बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में मेजबान जिम्बाब्वे की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला तो लिया लेकिन पहले दिन के दूसरे सेशन में उनकी पहली पारी 48.5 ओवर्स में 125 रनों के स्कोर पर सिमट गई। कीवी टीम ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग 11 में तीन बदलाव किए जिसमें 23 साल के तेज गेंदबाज जकारी फाउलकेस को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला और उन्होंने मैदान पर उतरने के साथ सभी को प्रभावित करने में भी कोई कमी नहीं छोड़ी।
फाउलकेस ने पहली पारी में हासिल किए कुल 4 विकेट
जकारी फाउलकेस को टी20 और वनडे फॉर्मेट में पहले ही डेब्यू का मौका मिल चुका है, वहीं टेस्ट उनका पदार्पण जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलवायो के मैदान पर हुआ। जकारी फाउलकेस ने मेजबान टीम की पहली पारी में कुल 16 ओवर्स की गेंदबाजी की जिसमें उन्होंने 38 रन देने के साथ 4 विकेट अपने नाम किए। इसमें जिम्बाब्वे टीम के कप्तान क्रेग इरविन के अलावा सीन विलियम्स, सिकंदर रजा और ट्रेवर ग्वांडु का विकेट शामिल है। जकारी फाउलकेस को अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में एक वनडे मैच के अलावा 13 टी20 मुकाबले भी खेलने का मौका मिला है और उसमें उन्होंने वनडे में भले ही अभी अपने विकटों का खाता नहीं खोला लेकिन टी20 में कुल 15 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
मैट हेनरी ने फिर खोला पंजा
न्यूजीलैंड टीम की तरफ से दूसरे टेस्ट मैच में जिम्बाब्वे टीम की पहली पारी को समेटने में जकारी फाउलकेस के अलावा मैट हेनरी ने भी गेंद से अहम भूमिका निभाई। हेनरी जिनका पहले टेस्ट में भी गेंद से कमाल देखने को मिला था वह दूसरे टेस्ट में भी पहली पारी में पंजा खोलने में कामयाब रहे और 15 ओवर्स की गेंदबाजी में 40 रन देने के साथ कुल 5 विकेट अपने नाम किए, इसके अलावा मैथ्यू फिशर ने भी एक विकेट हासिल किया। जिम्बाब्वे की पहली पारी में कुल 7 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी पार करने में कामयाब नहीं हो सके।
ये भी पढ़ें
विराट कोहली और रोहित को वापसी के लिए करना होगा इंतजार, इस सीरीज में दिखेगी बल्लेबाजी
IND vs ENG सीरीज के बाद ये खिलाड़ी करेगा आराम, इस टूर्नामेंट से नाम लिया वापस
Latest Cricket News