1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup 2026: अमेरिका ने धमाकेदार जीत के साथ किया आगाज, फोलारिन के दो गोल से पराग्वे पस्त

FIFA World Cup 2026: अमेरिका ने धमाकेदार जीत के साथ किया आगाज, फोलारिन के दो गोल से पराग्वे पस्त

अमेरिका ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में धमाकेदार शुरुआत करते हुए अपने पहले ही मुकाबले में पराग्वे को एकतरफा अंदाज में 4-1 से करारी शिकस्त दी। अमेरिका के स्टार फॉरवर्ड फोलारिन बालोगुन ने इस मैच में दो गोल किए।

USA vs Paraguay - India TV Hindi
Image Source : AP यूएसए बनाम पराग्वे

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मैच में सह-मेजबान अमेरिका ने कमाल कर दिया। अमेरिकी टीम ने पराग्वे को एकतरफा मुकाबले में 4-1 से हराकर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। पूरे मैच में अमेरिकी खिलाड़ियों का जलवा रहा और उन्होंने पराग्वे की टीम को टिकने का कोई मौका नहीं दिया। यह जीत अमेरिकी फुटबॉल के इतिहास में बेहद खास है, क्योंकि वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब अमेरिका ने किसी एक मैच में चार गोल दागे हैं। यह अब तक का उनका सबसे शानदार प्रदर्शन है। अमेरिका के स्टार खिलाड़ी फोलारिन बालोगुन ने इस मैच में दो गोल किए।

पहले हाफ में अमेरिका का जलवा

मैच शुरू होते ही अमेरिकी टीम ने आक्रामक रुख अपनाया, जिसका फायदा उन्हें तुरंत मिला। मैच के 7वें मिनट में ही डेमियन बोबाडिला ने एक बेहतरीन गोल करके अमेरिका को 1-0 से आगे कर दिया। पराग्वे की टीम अभी इस झटके से संभल भी नहीं पाई थी कि अमेरिका के स्टार खिलाड़ी फोलारिन बालोगुन का जादू चल गया। बालोगुन ने पहले 31वें मिनट में पराग्वे के डिफेंडर्स को छकाते हुए टीम के लिए दूसरा गोल किया, और फिर पहले हाफ के आखिरी अतिरिक्त समय (इंजुरी टाइम) में एक और गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। पहले हाफ के खत्म होने तक पराग्वे की टीम एक भी गोल नहीं कर पाई थी और मैच पूरी तरह अमेरिका के कब्जे में था।

पराग्वे ने दूसरे हाफ में किया एक गोल

पहले हाफ में बुरी तरह पिछड़ने के बाद, दूसरे हाफ में पराग्वे ने अपनी रणनीति बदली और बेहतर खेल दिखाने की कोशिश की। उनकी यह कोशिश 73वें मिनट में रंग लाई, जब मॉरिसियो ने टीम के लिए पहला गोल करके स्कोर को 3-1 कर दिया। इस गोल से पराग्वे की मैच में लौटने की उम्मीदें जाग गईं, लेकिन अमेरिकी टीम ने इसके बाद और अटैकिंग अंदाज में खेलना शुरू किया। तय 90 मिनट का खेल खत्म होने के बाद रेफरी ने 7 मिनट का अतिरिक्त समय (इंजुरी टाइम) जोड़ा। इस बचे हुए समय में पराग्वे की टीम किसी भी तरह मैच बराबर करने की पूरी कोशिश कर रही थी। लेकिन मैच खत्म होने से ठीक कुछ सेकेंड पहले अमेरिका के गियोवानी रेयना ने एक बेहतरीन काउंटर-अटैक करते हुए शानदार गोल दाग दिया। इस गोल के साथ स्कोर 4-1 हो गया और अमेरिका ने एक धमाकेदार जीत अपने नाम कर ली।

यह भी पढ़ें

FIFA World Cup 2026: जोवो ल्युकिक का ऐतिहासिक गोल भी बोस्निया को नहीं दिला सका जीत, कनाडा की शानदार वापसी

वुमेंस T20 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में इंग्लैंड का करिश्मा, बना दिया इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर