1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ 16 में पक्की की जगह, इजिप्ट की टीम से होगा अब मुकाबला

अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ 16 में पक्की की जगह, इजिप्ट की टीम से होगा अब मुकाबला

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में गतविजेता अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ 32 में केप वर्डे के खिलाफ खेले गए मुकाबले को 3-2 से अपने नाम करने में कामयाब रहे हैं और प्री-क्वार्टर फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है।

Argentina Football Team- India TV Hindi
Image Source : AP अर्जेंटीना फुटबॉल टीम।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना के लिए राउंड ऑफ 32 में केप वर्डे के खिलाफ मुकाबला बिल्कुल भी आसान नहीं रहा जिसमें वह अंतिम समय पर इसे 3-2 से जीतने में कामयाब हो सके और प्री-क्वार्टर फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया। केप वर्डे जो फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार हिस्सा ले रही है उसने अपने खेल से सभी का दिल जीता जिसमें अर्जेंटीना को जीत हासिल करने के लिए काफी संघर्ष भी करना पड़ा। इस मैच में केप वर्डे के लिए डिने बोर्गस का आत्मघाती गोल भारी पड़ गया जिसके चलते उनका सफर विश्व कप में राउंड ऑफ 32 में ही खत्म हो गया। अब अर्जेंटीना का राउंड 16 में सामना इजिप्ट की टीम से होगा।

मेसी ने दिलाई अर्जेंटीना को बढ़त, केप वर्डे ने भी दी बराबरी की टक्कर

अर्जेंटीना और केप वर्डे के बीच में राउंड ऑफ 32 का मुकाबला मियामी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में अर्जेंटीना टीम के कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी लियोनल मेसी ने पहले राउंड के 29वें मिनट में गोल करने के साथ अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद दूसरे हाफ की शुरुआत होने के साथ केप वर्डे की तरफ से काफी आक्रामक खेल देखने को मिला जिसमें उन्होंने 59वें मिनट के खेल में मुकाबले में अपना पहला गोल करने के साथ 1-1 से बराबरी कर ली। केप वर्डे के लिए ये गोल डेरोय डुआर्टे ने किया। अब दूसरे हाफ का खेल खत्म होने पर मुकाबला 1-1 से बराबरी पर था।

अतिरिक्त समय में दिखा मुकाबले का असली रोमांच

दोनों हाफ के खत्म होने के बाद अतिरिक्त समय लिए जाते ही 92वें मिनट में अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी मार्टिनेज ने गोल करने के साथ अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया और यहां से सभी को लगा कि अब मुकाबला लगभग खत्म है। केप वर्डे ने एकबार फिर से सभी को गलत साबित करने के साथ उनकी तरफ से 103वें मिनट में उनकी तरफ से काब्रेल ने गोल करते हुए स्कोर लाइन 2-2 से बराबर कर दी। अब इसके बाद फिर से रेफरी ने अतिरिक्त 15 मिनट लेने का फैसला लेते हुए खेल को जारी रखा। इसी दौरान 111वें मिनट में मेसी के कॉर्नर प्रयास को गोल पोस्ट में जाने से रोकने के लिए केप वर्डे के खिलाड़ी डिने बोर्गस ने आत्मघाती गोल करते हुए अपनी ही टीम का नुकसान कर दिया। इसके बाद केप वर्डे ने गोल करने का काफी प्रयास किया लेकिन उनको मैच में 3-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। अब अर्जेंटीना की टीम राउंड 16 में 7 जुलाई को भारतीय समयानुसार रात 9:30 पर इजिप्ट की टीम के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।

ये भी पढ़ें

रोनाल्डो ने पहली बार वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबले में किया गोल, क्रोएशिया के खिलाफ मैच में हासिल की खास उपलब्धि

पुर्तगाल ने राउंड ऑफ 16 में पक्की की जगह, स्पेन ने भी ऑस्ट्रिया के खिलाफ दर्ज की एकतरफा 3-0 से जीत