अमन सहरावत ने पुरुषों की 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने फाइनल में नॉर्थ कोरिया के हान चोंग सोंग को हराया है। यह मुकाबला बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव से भरा रहा, जिसमें अमन ने अपनी समझदारी, बेहतरीन खेल और शानदार वापसी के दम पर जीत हासिल की। सुजीत कलकल की सफलता के बाद, इस प्रतियोगिता में भारत के लिए कुश्ती का यह दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले कल सुजीत कलकल ने फ्री स्टाइल बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीता था।
मैच के शुरुआत में अमन ने हासिल की बढ़त
मैच की शुरुआत से ही अमन बेहद सतर्क और लय में दिखाई दे रहे थे। पहले राउंड में विपक्षी पहलवान 'हान' ने लगातार उन पर हमले करने की कोशिश की, लेकिन अमन ने बहुत ही समझदारी से अपना बचाव किया। बचाव के साथ-साथ सही मौकों पर हमला करते हुए अमन ने देखते ही देखते 6-1 की एक मजबूत बढ़त हासिल कर ली। उस समय ऐसा लग रहा था कि अमन यह मुकाबला आसानी से जीत लेंगे।
नॉर्थ कोरिया के खिलाड़ी की शानदार वापसी
हालांकि खेल में असली रोमांच तब आया जब दूसरे हाफ के एक मिनट में हान ने जबरदस्त वापसी की। हान के अचानक किए गए तीखे हमलों से अमन थोड़े दबाव में आ गए। विरोधी पहलवान ने एक के बाद एक दांव लगाकर लगातार छह पॉइंट हासिल कर लिए, जिससे अमन 6-1 की बढ़त गंवाकर 6-7 से पीछे हो गए। इस मोड़ पर मैच भारत के हाथ से निकलता हुआ दिखाई दे रहा था। ऐसा लग रहा था कि अमन के हाथ से गोल्ड मेडल निकल जाएगा।
अमन सहरावत ने अंत में की शानदार वापसी
अमन सहरावत ने हिम्मत नहीं हारी और सही समय पर अपना बेस्ट दांव खेला। दबाव के बावजूद उन्होंने खुद को शांत रखा और एक बेहतरीन मूव (दांव) लगाते हुए एक साथ 4 पॉइंट हासिल कर लिए। इस शानदार दांव ने मैच का पासा पूरी तरह से पलट दिया और अमन को फिर से बढ़त दिला दी।
इसके बाद उत्तर कोरिया के कोच ने फैसले को चुनौती दी, जिसे चेक करने के बाद खारिज कर दिया गया। नियम के अनुसार चुनौती विफल होने के कारण अमन को 1 पॉइंट और मिल गया। इस तरह अमन ने अपनी बढ़त को मजबूत करते हुए अंत में शानदार जीत दर्ज की और भारत के नाम गोल्ड मेडल कर दिया। भारत इस एशियन गेम्स में अब तक 20 गोल्ड मेडल जीत चुका है।
यह भी पढ़ें
भारतीय महिला हॉकी टीम का ऐतिहासिक कारनामा, चीन को हराकर 44 साल बाद जीता गोल्ड मेडल
कुमकुम मोहोद ने 17 साल की उम्र में रचा इतिहास, रिकर्व महिला व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड जीतने वाली बनी पहली खिलाड़ी