1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. IND vs PAK: भारत ने पाकिस्तान को पहले ही मैच में रौंदा, सेमीफाइनल का कटाया टिकट, पाक टीम का बंधा बोरिया बिस्तर

IND vs PAK: भारत ने पाकिस्तान को पहले ही मैच में रौंदा, सेमीफाइनल का कटाया टिकट, पाक टीम का बंधा बोरिया बिस्तर

भारतीय टीम ने पाकिस्तान को पहले ही मैच में 3-0 से करारी शिकस्त दी। इस हार के साथ ही पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

IND vs PAK- India TV Hindi
Image Source : PTI भारत बनाम पाकिस्तान

IND vs PAK: भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को बुरी तरह हराते हुए भारतीय खेल प्रेमियों को जश्न मनाने का बड़ा मौका दिया है। भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाते हुए SAFF U20 चैम्पियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय अंडर-20 फुटबॉल टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से रौंदते हुए टूर्नामेंट में शानदार जीत से अपने अभियान का आगाज किया। इस जीत से जहां भारत ने सेमीफाइनल का टिकट कटाया। वहीं, पाकिस्तान का टूर्नामेंट से बोरिया बिस्तर बंध गया। इससे पहले पाकिस्तान को 24 मार्च को बांग्लादेश के हाथों 2-0 से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

माले में भारत ने खोला जीत का खाता

मालदीव की राजधानी माले के नेशनल फुटबॉल स्टेडियन में खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तानी टीम पर पहले ही मिनट से हमला बोला, जिसका फायदा तीसरे मिनट में मिला। विशाल यादव ने शानदार अंदाज में गोल करते हुए पाकिस्तान के हौसले पस्त कर दिए। इसके बाद भारत ने पहले हॉफ में और भी कई हमले किए, लेकिन गोल में तब्दील नहीं हो सके। पहले हॉफ का खेल खत्म होने तक भारत 1-0 से आगे था।

ओमांग डोडुम ने दागे 2 बेहतरीन गोल

दूसरे हॉफ में भी भारतीय टीम ने अपना शानदार खेल जारी रखा। इस दौरान 64वें मिनट में फॉरवर्ड ओमांग डोडुम को बेहतरीन चांस मिला, जिसे उन्होंने गोल में तब्दील करते हुए भारत की लीड को 2-0 कर दिया। दूसरा गोल खाते ही पाकिस्तानी टीम बुरी तरह से टूट गई और गलतियां करने लगी। यही वजह रही कि 88वें मिनट में भारत को पेनल्टी मिली। इस शानदार मौके को ओमांग डोडुम ने बेहतरीन ढंग से भुनाते हुए तीसरा गोल दाग दिया। इस गोल के सुनिश्चित होने के साथ ही पाकिस्तान की करारी शिकस्त भी तय हो गई।

भारत का अगला मैच बांग्लादेश से

भारतीय टीम अब 28 मार्च को बांग्लादेश की टीम का सामना करेगी। ये मुकाबला माले में खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम 1 अप्रैल सेमीफाइनल में फाइनल का टिकट हासिल करने के इरादे से उतरेगी। भारत 4 बार SAFF U20 चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम कर चुका है। इस बार टीम 5वीं बार खिताब अपनी झोली में करना चाहेगी।

यह भी पढ़ें:

साल 2002 के बाद पहली बार भारत का दौरा करेगी टीम, खेले जाएंगे 3 मुकाबले

विराट कोहली के पास स्पेशल क्लब में शामिल होने का मौका, सिर्फ दो खिलाड़ी कर पाए हैं गजब कारनामा