1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सुल्तान अजलान शाह कप में भारत का जीत से आगाज, कोरिया को 1-0 से हराया

सुल्तान अजलान शाह कप में भारत का जीत से आगाज, कोरिया को 1-0 से हराया

भारतीय हॉकी टीम ने सुल्तान अजलान शाह कप में शानदार आगाज किया है। भारत ने कोरिया को पहले मैच में 1-0 से मात दी।

hockey india- India TV Hindi
Image Source : HOCKEY INDIA भारतीय हॉकी टीम

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सुल्तान अजलान शाह कप 2025 में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। रविवार यानी 23 नवंबर को मलेशिया के इपोह स्थित सुल्तान अजलान शाह स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने कोरिया को 1-0 से मात दी। मुकाबले का एकमात्र गोल मोहम्मद रहील (15') ने दागा, जो टीम की जीत का निर्णायक क्षण साबित हुआ।

शुरुआत से ही भारत ने शानदार तालमेल के साथ खेल दिखाया और गेंद पर कब्जा बनाए रखा। लगातार दबाव बनाते हुए भारत ने शुरुआती बढ़त लेने की कोशिश की। इसी दौरान सुखजीत सिंह ने नजदीक से शॉट लगाया, लेकिन गेंद पोस्ट से टकराकर बाहर निकल गई। पहला क्वार्टर खत्म होने से पहले भारत को सफलता मिली जब मोहम्मद रहील ने बेहतरीन टीम मूव को गोल में बदला और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

गोलकीपर मोहित ने दिखाया शानदार डिफेंस

दूसरे क्वार्टर में कोरिया ने बराबरी का गोल करने के लिए तेज खेल दिखाया और काउंटर अटैक से मौके बनाए। लेकिन गोलकीपर मोहित एचएस ने शानदार बचाव करते हुए कोरिया को बराबरी का मौका नहीं दिया। हाफ टाइम तक भारत अपनी लीड बनाए रखने में सफल रहा।

दूसरे हाफ की शुरुआत में भारत ने दूसरा गोल करने की कोशिश में आक्रामक रुख अपनाया। टीम को दो बार पेनल्टी कॉर्नर भी मिले, लेकिन वे गोल में नहीं बदल सके। तीसरे क्वार्टर में कोरिया ने जोरदार वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस मजबूत खड़ा रहा और गोलकीपर पवन ने महत्वपूर्ण बचाव किए। अंतिम क्वार्टर में भारत ने जीत सुनिश्चित करने के लिए तेजी बढ़ाई।

भारतीय डिफेंस को नहीं भेद पाया कोरिया

कोरिया के गोलकीपर किम जयहान को कई मौके पर दखल देना पड़ा। उन्होंने अभिषेक के नजदीकी शॉट को भी रोक लिया और कोरिया को मुकाबले में बनाए रखा। मैच के आखिरी चरण में कोरिया बराबरी की तलाश में लगातार आक्रमण करता रहा, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। मैच के अंतिम मिनट में कोरिया को पेनल्टी कॉर्नर का सुनहरा मौका मिला, लेकिन एक बार फिर मोहित एचएस ने बेहतरीन बचाव करते हुए भारत की जीत पक्की कर दी। भारत अब अपना अगला मुकाबला 24 नवंबर को बेल्जियम के खिलाफ खेलेगा। 

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें:

सेलेक्टर्स ने ODI सीरीज के लिए नहीं चुना कोई उपकप्तान, जानें पहले कौन निभा रहा था ये जिम्मेदारी

कप्तान सहित चार खिलाड़ी हुए बाहर, पिछली ODI सीरीज से इतनी बदल गई टीम इंडिया