1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup 2026: स्पेन की धमाकेदार जीत में बना नया इतिहास, 18 साल के लमीन यामाल ने मेसी को पछाड़ा

FIFA World Cup 2026: स्पेन की धमाकेदार जीत में बना नया इतिहास, 18 साल के लमीन यामाल ने मेसी को पछाड़ा

स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सऊदी अरब को 4-0 से हराकर पहली जीत दर्ज की। 18 साल के लमीन यामाल ने मैच के 10वें मिनट में गोल कर वर्ल्ड कप में अपना पहला गोल दागा और टूर्नामेंट के इतिहास के आठवें सबसे युवा गोल स्कोरर बन गए।

Spain- India TV Hindi
Image Source : AP लमीन यमाल

FIFA World Cup 2026: यूरोपियन चैंपियन स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सऊदी अरब को 4-0 से हराकर न सिर्फ अपनी पहली जीत दर्ज की, बल्कि एक ऐसा इतिहास भी रच दिया जो टूर्नामेंट के 96 साल के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। युवा स्टार लमीन यमाल के गोल की बदौलत स्पेन फीफा वर्ल्ड कप इतिहास की पहली ऐसी टीम बन गई, जिसके दो गोल स्कोरर 18 साल या उससे कम उम्र के हैं।

यमाल ने मेसी को छोड़ा पीछे

अटलांटा में खेले गए मुकाबले में 18 साल के लमीन यमाल ने मैच के 10वें मिनट में गोल दागकर स्पेन को बढ़त दिलाई। यह उनके करियर का पहला फीफा वर्ल्ड कप गोल था और उन्होंने अपने पहले वर्ल्ड कप स्टार्ट को यादगार बना दिया। यमाल के गोल के बाद स्पेन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और सऊदी अरब पर 4-0 की एकतरफा जीत दर्ज की। स्पेन के लिए मिकेल ओयारजाबाल ने 21वें और 25वें मिनट में लगातार दो गोल किए, जिससे टीम ने पहले हाफ तक 3-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में सऊदी अरब के आत्मघाती गोल ने स्पेन की जीत का अंतर 4-0 कर दिया।

18 साल 11 महीने और 8 दिन की उम्र में गोल करने वाले लमीन यामाल फीफा वर्ल्ड कप इतिहास के आठवें सबसे युवा गोल स्कोरर बन गए। उन्होंने इस मामले में लियोनल मेसी को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2006 वर्ल्ड कप में 18 साल 11 महीने और 23 दिन की उम्र में गोल किया था। स्पेन के लिए यामाल दूसरे सबसे युवा वर्ल्ड कप गोल स्कोरर बने हैं। उनसे आगे केवल उनकी टीम के साथी गावी हैं, जिन्होंने 2022 वर्ल्ड कप में 18 साल 3 महीने 18 दिन की उम्र में गोल किया था।

स्पेन ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड

यमाल और गावी के नाम अब वर्ल्ड कप में 18 साल या उससे कम उम्र में गोल दर्ज हैं। इसी के साथ स्पेन टूर्नामेंट के इतिहास की पहली टीम बन गई, जिसके 18 साल से कम उम्र के दो अलग-अलग खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप में गोल किए हैं। ब्राजील के बाद स्पेन उन चुनिंदा टीमों में शामिल हो गया है, जिनके एक से अधिक टीनएज खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप में गोल दागे हैं। हालांकि, ब्राजील के नाम तीन ऐसे खिलाड़ियों का रिकॉर्ड है।

यमाल फीफा वर्ल्ड कप में मैच का पहला गोल करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए। उनसे आगे सिर्फ पेले हैं, जिन्होंने 1958 में 17 साल 7 महीने की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा यामाल यूरोप के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने यूरो कप और फीफा वर्ल्ड कप दोनों में गोल किया है।

गावी ने भी बनाया खास रिकॉर्ड

22 साल के गावी इस मैच में बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान पर उतरे, लेकिन उन्होंने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह 22 साल की उम्र पूरी होने से पहले दो फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए। इस सूची में पेले, नॉर्मन व्हाइटसाइड, रिगोबर्ट सॉन्ग, सालोमन ओलेम्बे और सैम्युअल इटो जैसे दिग्गज शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:

साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भी टीम इंडिया हासिल कर सकती है सेमीफाइनल का टिकट? जानिए पूरा समीकरण

हरमनप्रीत कौर का साउथ अफ्रीका से मिली हार पर फूटा गुस्सा, फील्डिंग और खराब गेंदबाजी को ठहराया जिम्मेदार