जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ी बहुत ही बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। टूर्नामेंट के दूसरे दिन भारतीय एथलीट्स ने दौड़, शूटिंग, टेबल टेनिस, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और बैडमिंटन जैसे खेलों में शानदार खेल दिखाया। इसमें निषाद कुमार ने लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीतकर एक नया इतिहास रच दिया, वहीं दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ (टी20) में अपना खिताब बचाए रखते हुए नया गेम्स रिकॉर्ड भी बना डाला। इन बेहतरीन प्रदर्शनों की बदौलत भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है, जिसमें 9 गोल्ड, 11 सिल्वर और 15 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
दीप्ति जीवनजी ने एक बार फिर गोल्ड मेडल किया अपने नाम
भारत की पैरा एथलीट दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रही है। उन्होंने इस बार 56.36 सेकंड का समय लेकर एक नया गेम्स रिकॉर्ड भी बना दिया है। इससे पहले उन्होंने 2022 के पिछले खेलों में 56.59 सेकंड में यह दौड़ पूरी करके स्वर्ण पदक जीता था और इस बार उन्होंने अपने पुराने प्रदर्शन में 0.23 सेकंड का सुधार किया है। तेलंगाना की रहने वाली 23 साल की दीप्ति इससे पहले साल 2024 की विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड और पेरिस पैरालंपिक में ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुकी हैं। उनकी यह शानदार सफलता भारत के लिए बेहद गर्व की बात रही।
निषाद कुमार ने लगातार दूसरे दिन जीता गोल्ड मेडल
भारत के स्टार हाई जंपर निषाद कुमार ने पुरुषों की टी47 स्पर्धा में 2.04 मीटर की बेहतरीन छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीत लिया है और साथ ही एक नया गेम्स रिकॉर्ड भी बना दिया है। खास बात यह है कि उन्होंने सोमवार को टी47 लॉन्ग जंप में भी गोल्ड मेडल जीता था। इस तरह निषाद एशियन पैरा गेम्स के एक ही संस्करण में दो गोल्ड मेडल जीतने वाले देश के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले पिछले साल हांगझोऊ में हुए खेलों के दौरान एथलीट अंकुर धामा और तीरंदाज शीतल देवी ने यह कमाल किया था।
सिमरन शर्मा ने भी गोल्ड मेडल किया अपने नाम
महिलाओं की 200 मीटर (टी12) दौड़ में भारत को एक साथ दोहरी खुशी मिली है। पैरालंपिक में पदक जीत चुकीं सिमरन शर्मा ने 24.80 सेकंड में यह दौड़ पूरी करके गोल्ड मेडल अपने नाम किया और साथ ही एक नया गेम्स रिकॉर्ड भी बना डाला। इस स्पर्धा में ईरान की हज्जर सफरजादेह 25.02 सेकंड के समय के साथ दूसरे नंबर पर रहीं। वहीं, भारत की ही तेजलबेन डामोर ने अपना अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 25.23 सेकंड में यह दूरी तय की और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। एशियन पैरा गेम्स में पहली बार हिस्सा ले रही तेजलबेन के लिए यह बहुत बड़ी और गौरव की बात है।
पैरा टेबल टेनिस में भी एथलीट्स का प्रदर्शन रहा शानदार
पैरा टेबल टेनिस में हमारे देश के खिलाड़ियों ने बहुत बढ़िया प्रदर्शन करते हुए कई मेडल अपने नाम किए हैं। इसमें बेबी सहाना रवि ने महिलाओं की एकल (क्लास 9) स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर एक नया इतिहास रच दिया है। वह एशियन पैरा गेम्स के स्टैंडिंग वर्ग में मेडल जीतने वाली भारत की सबसे पहली खिलाड़ी बन गई हैं। हालांकि, सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें चीन की मजबूत खिलाड़ी माओ जिंगडियान के हाथों 0-3 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टूर्नामेंट के अंतिम चार तक पहुंचने की वजह से उनका कांस्य पदक पहले ही पक्का हो गया था।
यह भी पढ़ें:
शीतल देवी ने एशियन पैरा गेम्स में की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी, एशियाई रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त
एशियन पैरा गेम्स में मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड मेडल, अवनि लेखरा को सिल्वर से करना पड़ा संतोष