1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियन पैरा गेम्स में मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड मेडल, अवनि लेखरा को सिल्वर से करना पड़ा संतोष

एशियन पैरा गेम्स में मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड मेडल, अवनि लेखरा को सिल्वर से करना पड़ा संतोष

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 19, 2026 01:42 pm IST,  Updated : Oct 19, 2026 01:42 pm IST

भारतीय निशानेबाज मोना अग्रवाल ने हमवतन अवनि लेखरा को पछाड़कर महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल SH1 स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीत लिया।

Mona Agarwal - India TV Hindi
मोना अग्रवाल Image Source : REPORTER INPUT

एशियन पैरा गेम्स में निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन के साथ भारतीय अभियान का आगाज किया। महिला 10 मीटर एयर राइफल SH1 स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि दो बार की पैरालंपिक चैंपियन अवनि लेखरा को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। दोनों भारतीय निशानेबाजों ने पहले और दूसरे स्थान पर कब्जा जमाकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। पेरिस पैरालंपिक 2024 की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मोना ने फाइनल में छठे स्थान से वापसी की और 250.0 पॉइंट हासिल कर एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड बना दिया। वहीं, मौजूदा चैंपियन अवनि 249.6 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों के बीच गोल्ड मेडल का फैसला महज 0.4 पॉइंट से हुआ।

38 साल की मोना दो बच्चों की मां हैं और उनके लिए यह जीत खास रही। मुकाबले का रोमांच आखिरी शॉट तक बना रहा। निर्णायक निशाने से पहले मोना 239.1 पॉइंट के साथ अवनि के 239.2 पॉइंट से 0.1 पॉइंट पीछे थीं। लेकिन दबाव के क्षण में मोना ने 10.8 का शानदार निशाना लगाया, जबकि अवनि 10.5 पॉइंट ही हासिल कर सकीं। इसी के साथ मोना ने गोल्ड पर कब्जा जमा लिया।

क्वालिफिकेशन में भी मोना ने बनाया रिकॉर्ड

फाइनल से पहले मोना ने क्वालिफिकेशन राउंड में भी अपना दम दिखाया था। उन्होंने आठ निशानेबाजों के बीच 629.1 पॉइंट हासिल कर पहला स्थान पाया और एशियन पैरा गेम्स का क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड बनाया। अवनि 626.4 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर रही थीं। हालांकि, फाइनल की शुरुआत में तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आई। 

हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट अवनि ने पहले शॉट पर 10.8 पॉइंट हासिल किए, जबकि मोना को 10.1 पॉइंट मिले। शुरुआती पांच शॉट के बाद अवनि 53.2 पॉइंट के साथ आगे थीं। अगले पांच शॉट के बाद भी उन्होंने अपनी बढ़त कायम रखी और 104.8 पॉइंट तक पहुंच गईं। उस समय मोना 102.9 पॉइंट के साथ छठे स्थान पर थीं। लेकिन एलिमिनेशन राउंड शुरू होते ही मुकाबले का रुख बदलने लगा। अवनि के कुछ निशाने अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे, जबकि मोना ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी स्थिति मजबूत की। धीरे-धीरे वह शीर्ष स्थान के करीब पहुंचीं और आखिर में निर्णायक निशाने के दम पर गोल्ड जीत लिया। साउथ कोरिया की युनरी ली ने 227.9 पॉइंट के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

लॉस एंजिलिस पैरालंपिक के लिए भारत को मिला दूसरा कोटा

मोना की जीत के साथ भारत को 2028 लॉस एंजिलिस पैरालंपिक के लिए महिला 10 मीटर एयर राइफल SH1 स्पर्धा में दूसरा कोटा स्थान भी मिल गया। मोना पिछले महीने साउथ कोरिया के चांगवोन में आयोजित वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर पहले ही एक कोटा हासिल कर चुकी थीं। अवनि के मेडल ने भारत के लिए इस स्पर्धा में दूसरा कोटा सुनिश्चित किया।

यह भी पढ़ें:

शीतल देवी ने एशियन पैरा गेम्स में की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी, एशियाई रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त

हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए अफगान टीम का ऐलान, गुलबदीन नायब बने कप्तान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।