1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. स्पेन को हराकर Billie Jean King Cup के फाइनल में पहुंची चेकिया की टीम, VETO OTT पर दिखा जबरदस्त एक्शन

स्पेन को हराकर Billie Jean King Cup के फाइनल में पहुंची चेकिया की टीम, VETO OTT पर दिखा जबरदस्त एक्शन

महिला टेनिस के प्रतिष्ठित बिली जीन किंग कप में आज स्पेन और चेकिया की टीम के बीच में पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। चेकिया ने स्पेन को हराकर फाइनल में जगह पक्की की।

Linda Noskova- India TV Hindi
Image Source : AP लिंडा नोस्कोवा

बिली जीन किंग कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में चेकिया (चेक गणराज्य) और स्पेन के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। चेकिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शुरुआती दोनों सिंगल्स मैच जीतकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। पहले दो सिंगल्स मैच जीतकर चेकिया की टीम ने स्पेन के खिलाफ 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की और फाइनल में जगह बनाई। टेनिस फैंस ने VETO OTT पर इस मुकाबले का जमकर लुत्फ उठाया।

पहला मुकाबला: मारी बौजकोवा बनाम जेसिका बाउजस मनेइरो

सेमीफाइनल का पहला सिंगल्स मैच चेकिया की मारी बौजकोवा (Marie Bouzkova) और स्पेन की जेसिका बाउजस मनेइरो (Jessica Bouzas Maneiro) के बीच खेला गया। इस मैच में मारी बौजकोवा ने अपनी बेहतरीन सर्विस और बेसलाइन खेल के दम पर स्पेन की जेसिका को 6-4, 7-5 से मात दी।

लिंडा नोस्कोवा बनाम क्रिस्टिना बुक्सा के बीच हुआ दूसरा मैच

दूसरे सिंगल्स मैच में चेकिया की स्टार खिलाड़ी लिंडा नोस्कोवा (Linda Noskova) का सामना स्पेन की क्रिस्टिना बुक्सा (Cristina Bucsa) से हुआ। लिंडा नोस्कोवा ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और कोर्ट पर अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने पहले सेट में बुक्सा को कोई मौका नहीं दिया और आसानी से सेट जीत लिया। दूसरे सेट में क्रिस्टिना बुक्सा ने थोड़ा संघर्ष दिखाया, लेकिन नोस्कोवा ने अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए सीधे सेटों में यह मैच जीतकर अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। लिंडा नोस्कोवा ने ये सेट 6-2, 7-6 से अपने नाम किया।

स्पेन का खिताब जीतने का सपना टूटा

लगातार दोनों सिंगल्स मैच जीतने के साथ ही चेकिया की टीम ने स्पेन पर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत चेकिया ने फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। वहीं, 18 साल बाद सेमीफाइनल में पहुंची स्पेन की टीम को हार का सामना करना पड़ा। चेकिया अब अपने 12वें बिली जीन किंग कप खिताब जीतने से महज एक कदम दूर है।

यह भी पढ़ें:

ग्रेट ब्रिटेन को हराकर चेक रिपब्लिक बिली जीन किंग कप के सेमीफाइनल में पहुंचा, VETO OTT पर दिखा जबरदस्त एक्शन

चीन को हराकर इटली बिली जीन किंग कप के सेमीफाइनल में पहुंचा, VETO OTT पर दिखा जबरदस्त एक्शन