A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच इस दिन होगी भिड़ंत, टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल आया सामने

विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच इस दिन होगी भिड़ंत, टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल आया सामने

IND vs PAK: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 15 अगस्त से होगी जिसको लेकर अब पूरे शेड्यूल का ऐलान कर दिया गया है, जिसमं भारत और पाकिस्तान जिनको एक ही ग्रुप में जगह मिली है उनकी मुकाबले की तारीख भी सामने आ गई है।

IND vs PAK Hockey World Cup 2026- India TV Hindi
Image Source : AFP भारत बनाम पाकिस्तान, हॉकी वर्ल्ड कप 2026

नीदरलैंड्स और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में 15 अगस्त से हॉकी वर्ल्ड कप का आगाज होगा जिसका फाइनल मुकाबला 30 अगस्त को खेला जाएगा। इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन की तरफ से पहले जहां पूल का ऐलान कर दिया गया था, तो वहीं अब पूरे शेड्यूल को लेकर भी घोषणा कर दी गई है। भारत की महिला और पुरुष दोनों ही टीमें हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही हैं, जिसमें दोनों को पूल-डी में जगह मिली है। इसमें भारतीय पुरुष हॉकी टीम के साथ पाकिस्तान भी पूल-डी का हिस्सा है, जिसमें दोनों टीमों के बीच कब मुकाबला खेला जाएगा उसकी तारीख भी सामने आ गई है।

भारतीय टीम 15 अगस्त से करेगी अपने अभियान का आगाज

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 15 अगस्त से करेगी जिसमें उसे अपने पूल के तीनों ही मुकाबले एम्स्टेलवीन के वैगनर हॉकी स्टेडियम में ही खेलने हैं। टीम इंडिया का पहला मैच वेल्स की टीम के खिलाफ होगा, जिसके बाद 17 अगस्त को उसका सामना इंग्लैंड की टीम से होगा। भारतीय टीम पूल स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले में पाकिस्तानी टीम का सामना करेगी और दोनों टीमों के बीच में ये मैच 19 अगस्त को खेला जाएगा। हॉकी वर्ल्ड कप में कुल चार ग्रुप हैं जिसमें पूल स्टेज के मुकाबले खत्म होने के बाद ए और सी ग्रुप में शामिल टॉप-2 टीमें पूल-E में शामिल होंगी, जबकि पूल बी और डी की टॉप-2 टीमों को पूल-F में जगह मिलेगी, जो खिताब जीतने की दौड़ में शामिल रहेंगी। पुरुष इवेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 28 अगस्त को खेले जाएंगे।

हॉकी विश्व कप 2026 में भारतीय पुरुष टीम का शेड्यूल

  • 15 अगस्त: भारत बनाम वेल्स
  • 17 अगस्त: भारत बनाम इंग्लैंड
  • 19 अगस्त: भारत बनाम पाकिस्तान

महिला टीम चीन के खिलाफ खेलेगी अपना पहला मैच

भारतीय महिला टीम हॉकी वर्ल्ड कप में अपने अभियान का आगाज 16 अगस्त को चीन के खिलाफ होने वाले मुकाबले के साथ करेगी। इसके बाद 18 अगस्त को उनका सामना साउथ अफ्रीका की टीम से होगा, जबकि 20 अगस्त को इंग्लैंड की टीम के खिलाफ पूल स्टेज का आखिरी मुकाबला भारतीय महिला हॉकी टीम खेलेगी। महिलाओं के इवेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 27 अगस्त को होंगे, जबकि फाइनल मैच 29 अगस्त को एम्स्टर्डम में खेला जाएगा।

भारतीय महिला हॉकी टीम का विश्व कप 2026 में शेड्यूल

  • 16 अगस्त: चीन बनाम भारत
  • 18 अगस्त: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका
  • 20 अगस्त: भारत बनाम इंग्लैंड

ये भी पढ़ें

विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच जंग हुई तय, दोनों टीमों को मिली एक ही ग्रुप में जगह

World Cup Qualifiers: भारतीय महिला हॉकी टीम ने वर्ल्ड कप के लिए किया क्वालीफाई, इटली को हराकर फाइनल में मारी एंट्री