1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. नोवाक जोकोविच को हराकर कार्लोस अल्कारेज ने जीती करोड़ों रुपये की प्राइज मनी

नोवाक जोकोविच को हराकर कार्लोस अल्कारेज ने जीती करोड़ों रुपये की प्राइज मनी

नोवाक जोकोविच का सपना तोड़ते हुए स्पेन के कार्लोस अल्कारेज ने इतिहास रच दिया। कार्लोस अल्कारेज ने पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता।

Carlos Alcaraz prize Money Novak Djokovic- India TV Hindi
Image Source : AFP कार्लोस अल्कारेज और नोवाक जोकोविच

टेनिस की दुनिया में एक नया इतिहास रचते हुए स्पेन के युवा स्टार कार्लोस अल्कारेज ने 22 साल की उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा कर लिया है। ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के फाइनल में अल्कारेज ने सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच को रोमांचक मुकाबले में हराकर अपना पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता। इसी के साथ अल्कारेज ने अपने करियर की वह आखिरी कड़ी भी पूरी कर ली, जो अब तक उनके ट्रॉफी कैबिनेट में नहीं थी।

वर्ल्ड नंबर-1 अल्कारेज के नाम अब कुल 7 ग्रैंड स्लैम खिताब हो चुके हैं। वह फ्रेंच ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन दो-दो बार जीत चुके हैं, जबकि ऑस्ट्रेलियन ओपन की ट्रॉफी उन्होंने पहली बार अपने नाम की। 22 साल और 272 दिन की उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा कर अल्कारेज टेनिस इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह रिकॉर्ड 88 साल बाद तोड़ा, जो इससे पहले डॉन बज ने 1938 में 22 साल और 363 दिन की उम्र में बनाया था।

चैंपियन बनने पर मिली कितनी इनामी राशि?

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का खिताब जीतने के बाद कार्लोस अल्कारेज को 41 लाख 50 हजार अमेरिकी डॉलर (करीब 38 करोड़ 5 लाख रुपये) की भारी-भरकम इनामी राशि मिली। यही रकम महिला सिंगल्स का खिताब जीतने वाली एलेना रिबाकिना को भी मिली, जिन्होंने फाइनल में आर्यना सबालेंका को हराया था। वहीं, उपविजेता नोवाक जोकोविच को 21 लाख 50 हजार डॉलर (करीब 19 करोड़ 71 लाख रुपये) की इनामी राशि मिली।

जोकोविच फिर ग्रैंड स्लैम जीतने से चूके

38 साल के नोवाक जोकोविच एक बार फिर अपने 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब से चूक गए। अगर वह यह खिताब जीतते तो टेनिस इतिहास में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी बन जाते। फिलहाल वह मार्गरेट कोर्ट के साथ 24 ग्रैंड स्लैम खिताबों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। जोकोविच ने इससे पहले सेमीफाइनल में दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन जैनिक सिनर को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जिससे उनके 25वें खिताब की उम्मीदें काफी बढ़ गई थीं। हालांकि, फाइनल में अल्कारेज ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए उनके सपने पर पानी फेर दिया। गौरतलब है कि जोकोविच ने US ओपन 2023 के बाद से कोई भी ग्रैंड स्लैम नहीं जीता है, जबकि अल्कारेज और जैनिक सिनर ने मिलकर पिछले 9 बड़े ग्रैंड स्लैम पर कब्जा जमाया है।

यह भी पढ़ें

ईशान किशन का वर्ल्ड कप से पहले सामने आया बड़ा बयान, बताया किस चीज पर है अब सबसे ज्यादा ध्यान

पाकिस्तानी गेंदबाज बॉल फेंक रहा है कि थ्रो? ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का एक्शन को लेकर फूटा गुस्सा; देखें VIDEO