फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड ने आखिरकार 36 साल का लंबा इंतजार खत्म कर दिया। बोस्टन के गिलेट स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-सी मुकाबले में स्कॉटलैंड ने हैती को 1-0 से हराकर वर्ल्ड कप में अपनी ऐतिहासिक जीत दर्ज की। टीम के लिए जॉन मैकगिन ने पहला हाफ खत्म होने से पहले गोल दागा, जो आखिर तक निर्णायक साबित हुआ। स्कॉटलैंड की यह 1990 के बाद पहली वर्ल्ड कप जीत है। इससे पहले टीम ने स्वीडन को 2-1 से हराया था। खास बात यह भी रही कि स्कॉटलैंड 1998 के बाद पहली बार मेन्स फुटबॉल वर्ल्ड कप में खेल रहा है और इतने साल बाद वापसी के साथ ही उसने यादगार जीत हासिल कर ली।
स्कॉटलैंड ने पहले ही हॉफ में दिखाया दम
इस मैच की शुरुआत तेज रफ्तार फुटबॉल के साथ हुई। दोनों टीमों ने शुरुआती मिनटों में लगातार अटैक किए, लेकिन धीरे-धीरे स्कॉटलैंड ने मैच पर पकड़ बनानी शुरू कर दी। कप्तान स्कॉट मैकटॉमिने ने सातवें मिनट में हेडर लगाया जो क्रॉसबार के ऊपर चला गया। कुछ देर बाद उनका एक और शॉट पोस्ट से टकराकर बाहर निकल गया। हालांकि, हैती ने भी स्कॉटलैंड को आसानी से खेलने का मौका नहीं दिया और लगातार दबाव बनाए रखा।
इस बीच, 29वें मिनट में स्कॉटलैंड को वह मौका मिल गया जिसका टीम इंतजार कर रही थी। चे एडम्स ने लंबी गेंद को शानदार तरीके से कंट्रोल किया और बेन गैनन-डोक को पास दिया। उनके क्रॉस को हैती के डिफेंडर ने रोक दिया, लेकिन बॉक्स के बाहर खड़े जॉन मैकगिन ने रिबाउंड पर जोरदार शॉट लगा दिया। गेंद डिफेंडर से हल्का डिफ्लेक्ट होकर गोलकीपर जॉनी प्लासिड को छकाते हुए नेट में चली गई। इस तरह 31 साल और 238 दिन की उम्र में जॉन मैकगिन FIFA वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड के लिए गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 1982 में न्यूजीलैंड के खिलाफ गोल करने वाले केनी डैलग्लिश का रिकॉर्ड तोड़ा। कैनी ने 31 साल और 103 दिन दिन की उम्र में गोल दागा था।
हैती गोल पोस्ट भेदने में रही नाकाम
गोल खाने के बाद हैती ने वापसी की पूरी कोशिश की। हाइड्रेशन ब्रेक के बाद टीम को कुछ अच्छे मौके भी मिले। रूबेन प्रोविडेंस ने शानदार रन बनाते हुए लो शॉट लगाया, जिसे स्कॉटलैंड के गोलकीपर एंगस गन पूरी तरह पकड़ नहीं सके। इसके बाद बॉक्स में कुछ पल के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन स्कॉटिश डिफेंस ने किसी तरह खतरा टाल दिया।
दूसरे हाफ में भी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। स्कॉटलैंड के पास बढ़त दोगुनी करने का मौका था, लेकिन जॉन मैकगिन दबाव में दूसरा गोल नहीं कर सके। वहीं, हैती ने आखिरी मिनटों तक बराबरी के लिए पूरी ताकत लगा दी, लेकिन स्कॉटलैंड के गोल पोस्ट को नहीं भेद सकी। स्कॉटलैंड पहली जीत के बाद ग्रुप-सी में शीर्ष पर पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें:
IND vs PAK Weather Report: भारत की आज पाकिस्तान से भिड़ंत, जानिए कैसा रहेगा बर्मिंघम का मौसम?