1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वुमेंस T20 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में इंग्लैंड का करिश्मा, बना दिया इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर

वुमेंस T20 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में इंग्लैंड का करिश्मा, बना दिया इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 13, 2026 07:32 am IST,  Updated : Jun 13, 2026 07:34 am IST

आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 87 रनों से हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया। इस मुकाबले में इंग्लैंड की बल्लेबाज डेनी वॉट हॉज ने शानदार शतक लगाया।

ENG vs SL T20 World Cup 2026- India TV Hindi
इंग्लैंड महिला vs श्रीलंका महिला Image Source : AP

वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला मैच इंग्लैंड महिला और श्रीलंका महिला टीम के बीच खेला गया। इस मैच में इंग्लैंड ने 87 रनों से जीत दर्ज करते हुए धमाकेदार अंदाज में टूर्नामेंट का आगाज किया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डैनी वॉट हौज के शतकीय पारी के बदौलत 219 रन बोर्ड पर लगाए। डैनी ने 62 गेंदों पर 105 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 13 चौके और एक छक्का लगाया। 219 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम 132 रनों पर सिमट गई। बता दें कि इस मैच इंग्लैंड ने वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर इतिहास रच दिया।

इंग्लैंड ने बनाया टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर

इंग्लैंड ने इस मुकाबले में 20 ओवर बैटिंग करने के बाद एक विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। यह महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। इस मामले में इंग्लैंड ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले भी इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम ही था। उनकी टीम ने साल 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए थे। लिस्ट में तीसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका का नाम है। उन्होंने 2020 में थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में 195/3 का स्कोर बनाया था। वहीं टीम इंडिया ने 2018 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 194/5 का स्कोर बनाया और वह इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं।

इंग्लैंड और श्रीलंका ने मिलकर बनाए 351 रन

आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मैच में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला, जिसमें दोनों टीमों ने मिलकर कुल 351 रन बनाए। महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी एक मैच में दोनों टीमों द्वारा बनाया गया यह अब तक का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इस मामले में पहले नंबर पर साल 2018 का भारत और न्यूजीलैंड का मैच है, जिसमें दोनों टीमों ने मिलकर कुल 354 रन बनाए थे। श्रीलंका की टीम अगर इस मैच में केवल 4 रन और बना लेती, तो भारत और न्यूजीलैंड का यह सबसे बड़े स्कोर का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूट जाता।

खास लिस्ट में शामिल हुआ फ्रेया केम्प का नाम

इंग्लैंड की युवा गेंदबाज फ्रेया केम्प ने टी20 वर्ल्ड कप के अपने डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट हासिल किए। टी20 वर्ल्ड कप के डेब्यू मैच में चार विकेट लेने वाली वह दुनिया की तीसरी और इंग्लैंड की सिर्फ दूसरी महिला खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे पहले साल 2010 में इंग्लैंड की ही डैनी वायट ने अपने पहले वर्ल्ड कप मैच में 4 विकेट लिए थे। इसके अलावा, भारत की डायना डेविड भी इस खास लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने साल 2010 में ही न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ अपने पहले मैच में 4 विकेट चटकाए थे।

यह भी पढ़ें

IND vs AFG: बारिश की वजह से पहले वनडे मैच में फिर सकता है पानी, धर्मशाला में येलो अलर्ट की है वॉर्निंग

FIFA World Cup 2026: जोवो ल्युकिक का ऐतिहासिक गोल भी बोस्निया को नहीं दिला सका जीत, कनाडा की शानदार वापसी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल