिलसिला चला तो थोड़े दिन बाद वे इससे बाहर भी हो सकते हैं। 

इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन गिरे 16 विकेट

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज शुरू हो गई है। टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड की टीम जब बल्लेबाजी के लिए उतरी तो पहली पारी में केवल 140 रन बनाकर ही आउट हो गई। इससे लगा कि अब न्यूजीलैंड के लिए अब मैच पर पकड़ बनाना आसान होगा। लेकिन जब न्यूजीलैंड की टीम उतरी तो पहले दिन का खेल खत्म होने तक 61 रन पर अपने छह विकेट गवां चुकी थी। पहले दिन कुल मिलाकर 16 विकेट गिरे, इसको लेकर लार्ड्स की पिच पर सवाल भी उठ रहे हैं। 

केन विलियमसन दूसरी ही बॉल पर शून्य पर आउट, रचिन रवींद्र भी डक पर चले गए

न्यूजीलैंड के नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिए उतरे पूर्व कप्तान केन विलियमसन दो बॉल पर अपना खाता भी नहीं खोल पाए और आउट हो गए। युवा बल्लेबाज ​रचिन रवींद्र तो पहली ही बॉल पर डक पर आउट हो गए। ये वही रचिन रवींद्र हैं, जिन्होंने अभी कुछ दिन पहले ही आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट में शतक लगाया था, लेकिन लॉर्ड्स की पिच पर वे एक बॉल पर ही चलते बने। 

केन के बल्ले से 21 पारियों में आया है केवल एक टेस्ट शतक 

केन विलियमसन की बात करें तो एक वक्त ऐसा भी था, जब वे टेस्ट में तहलका मचाए हुए थे और शतक पर शतक ठोक रहे हैं। लेकिन पिछली 21 पारियों में उनके नाम केवल एक ही शतक आया है। केन विलियमसन इससे पहले साल 2024 में भी एक बार शून्य पर आउट हुए थे, उसके बाद अब जाकर उन्हें ये दिन देखना पड़ रहा है। केन ने अपना आखिरी टेस्ट शतक फरवरी 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगाया था, तब से शतक का इंतजार कर रहे हैं। 

दस हजार टेस्ट रन पूरे करने के करीब हैं केन विलियमसन

इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान केन विलियमसन इस वक्त आईसीसी की टेस्ट रैंंकिंग में नंबर 5 पर हैं, लेकिन वे ज्यादा दिन तक यहां रह पाएंगे, इसकी संभावना काफी कम है। केन ने अब तक 109 टेस्ट खेलकर 9497 रन बनाए हैं। वे अपने 10 हजार टेस्ट रन पूरे करने के काफी करीब हैं, लेकिन पिछले कई मैचों से उनके बल्ले से बड़ी पारी नहीं आ रही है। हालांकि अभी कुछ और टेस्ट बाकी हैं, देखना होगा कि क्या इसमें केन इन रनों के सूखे को खत्म करने में कामयाब हो पाते हैं। 

यह भी पढ़ें 

WTC: भारत बनाम अफगानिस्तान मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा क्यों नहीं है, क्या है इसके पीछे की पूरी वजह

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच फिर खेला जाएगा क्रिकेट मुकाबला, कब होगा आमना सामना

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल