A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच नहीं होगी टक्कर, टूर्नामेंट के शेड्यूल का हुआ ऐलान

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच नहीं होगी टक्कर, टूर्नामेंट के शेड्यूल का हुआ ऐलान

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर देखने वाले स्पोर्ट्स फैंस को तगड़ा झटका लगा है। भारत में होने वाले टूर्नामेंट में पाकिस्तान की टीम शिरकत नहीं करेगी।

IND vs PAK- India TV Hindi
Image Source : AP भारत और पाकिस्तान

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान मैदान पर एक-दूसरे के खिलाफ खेलते नजर नहीं आएंगे। दरअसल, दोनों देशों के बीच जारी राजनीतिक तनाव का असर अब खेल के मैदान तक पहुंच गया है। भारत में होने वाली महिला फुटबॉल चैंपियनशिप से पाकिस्तान के बाहर होने की खबर ने खेल जगत में हलचल मचा दी है। 

पाकिस्तान की महिला फुटबॉल टीम SAFF वूमेन्स चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले पाएगी, जो गोवा में 25 मई से 7 जून तक आयोजित होनी है। पाकिस्तानी फुटबॉल अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है कि टीम को भारत आने की अनुमति नहीं मिली। पाकिस्तान फुटबॉल फेडरेशन के प्रवक्ता ने अल जजीरा से कहा कि हमें संबंधित अधिकारियों द्वारा एनओसी यानी नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया है।

दरअसल, किसी भी इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों और टीमों को अपनी सरकार से यात्रा की मंजूरी लेनी होती है। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनावपूर्ण संबंधों के कारण दोनों देशों के खिलाड़ियों के लिए सीमा पार यात्रा मुश्किल बनी हुई है।

गोवा में होगा टूर्नामेंट का आयोजन

टूर्नामेंट के शेड्यूल में भी पाकिस्तान का नाम शामिल नहीं किया गया है। इस 6 टीमों के टूर्नामेंट में ग्रुप-ए में नेपाल, भूटान और श्रीलंका हैं, जबकि मेजबान भारत ग्रुप-बी में मालदीव और डिफेंडिंग चैंपियन बांग्लादेश के साथ रखा गया है। यह टूर्नामेंट गोवा के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां पहले भी मेन्स कैटेगिरी के मुकाबले आयोजित हो चुके हैं। गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच दशकों पुराना तनाव रहा है। मई 2025 में दोनों देशों के बीच चार दिनों तक सीमा पर संघर्ष भी हुआ था, जिससे रिश्ते और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए। अब उसी का असर खेल प्रतियोगिताओं पर भी साफ नजर आ रहा है।

दूसरी बार मिली मेजबानी

भारत दूसरी बार साउथ एशियन फुटबॉल फेडरेशन यानी SAFF वूमेन्स चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2016 में सिलीगुड़ी में टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था, जहां भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना चौथा खिताब अपने नाम किया था। इस बार मेजबानी की जिम्मेदारी गोवा को मिली है, जो दूसरी बार SAFF टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। इससे पहले 1999 में यहां मेन्स सैफ चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। उस टूर्नामेंट का फाइनल भी गोवा के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला गया था, जहां भारत ने बांग्लादेश को हराकर खिताब जीता था।

यह भी पढ़ें

टी20 इंटरनेशनल में सिर्फ 2 गेंदबाज कर पाए ये अद्भुत कारनामा, इस रिकॉर्ड की हो सकती सिर्फ बराबरी; टूटना असंभव

VIDEO: लगातार 4 गेंदों में 4 विकेट, लेकिन 18 साल के गेंदबाज के खाते में आई सिर्फ हैट्रिक