1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup 2026, Day 4: सुपर संडे को जर्मनी की कुराकाओ से टक्कर, जापान के सामने नीदरलैंड, देखें फुल शेड्यूल

FIFA World Cup 2026, Day 4: सुपर संडे को जर्मनी की कुराकाओ से टक्कर, जापान के सामने नीदरलैंड, देखें फुल शेड्यूल

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 4 बार की चैंपियन जर्मनी की टीम 14 जून को अपने अभियान का आगाज करेगी। वहीं, जापान और नीदरलैंड अपने पहले मुकाबले में आमने-सामने होंगे।

FIFA World Cup 2026- India TV Hindi
Image Source : AFP जर्मनी और जापान

FIFA World Cup 2026, Day 4 Schedule: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच हर दिन के साथ बढ़ता ही जा रहा है। टूर्नामेंट के चौथे दिन फुटबॉल फैंस को कई बड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे, जहां एक तरफ चार बार की चैंपियन जर्मनी मैदान में उतरेगी, वहीं दूसरी ओर नीदरलैंड और जापान के बीच हाई-वोल्टेज भिड़ंत होगी। इसके अलावा आइवरी कोस्ट बनाम इक्वाडोर और स्वीडन बनाम ट्यूनीशिया मुकाबले भी फैंस की धड़कनें बढ़ाने वाले हैं।

जर्मनी करेगी अभियान का आगाज

दिन का पहला बड़ा मुकाबला जर्मनी और कुराकाओ के बीच खेला जाएगा। जर्मनी इस टूर्नामेंट में पिछली दो वर्ल्ड कप में मिली निराशा को भुलाकर दमदार वापसी करने को उत्सुक है। 2014 में चैंपियन बनने के बाद टीम लगातार दो वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी। ऐसे में इस बार जर्मन टीम पर शानदार शुरुआत का दबाव रहेगा। वहीं, कुराकाओ पहली बार फीफा वर्ल्ड कप में खेल रहा है। करीब 1.56 लाख आबादी वाला यह छोटा देश पहली बार फुटबॉल वर्ल्ड कप खेल रहा है।

जापान की नीदरलैंड से टक्कर

इसके बाद दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला नीदरलैंड और जापान के बीच होगा। तीन बार वर्ल्ड कप फाइनल खेल चुकी डच टीम एक बार फिर खिताब की तलाश में उतरेगी। नीदरलैंड की टीम 1974 से अब तक खेले लगभग हर वर्ल्ड कप में नॉकआउट स्टेज तक पहुंची है। दूसरी ओर, जापान एशिया की सबसे मजबूत टीमों में से है। जापान की टीम लगातार आठवें वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही है। 1998 में पहली बार वर्ल्ड कप खेलने के बाद से जापान ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। ऐसे में यह मुकाबला काफी कांटे का रहने की उम्मीद है।

आइवरी कोस्ट और इक्वाडोर होंगे आमने-सामने

ग्रुप-ई के एक अन्य मुकाबले में आइवरी कोस्ट का सामना इक्वाडोर से होगा। इक्वाडोर लगातार दूसरे और कुल पांचवें वर्ल्ड कप में खेल रहा है। साउथ अमेरिकी क्वालिफायर में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना के बाद दूसरा स्थान हासिल किया था। वहीं, आइवरी कोस्ट 12 साल बाद वर्ल्ड कप में वापसी कर रहा है। अफ्रीकी टीम ने क्वालिफिकेशन में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे टिकट हासिल किया। 2014 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही आइवरी कोस्ट की टीम इस बार बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी।

दिन के आखिरी मुकाबले में स्वीडन और ट्यूनीशिया की टीमें आमने-सामने होंगी। ट्यूनीशिया सातवीं बार वर्ल्ड कप में खेल रहा है और लगातार तीसरी बार टूर्नामेंट का हिस्सा बना है। हालांकि टीम आज तक ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी है। दूसरी तरफ स्वीडन अपना 13वां फीफा वर्ल्ड कप खेल रहा है। टीम 1994 में अमेरिका में हुए वर्ल्ड कप में तीसरे स्थान पर रही थी और इस बार भी वैसा ही प्रदर्शन दोहराने की उम्मीद करेगी।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में चौथे दिन का शेड्यूल

  • जर्मनी vs कुराकाओ -  रात 10:30 बजे (14 जून, IST)
  • नीदरलैंड vs जापान - रात 1:30 बजे (15 जून, IST)
  • आइवरी कोस्ट vs इक्वाडोर - सुबह 4:30 बजे (15 जून, IST)
  • स्वीडन vs ट्यूनीशिया - सुबह 7:30 बजे (15 जून, IST)

यह भी पढ़ें:

IND vs PAK Head to Head: भारत के सामने कमजोर पाकिस्तान, हेड टू हेड रिकॉर्ड में जमीन-आसमान का अंतर

FIFA World Cup 2026: स्कॉटलैंड ने खत्म किया 36 साल का लंबा इंतजार, 31 साल के जॉन मैकगिन ने रचा इतिहास