भारतीय क्रिकेट के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान एक नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। जहीर कनाडा सुपर 60 में वैंकूवर एंकर्स के को-ऑनर यानी सह-मालिक बन गए हैं। खास बात यह है कि इस फ्रेंचाइजी के मालिकाना समूह में उनके पूर्व भारतीय साथी युवराज सिंह भी शामिल हैं। दोनों ने 2011 ODI वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
जहीर खान ने नागेंद्र नागा सिद्दौतम और स्टॉकहोम स्थित एंकर स्पोर्ट्स एबी के साथ वैंकूवर एंकर्स के स्वामित्व समूह में जगह बनाई है। फ्रेंचाइजी कनाडा सुपर 60 में पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती है। टीम अपने घरेलू मुकाबले वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम में खेलेगी। नई भूमिका को लेकर जहीर ने कहा कि कनाडा सुपर 60 एक शानदार लीग है और दुनिया के प्रतिष्ठित स्टेडियमों में से एक में इसका आयोजन इसे खास बनाता है। उन्होंने युवराज के लीग के मालिकाना समूह का हिस्सा होने पर भी खुशी जताई।
जहीर ने लीग को बताया फर्स्ट क्लास प्रोडक्ट
जहीर ने कहा कहा कि कनाडा सुपर 60 एक फर्स्ट क्लास प्रोडक्ट है, जिसका आयोजन दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मैदानों में से एक में अपनी अलग पहचान और आकर्षण वाले शहर में किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि युवराज को जानने और इतने सालों तक उनके दोस्त और साथी खिलाड़ी रहने के नाते लीग के मालिकाना हक में उनका शामिल होना उन्हें इसकी दिशा को लेकर काफी भरोसा देता है। क्रिकेट के विकास का अगला चरण वैश्विक होना चाहिए।
जहीर ने एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों और महिला क्रिकेटरों के लिए मौके पैदा करने वाली लीगों को समर्थन देने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व खिलाड़ियों के तौर पर उनकी जिम्मेदारी है कि वे ऐसी विश्वसनीय लीग का समर्थन करें जो क्रिकेटरों को आगे बढ़ने के वास्तविक मौका दे।
युवराज ने जहीर का किया स्वागत
युवराज सिंह ने भी जहीर के फ्रेंचाइजी से जुड़ने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जैक और मैंने अपने करियर के कुछ सबसे बड़े पल साथ साझा किए हैं और इस नए अध्याय के लिए फिर साथ आना खास एहसास है। कनाडा सुपर 60 का दूसरा सीजन 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक वैंकूवर के बीसी प्लेस में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में 6 फ्रेंचाइजी के बीच कुल 24 मुकाबले होंगे और पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें:
बाबर आजम बने पाकिस्तान की सबसे बड़ी टेंशन, 4 साल से नहीं आई टेस्ट सेंचुरी, फिर होंगे बाहर!
IND vs AFG T20I सीरीज से पहले टीम इंडिया के स्क्वाड में बदलाव, कौन हुआ बाहर, किसे मिली एंट्री
Latest Cricket News