1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियन पैरा गेम्स के तीसरे दिन भारत का डबल धमाका, आयुष ने जीता गोल्ड, प्रवीण ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ मारी बाजी

एशियन पैरा गेम्स के तीसरे दिन भारत का डबल धमाका, आयुष ने जीता गोल्ड, प्रवीण ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ मारी बाजी

एशियन पैरा गेम्स 2026 में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 स्पर्धा में 8.16 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करके गोल्ड मेडल जीता। आयुष का इस प्रतियोगिता में यह दूसरा मेडल है। इससे पहले उन्होंने जैवलिन थ्रो F53/54 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

Asian Para Games 2026- India TV Hindi
Image Source : SAI/MYAS एशियन पैरा गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मैदान पर तिरंगे का मान बढ़ाते हुए आयुष वर्मा और प्रवीण कुमार ने 21 अक्टूबर को देश के लिए बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। आयुष ने मेन्स शॉट पुट F53 इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 10 पहुंचा दी। वहीं, प्रवीण कुमार ने मेन्स हाई जंप T44/64 स्पर्धा में गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस स्पर्धा में बंटी ने भी सिल्वर मेडल जीतकर भारत को दोहरी सफलता दिलाई। इस तरह भारत के खाते में 11 गोल्ड मेडल हो गए हैं।

आयुष वर्मा ने 5वें प्रयास में हासिल किया गोल्ड

आयुष वर्मा ने मेन्स शॉट पुट F53 इवेंट में 8.16 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करके गोल्ड मेडल जीता। उनका सबसे शानदार प्रदर्शन पांचवें प्रयास में आया, जिसने उन्हें पोडियम पर शीर्ष स्थान दिलाया। आयुष ने अपने पहले प्रयास में 7.39 मीटर का थ्रो किया। इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 7.42 मीटर और तीसरे प्रयास में 7.50 मीटर की दूरी हासिल की। चौथे प्रयास में उनका थ्रो 7.92 मीटर तक पहुंचा, जबकि पांचवें प्रयास में उन्होंने 8.16 मीटर की दूरी तय कर ली। उनका आखिरी थ्रो 7.54 मीटर का रहा, लेकिन पांचवें प्रयास का प्रदर्शन गोल्ड जीतने के लिए काफी था।

ईरान के अलीरेजा हेमामी ने 8.09 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि कजाकिस्तान के मखाम्बेट सेरिक्कलियेव 6.81 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। आयुष का इस एशियन पैरा गेम्स में यह दूसरा मेडल है। इससे पहले उन्होंने 20 अक्टूबर को मेन्स जैवलिन थ्रो F53/54 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

2020 में शुरू किया था प्रतिस्पर्धी पैरा एथलेटिक्स

15 जुलाई 1991 को जन्मे आयुष वर्मा ने साल 2020 में प्रतिस्पर्धी पैरा एथलेटिक्स में कदम रखा था। कोच रॉबिन कुमार के मार्गदर्शन में उन्होंने शॉट पुट की F53 कैटेगरी में अपनी प्रतिभा को निखारा। अब इंटरनेशनल लेवल पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के जरिए वह भारतीय पैरा एथलेटिक्स के लिए अहम उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। इससे पहले मेन्स जैवलिन थ्रो F53/54 स्पर्धा में प्रदीप कुमार ने लगातार दूसरी बार सिल्वर मेडल जीता था। प्रदीप ने 27.45 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया, जबकि आयुष ने 17.88 मीटर के थ्रो के बावजूद रजा पॉइंट्स के आधार पर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था।

प्रवीण कुमार ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड

भारत के प्रवीण कुमार ने मेन्स हाई जंप T44/64 स्पर्धा में 2.05 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता। उनका प्रदर्शन गेम्स रिकॉर्ड भी रहा। इसी स्पर्धा में बंटी ने 1.92 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उज्बेकिस्तान के तेमुर्बेक गियाजोव 1.86 मीटर की छलांग के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस तरह भारतीय खिलाड़ियों ने स्पर्धा में पहले और दूसरे स्थान पर कब्जा जमाकर देश का गौरव बढ़ाया।

यह भी पढ़ें:

शीतल देवी ने एशियन पैरा गेम्स में की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी, एशियाई रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त

एशियन पैरा गेम्स में मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड मेडल, अवनि लेखरा को सिल्वर से करना पड़ा संतोष