A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. हांगकांग ओपन के फाइनल में पहुंचे लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग की जोड़ी खिताब से एक जीत दूर

हांगकांग ओपन के फाइनल में पहुंचे लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग की जोड़ी खिताब से एक जीत दूर

भारतीय बैडमिंटन के लिए 13 सितंबर का दिन बेहद खास रहा। युवा स्टार लक्ष्य सेन और पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हांगकांग ओपन सुपर 500 के फाइनल में प्रवेश कर लिया

Lakshya Sen- India TV Hindi
Image Source : PTI लक्ष्य सेन

भारत के लक्ष्य सेन दो साल में पहले बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गए हैं जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार पुरुष जोड़ी ने भी शनिवार को सीधे गेम में जीत के साथ हांगकांग ओपन सुपर 500 के फाइनल में प्रवेश किया। अल्मोड़ा के 23 साल के 2021 वर्ल्ड चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता लक्ष्य ने दुनिया के नौवे नंबर के खिलाड़ी चीनी ताइपे के चोउ तियेन चेन को 23-21, 22-20 से मात दी। कॉमनवेल्थ गेम्स चैम्पियन लक्ष्य ने पिछली बार जुलाई 2023 में कनाडा ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई थी । उन्होंने पिछले साल दिसंबर में लखनऊ में सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर 300 खिताब जीता था।

फाइनल का टिकट कटाया

इस समय वर्ल्ड रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज लक्ष्य का सामना अब चीन के दूसरी वरीयता प्राप्त लि शि फेंग से होगा। इससे पहले सात्विक और चिराग की दुनिया की नौवें नंबर की इस जोड़ी ने चीनी ताइपे के बिंग-वेई लिन और चेन चेंग कुआन को 21-17, 21-15 से हराकर इस सीजन में 6 सेमीफाइनल मुकाबलों में मिली हार के बाद अपने पहले फाइनल में जगह बनाई।

आठवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी का सामना चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग तथा चीनी ताइपे के फैंग-चिह ली और फैंग-जेन ली के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। शुरुआती गेम में दोनों जोड़ियां 3-3 और 6-6 से बराबरी पर थीं। लेकिन सात्विक के स्मैश और चिराग के तेज ‘इंटरसेप्शन’ की बदौलत भारतीय जोड़ी 11-8 से आगे हो गई। हालांकि ताइवानी जोड़ी ने वापसी करते हुए स्कोर 12-12 कर लिया लेकिन भारतीय जोड़ी ने 15-12 से बढ़त बना ली।

भारतीय जोड़ी ने किया शानदार कमबैक

चिराग के तेज रिटर्न के साथ दूसरे गेम प्वाइंट पर गेम अपने नाम कर लिया। अगले गेम में चेन और लिन मजबूत शुरुआत कर 4-2 से आगे थे, लेकिन भारत ने 6-6 से बराबरी हासिल कर ली। चिराग की कुछ गलतियों के कारण ताइवानी जोड़ी 10-8 से आगे हो गई। लेकिन सात्विक ने एक और तेज स्मैश लगाकर स्कोर 12-12 से बराबर कर दिया। फिर भारतीय जोड़ी ने अपनी पकड़ मजबूत करते हुए स्कोर 17-15 कर दिया। जल्द स्कोर 19-15 हो गया। लेकिन चेन की एक नेट गलती ने सात्विक और चिराग को पांच मैच प्वाइंट दिला दिए। 

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें:

IND-W vs AUS-W: कितने बजे शुरू होगा पहला वनडे मैच, कब और कहां देख पाएंगे Live Streaming

38 साल के खिलाड़ी का 9 सीजन बाद इस टीम से टूटा नाता, अब पृथ्वी शॉ के साथ खेलते आएंगे नजर