1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. साउथ अफ्रीका से हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम में खलबली, तीसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में हो सकते हैं दो बदलाव

साउथ अफ्रीका से हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम में खलबली, तीसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में हो सकते हैं दो बदलाव

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Oct 26, 2026 02:42 pm IST,  Updated : Oct 26, 2026 02:42 pm IST

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला 27 अक्टूबर से खेला जाएगा। इसमें कंगारू टीम की प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव नजर आ सकते हैं। सीरीज अभी बराबरी पर चल रही है।

nic maddinson- India TV Hindi
निक मैडिसन Image Source : AP

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का साउथ अफ्रीका दौरा जारी है। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के दो मैच हो चुके हैं और तीसरा मैच अभी बाकी है। दोनों टीमों ने एक एक मैच जीता है, इसलिए सीरीज अभी बराबरी पर है, तीसरे टेस्ट से ही तय होगा कि सीरीज पर किसका कब्जा होगा। तीसरा और आखिरी मैच 27 अक्टूबर से शुरू होगा, इससे पहले ही टीम की प्लेइंग इलेवन में बदलाव की बात सामने आने लगी है। हो सकता है कि टीम दो बदलावों के साथ मैदान में उतरे। 

निक मैडिसन टीम से बाहर, स्टीव स्मिथ की गर्दन में है दिक्कत

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला 27 अक्टूबर से केपटाउन में शुरू होगा। इस बीच खबर है कि सलामी बल्लेबाज निक मैडिसन टीम से बाहर हो गए हैं। वहीं पता चला है कि स्टीव स्मिथ की गर्दन में दिक्कत है, हो सकता है कि वे भी आखिरी टेस्ट मैच मिस करें। पता चला है कि स्मिथ का फिटनेस टेस्ट होगा और उसे पास करने के बाद ही वे अगला मैच खेल पाएंगे। इतना ही नहीं सैम हार्पर भी टीम से बाहर हो सकते हैं। यानी जब मंगलवार से मैच शुरू होगा, तो दो से तीन बदलाव नजर आ सकते हैं। 

मैथ्यू रेनशॉ कर सकते हैं टीम के लिए पारी का आगाज

अब सवाल ये है​ कि निक मैडिसन नहीं खेलेंगे तो फिर ओपनिंग की जिम्मेदारी ​कौन निभाएगा, इसमें सबसे पहला नाम मैथ्यू रेनशॉ का आता है। निक और सैम हार्पर टीम से रिलीज कर दिए गए हैं। इस बीच खबर है कि कैमरून ग्रीन और जोश इंग्लिश अपनी अपनी चोटों से ठीक हो गए हैं और उनकी वापसी की संभावना है। 

करीब 10 साल बाद वापसी, वो भी रही बेहद फीकी

निक मैडिसन ने करीब दस साल बाद टीम में वापसी की थी, लेकिन वे पहले दो टेस्ट में नाकाम रहे हैं, ऐसे में उन्हें बाहर जाना पड़ रहा है और अब इस बात की उम्मीद कम है कि वे फिर वापसी कर पाएंगे। वे अभी तक दो टेस्ट की 4 पारियों में कुल मिलाकर 56 रन ही बना सके हैं। दो बार तो उनका खाता भी नहीं खुला और शून्य पर आउट हो गए। एक पारी में उनके बल्ले से 48 रन आए और दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में वे महज 8 रन बनाकर आउट हो गए। 

विश्व टेस्ट चैंपिय​​नशिप के तहत खेली जा रही है सीरीज

सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जा रही है, जिसमें फिलहाल ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले नंबर पर है और साउथ अफ्रीकी टीम तीसरे नंबर पर है। न्यूजीलैंड दूसरे नंबर पर है, लेकिन खास बात ये है कि इन तीनों टीमों के बीच पीसीटी का अंतर काफी कम है, यानी एक मैच की हार जीत समीकरण अचानक बदलने के लिए काफी है। कुल मिलाकर दो मैचों की ही तरह तीसरा मैच भी रोचक होने की पूरी उम्मीद है।

तीसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर। 

यह भी पढ़ें 

पाकिस्तान क्रिकेट में फिर उठापटक, सलामी बल्लेबाज बाहर, टी20 के कप्तान को मिली एंट्री

कप्तान के दोस्त का होगा पत्ता साफ? देवदत्त पडिक्कल ने 199 रन बनाकर ठोक दिया दावा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।