A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. लक्ष्य सेन ने ऑल इंग्लैंड ओपन में किया बड़ा उलटफेर, वर्ल्ड नंबर-1 चीन के खिलाड़ी को दी मात

लक्ष्य सेन ने ऑल इंग्लैंड ओपन में किया बड़ा उलटफेर, वर्ल्ड नंबर-1 चीन के खिलाड़ी को दी मात

भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में अपने अभियान का आगाज काफी दमदार तरीके से किया है, जिसमें पहले ही राउंड में लक्ष्य ने चीन के खिलाड़ी शी युकी जो मौजूदा वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी हैं उनको मात देने में कामयाबी हासिल की है।

Lakshya Sen- India TV Hindi
Image Source : PTI लक्ष्य सेन

ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 जो अभी बर्मिंघम में चल रही है, उसमें स्टार भारतीय खिलाड़ी लक्ष्य सेन की काफी धमाकेदार शुरुआत देखने को मिली है। 3 मार्च को लक्ष्य सेन का पहले राउंड में मैच चीन के खिलाड़ी जो अभी मौजूदा वर्ल्ड नंबर-1 भी हैं शी युकी के साथ हुआ। इस मैच में शी युकी का पलड़ा पहले से भारी माना जा रहा था, लेकिन लक्ष्य सेन ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर इस मैच को जीतने के साथ सभी आलोचकों को करारा जवाब दिया। तीन सेट तक चले इस मैच को लक्ष्य सेन ने 2-1 से अंतर से अपने नाम किया और दूसरे राउंड के लिए अपनी जगह को पक्का किया।

लक्ष्य सेन ने पहले और तीसरे सेट को किया अपने नाम

भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने चीन के वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी शी युकी के खिलाफ मुकाबले का काफी शानदार आगाज किया जिसमें उन्होंने पहले सेट को 23-21 के अंतर से अपने नाम किया। इस सेट में लक्ष्य ने तेज शुरुआत की और ब्रेक तक 11-7 की बढ़त बना ली थी। वह इसे 17-12 तक लेकर गए लेकिन शी युकी जोरदार वापसी करते हुए तीन गेम प्वाइंट बचाए और 20-20 पर बराबरी हासिल कर ली। लक्ष्य ने चौथा गेम प्वाइंट भी गंवाया। चीन के खिलाड़ी ने हालांकि बैकहैंड शॉट नेट पर उलझाकर लक्ष्य को पांचवां गेम प्वाइंट दिया। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ पहला सेट अपने नाम किया।

दूसरे सेट में लक्ष्य सेन को शी युकी से काफी कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा जिसमें वह इसे 19-21 के अंतर से हार गए। एक-एक की बराबरी पर आने के बाद इस मैच के आखिरी सेट पर सभी की नजरें टिकी हुई थी, जिसमें दोनों ही खिलाड़ियों के बीच काफी जोरदार टक्कर देखने को मिली। निर्णायक सेट में 6-6 के स्कोर के बाद शी युकी ने कुछ देर के लिए बढ़त बनाई लेकिन लक्ष्य ब्रेक तक 11-9 की बढ़त हासिल करने में सफल रहे।  लक्ष्य सेन ने इस बढ़त को 16-11 किया और फिर स्मैश के साथ 18-14 से आगे हो गए। इस सेट को लक्ष्य सेन 21-17 के अंतर से जीतने में कामयाब रहने के साथ मुकाबले को भी 2-1 से जीतने में सफल रहे।

ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी ने भी की शानदार शुरुआत

इस चैंपियनशिप में भारत की ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की मिक्सड जोड़ी ने भी काफी अच्छी शुरुआत की है, जिसमें उन्होंने मलेशिया की हू पेंग रोन और चेंग सू यिन की जोड़ी को सीधे सेटों 21-17 और 21-19 को मात देने के साथ दूसरे राउंड के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। वहीं महिला सिंगल में भारत की मालविका बंसोड उम्मीद के अनुसार आगाज करने में कामयाब नहीं हो सकी जिसमें उन्हें चीन की चेन यू फेई के खिलाफ 11-21 और 6-21 के अंतर से सीधे सेटों में मात मिली।

ये भी पढ़ें

कितने बजे शुरू होगा SA vs NZ के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल? जानें कब और कहां देख पाएंगे Live

हार्दिक पांड्या दूसरे सेमीफाइनल में कर सकते हैं खास कारनामा, केएल राहुल को पीछे छोड़ने का मौका