1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup 2026: 20 जून को खेले जाएंगे 5 मुकाबले, USA, मोरोक्को और ब्राजील की टीमें होंगी मैदान पर

FIFA World Cup 2026: 20 जून को खेले जाएंगे 5 मुकाबले, USA, मोरोक्को और ब्राजील की टीमें होंगी मैदान पर

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 20 जून का दिन बेहद खास होने वाला है। इस दिन कुल 5 मैच खेले जाने वाले हैं। इस दिन बड़ी टीमों के साथ-साथ उलटफेर करने का दम रखने वाली टीमें भी मैदान पर उतरेंगी।

फीफा वर्ल्ड कप- India TV Hindi
Image Source : AP FIFA World Cup 2026

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का पहला हफ्ता काफी रोमांचक रहा। शुरुआती 7 दिनों में फुटबॉल प्रेमियों को मैदान पर काफी रोमांच देखने को मिला, जहां लियोनेल मेसी ने शानदार हैट्रिक लगाई, तो वहीं हालैंड ने भी बेहतरीन खेल दिखाया। अब 20 जून का दिन भी काफी खास होने वाला है क्योंकि इस दिन कुल 5 मैच खेले जाएंगे। इन मैचों में बड़ी टीमों के साथ-साथ कुछ ऐसी टीमें भी मैदान में उतरेंगी जो बड़ा उलटफेर कर सकती हैं। दिन का पहला मैच अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा। इसके अलावा ब्राजील, नीदरलैंड्स और तुर्किये जैसी मजबूत टीमें भी अपने-अपने मैच खेलने उतरेंगी। आइए हम आपको बताते हैं कि 20 जून को कौन से पांच मैच खेले जाएंगे।

अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा दिन का पहला मैच

ग्रुप D में सबसे पहले अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की टीम आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला भारतीय समय के अनुसार से रात 12:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमें बहुत तेज और आक्रामक खेल खेलती हैं, इसलिए दर्शकों को एक कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। अमेरिका को इस टूर्नामेंट को जीतने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। उन्होंने अपने पहले मैच में पराग्वे को 4-1 से हराया था। वहीं दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलिया ने भी अपने पहले मैच में तुर्किए को 2-0 से मात दी थी।

ग्रुप-सी में खेले जाएंगे दो मुकाबले

इसके बाद ग्रुप C में स्कॉटलैंड और मोरक्को के बीच मैच खेला जाएगा। यह मैच भारत के समय के मुताबिक अगले दिन (21 जून) सुबह 3:30 बजे शुरू होगा। आगे बढ़ने के लिए दोनों ही टीमों को इस मैच को जीतकर पॉइं हासिल करना बेहद जरूरी है। इससे पहले हुए मुकाबले में स्कॉटलैंड ने हैती को 1-0 से हराकर जीत दर्ज की थी। सुबह 6:00 बजे ग्रुप C का दूसरा मैच ब्राजील और हैती के बीच खेला जाएगा। इस मैच में 5 बार की चैंपियन ब्राजील की टीम को बहुत मजबूत माना जा रहा है। ब्राजील की टीम अपने बड़े अनुभव की वजह से इस मैच को जीतकर पॉइंट्स टेबल में आगे बढ़ने की कोशिश करेगी। दूसरी तरफ हैती की टीम अपना पहला मैच हार चुकी है, इसलिए वह इस मैच में जोरदार वापसी करने के लिए पूरा जोर लगाएगी।

तुर्किये और पराग्वे के बीच खेला जाएगा ग्रुप D का मैच 

ग्रुप D में दिन का चौथा मुकाबला तुर्किये और पराग्वे के बीच खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार अगले दिन 8:30 बजे शुरू होगा। पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद जाहिर तौर पर तुर्किये की टीम का हौसला थोड़ा कम हुआ होगा, इसलिए इस मैच में उन्हें उस हार को भुलाकर नए सिरे से अच्छी वापसी करनी होगी।

ग्रुप F में नीदरलैंड्स और स्वीडन के बीच खेला जाएगा मैच

दिन का आखिरी और सबसे बड़ा मुकाबला ग्रुप F की दो मजबूत टीमों, नीदरलैंड्स और स्वीडन के बीच होगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार रात 10:30 बजे से खेला जाएगा। यूरोप की इन दोनों दिग्गज टीमों के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। नीदरलैंड्स की टीम अपना पिछला मैच जापान के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलकर आ रही है, जबकि स्वीडन की टीम पिछले मैच में ट्यूनिशिया को 5-1 से करारी शिकस्त दी थी।

यह भी पढ़ें

ODI World Cup 2027: रोहित-विराट खेलेंगे अगला वर्ल्ड कप, प्लेयर्स के फ्यूचर पर BCCI सचिव का बड़ा बयान

टेस्ट, वनडे या टी20; किस फॉर्मेट में हर्षित राणा ने अब तक किया है बेस्ट प्रदर्शन? 6 महीने पहले खेला था आखिरी मैच