A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. यशस्वी जायसवाल को किया गया मुंबई की टीम से बाहर, इस वजह से लिया गया ये बड़ा फैसला

यशस्वी जायसवाल को किया गया मुंबई की टीम से बाहर, इस वजह से लिया गया ये बड़ा फैसला

यशस्वी जायसवाल को दिल्ली के खिलाफ मुंबई के आखिरी रणजी ट्रॉफी लीग मैच के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। MCA के अधिकारी ने बताया कि उन्होंने ये फैसला क्यों लिया है।

Yashasvi Jaiswal- India TV Hindi
Image Source : PTI यशस्वी जायसवाल

Yashasvi Jaiswal: भारत में इन दिनों रणजी ट्रॉफी के लीग स्टेज के मुकाबले खेले जा रहे हैं। यशस्वी जायसवाल को आखिरी रणजी ट्रॉफी लीग मैच के लिए मुंबई की टीम में शामिल नहीं किया गया है। मुंबई को अपना आखिरी लीग मैच दिल्ली के खिलाफ खेलना है। इस बीच मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक अधिकारी ने बताया कि जायसवाल को टीम से क्यों बाहर किया गया है। उन्होंने बताया कि जायसवाल चुन-चुनकर मुकाबले खेल रहे थे और टीम चुनने के लिए होने वाली मीटिंग से पहले अक्सर कोई जवाब नहीं देते थे।

यशस्वी जायसवाल को लेकर MCA के अधिकारी ने दिया बड़ा बयान

न्यूज एजेंसी PTI के हवाले से MCA के अधिकारी ने बताया कि जायसवाल ने कुछ ग्रुप स्टेज के मैचों के लिए अपनी उपलब्धता के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। सेलेक्टर्स ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। MCA अधिकारी ने आगे कहा कि यह सच है कि वह पिछले मैच (हैदराबाद के खिलाफ) के चयन से पहले भी नॉन-रिस्पॉन्सिव थे और ऐसा साफ लगता है कि वह चुन-चुनकर मैच खेल रहे थे। हमने पिछले मैच और आने वाले मैच के लिए टीम चुनने से पहले उनसे संपर्क किया था, लेकिन हमें कोई जवाब नहीं मिला। इसलिए, उन्हें दिल्ली के खिलाफ घरेलू मैच के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया।

शार्दुल ठाकुर भी नहीं खेलेंगे दिल्ली के खिलाफ मैच

यशस्वी जायसवाल के अलावा शार्दुल ठाकुर भी चोट की वजह से मुकाबले से बाहर हैं। उनकी गैरमौजूदगी में सिद्धेश लाड मुंबई की कप्तानी करेंगे। मुंबई और दिल्ली के बीच मैच 29 जनवरी से यहां बीकेसी मैदान में शुरू होगा। मुंबई छह मैचों में चार जीत और दो ड्रॉ के साथ एलीट ग्रुप डी के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। दिल्ली की टीम की बात करें तो वहां ऋषभ पंत चोट की वजह से इस मुकाबले में खेलते हुए नहीं दिखेंगे। अब जायसवाल और शार्दुल 6 से 10 फरवरी तक होने वाले रणजी ट्रॉफी क्वार्टर-फाइनल में मुंबई के लिए वापसी कर सकते हैं।

हैदराबाद के खिलाफ मुंबई ने खेला था आखिरी मैच

रणजी ट्रॉफी के जारी सीजन में मुंबई की टीम ने अपना पिछला मैच हैदराबाद के खिलाफ खेला था। इस मुकाबले को मुंबई ने 9 विकेट से अपने नाम किया था। इस मैच में मुंबई की तरफ से सरफराज खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने 219 बॉल पर 103 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 227 रन बनाए थे।

दिल्ली के खिलाफ मैच के लिए मुंबई का स्क्वॉड

सिद्धेश लाड (कप्तान), मुशीर खान, अखिल हेरवाडकर, सुवेद पारकर, सरफराज खान, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, साईराज पाटिल, शम्स मुलानी, हिमांशु सिंह, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, ओंकार तरमाले और सिल्वेस्टर डिसूजा।

यह भी पढ़ें

संजू सैमसन का ओपनिंग से पत्ता कटना तय, आंकड़े दे रहे गवाही; शर्मनाक लिस्ट का भी बन गए हिस्सा

IND vs NZ: अभिषेक शर्मा की तबाही में उड़ी कीवी टीम, 14 गेंदों में फिफ्टी जड़ बना दिए कई नए रिकॉर्ड

Latest Cricket News