A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया के 2 स्टार खिलाड़ियों को मिला NADA का नोटिस, जानिए क्या है पूरा मामला

टीम इंडिया के 2 स्टार खिलाड़ियों को मिला NADA का नोटिस, जानिए क्या है पूरा मामला

भारतीय क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा को NADA ने नोटिस जारी किया है। दोनों खिलाड़ी NADA के रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल का हिस्सा हैं।

Virat Kohli and Yashashvi Jaiswal- India TV Hindi
Image Source : AFP विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल

भारतीय क्रिकेट में उस समय हलचल मच गई जब युवा स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और महिला टीम की विस्फोटक ओपनर शैफाली वर्मा को नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी यानी NADA की ओर से नोटिस जारी किए जाने की खबर सामने आई। दोनों खिलाड़ियों पर पिछले साल तय डोप टेस्ट के दौरान उपलब्ध नहीं रहने का आरोप है, जिसके कारण उनके खिलाफ पहला वेयरअबाउट्स फेल्योर दर्ज किया गया है।जानकारी के मुताबिक, दोनों खिलाड़ी NADA के रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल यानी RTP का हिस्सा हैं। RTP में शामिल खिलाड़ियों को अपनी लोकेशन की जानकारी एंटी-डोपिंग एजेंसी के साथ साझा करनी होती है और तय समय पर टेस्ट के लिए उपलब्ध रहना पड़ता है। बताया जा रहा है कि यशस्वी और शेफाली ने मिस हुए टेस्ट को लेकर कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया, जिसके बाद उन्हें नोटिस भेजा गया।

NADA ने जारी किया नोटिस

एक सूत्र ने PTI से कहा कि संबंधित खिलाड़ियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और इसकी जानकारी BCCI और ICC को भी दे दी गई है। हालांकि NADA ने प्रक्रिया की गोपनीयता का हवाला देते हुए इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की।

इस मामले पर BCCI के एक सूत्र ने भी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि हां, हमें NADA की ओर से मिस्ड टेस्ट की सूचना मिली है। हम उनसे पूछेंगे कि ऐसा कैसे हुआ और भविष्य में ऐसी चीजें न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाएंगे। क्रिकेट अब ओलंपिक में वापसी कर चुका है और हमें सभी प्रोटोकॉल का पालन करना होगा ताकि सबकुछ सुचारू रूप से चलता रहे। यह बयान 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल किए जाने के संदर्भ में दिया गया।

फिलहाल यशस्वी जायसवाल IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे हैं, जबकि शैफाली वर्मा हाल ही में साउथ अफ्रीका दौरे पर गई भारतीय महिला टीम का हिस्सा थीं। RTP में शामिल खिलाड़ियों को हर दिन एक तय समय सीमा के दौरान टेस्टिंग के लिए उपलब्ध रहना अनिवार्य होता है। अगर कोई खिलाड़ी तीन बार टेस्ट मिस करता है, तो इसे डोपिंग नियमों का उल्लंघन माना जाता है और उस पर निलंबन जैसी कार्रवाई हो सकती है।

RTP में 13 भारतीय क्रिकेटर

फिलहाल NADA के RTP में कुल 348 एथलीट शामिल हैं, जिनमें 13 भारतीय क्रिकेटर भी हैं। हाल ही में अभिषेक शर्मा और अक्षर पटेल को भी इस लिस्ट में शामिल किया गया था। उन्होंने स्मृति मंधाना और श्रेयस अय्यर की जगह ली। इसके अलावा टेस्ट और ODI कप्तान शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा भी आरटीपी का हिस्सा हैं। महिला खिलाड़ियों में दीप्ति शर्मा, शैफाली वर्मा और रेणुका सिंह ठाकुर का नाम शामिल है।

यह भी पढ़ें:

फिन एलन ने लगाई छक्कों की झड़ी, मैकुलम-रसेल के धांसू क्लब में 8 साल बाद किसी खिलाड़ी की एंट्री

केएल राहुल ने IPL में बना दिया अनोखा रिकॉर्ड, टूटना लगभग नामुमकिन; बन गए ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी

Latest Cricket News