1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. पुर्तगाल ने राउंड ऑफ 16 में पक्की की जगह, स्पेन ने भी ऑस्ट्रिया के खिलाफ दर्ज की एकतरफा 3-0 से जीत

पुर्तगाल ने राउंड ऑफ 16 में पक्की की जगह, स्पेन ने भी ऑस्ट्रिया के खिलाफ दर्ज की एकतरफा 3-0 से जीत

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Jul 03, 2026 07:33 am IST,  Updated : Jul 03, 2026 07:33 am IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में पुर्तगाल ने क्रोएशिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 2-1 की रोमांचक जीत दर्ज करने के साथ राउंड 16 में अपनी जगह बना ली है। वहीं स्पेन ने भी ऑस्ट्रिया के खिलाफ हुए मैच को 3-0 को अंतर से जीत लिया।

Cristiano Ronaldo- India TV Hindi
क्रिस्टियानो रोनाल्डो Image Source : AP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में राउंड ऑफ 32 में टोरंटो के स्टेडियम में खेला गया पुर्तगाल और क्रोएशिया के बीच मुकाबले का अंत काफी रोमांचक देखने को मिला इस मैच को पुर्तगाल की टीम 2-1 से अपने नाम करने के साथ राउंड 16 में अपनी जगह पक्की करने में कामयाब हो गई है। इस मुकाबले में दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी रोनाल्डो का कमाल भी देखने को मिला जिन्होंने पेनल्टी मिलने पर अहम समय पर गोल किया। वहीं स्पेन की टीम ने राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रिया के खिलाफ मैच में एकतरफा 3-0 से जीत दर्ज की जिसमें अब राउंड 16 में पुर्तगाल और स्पेन की टीम के बीच में 7 जुलाई को मुकाबला खेला जाएगा।

पुर्तगाल ने आखिरी समय पर मुकाबले में पक्की की अपनी जीत

क्रोएशिया के खिलाफ राउंड ऑफ 32 का मैच पुर्तगाल की टीम के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था, जिसमें पहले हाफ में दोनों टीमें एक भी गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी। इसके बाद दूसरे हाफ की शुरुआत होने के साथ खेल के 53वें मिनट में क्रोएशिया के पेरिसिच ने गोल करते हुए अपनी टीम को मुकाबले में 1-0 से आगे कर दिया। इस गोल के बाद पुर्तगाल ने भी जबरदस्त वापसी करने के साथ 64वें मिनट में मिली पेनल्टी में रोनाल्डो ने गोल दाग पुर्तगाल को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। इसके बाद खेल के 81वें मिनट में रोनाल्डो को सब्सटिट्यूट किया गया और उनकी जगह रुबेन नेवेस मैदान पर आए। 90 मिनट का खेल पूरा होने के बाद 10 मिनट के इंजरी टाइम में असली रोमांच देखने को मिला जो 18 मिनट तक चला। इंजरी टाइम में 90+4वें मिनट में राफेल लियाओ के क्रॉस पर रामोस ने हेडर से गोल दाग पुर्तगाल को 2-1 से आगे कर दिया।

क्रोएशिया ने भी किया गोल लेकिन ऑफ साइड करार दिया गया

पुर्तगाल के 2-1 से आगे निकलने के बाद क्रोएशिया की तरफ से भी काफी आक्रामक खेल देखने को मिला जिसमें उन्होंने 90+15वें मिनट में गोल करने के साथ उसका जश्न मनाने लगे, लेकिन असली ड्रामा यहीं से शुरू हुआ। पुर्तगाल ने ऑफ साइड को लेकर अपील की जिसकी रेफरी ने जांच की और VAR में पाया गया कि क्रोएशिया खिलाड़ी ने जब पास दिया तब उनका दूसरा खिलाड़ी ऑफ साइड था और ऐसे में उनके इस गोल को रद्द कर दिया गया। इसके तीन मिनट के बाद तक खेल जारी रहा और फिर रेफरी की सीटी बजते ही पुर्तगाल 2-1 से जीतने में कामयाब रहा।

स्पेन ने दर्ज की आसान 3-0 से जीत

राउंड ऑफ 32 में स्पेन की टीम का सामना ऑस्ट्रिया से हुआ जिसको उन्होंने 3-0 के अंतर से जीतने के साथ अगले राउंड का टिकट हासिल कर लिया। स्पेन के लिए इस मैच में ओयरजाबल ने कमाल दिखाया जिसमें उन्होंने खेल के 36वें और 89वें मिनट में गोल किया। वहीं इसके अलावा एक गोल पेड्रो पोरो खेल के 66वें मिनट में करने में कामयाब हो सके। अब राउंड ऑफ 16 में स्पेन का सामना 7 जुलाई की देर रात भारतीय समयानुसार 12:30 पर पुर्तगाल की टीम से होगा।

ये भी पढ़ें

यूएसए ने बोस्निया एंड हर्जेगोविना को दी मात, बेल्जियम ने भी सेनेगल को 3-2 से हराते हुए राउंड 16 में पक्की की जगह

हैरी केन की बदौलत इंग्लैंड ने दर्ज की धमाकेदार जीत, कांगो को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में बनाई जगह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल