1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. लिंडा नोस्कोवा ने जीता विंबलडन 2026 महिला सिंगल्स का खिताब, फाइनल में हमवतन मुचोवा को दी मात

लिंडा नोस्कोवा ने जीता विंबलडन 2026 महिला सिंगल्स का खिताब, फाइनल में हमवतन मुचोवा को दी मात

विंबलडन 2026 के महिला सिंगल्स के फाइनल मुकाबले में चेक रिपब्लिक की 21 साल की टेनिस खिलाड़ी लिंडा नोस्कोवा ने अपनी हमवतन प्लेयर कैरोलीना मुचोवा को मात देने के साथ अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब नाम कर लिया है।

Linda Noskova- India TV Hindi
Image Source : AP लिंडा नोस्कोवा

विंबलडन 2026 में महिला सिंगल्स का फाइनल मुकाबला चेक रिपब्लिक की दो टेनिस प्लेयर्स लिंडा नोस्कोवा और कैरोलीना मुचोवा के बीच में ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर 11 जुलाई को खेला गया। तीन सेटों तक चले फाइनल मैच में 21 साल की लिंडा नोस्कोवा ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम करने के साथ करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब भी जीतने में सफलता हासिल की। लिंडा नोस्कोवा ने इस मैच में पहले सेट को जहां अपने नाम किया तो वहीं दूसरे सेट में मुचोवा ने शानदार वापसी करने के साथ मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया लेकिन तीसरे सेट में लिंडा ने जबरदस्त वापसी करते हुए जीत हासिल करने के साथ खिताब अपने नाम कर लिया। लिंडा नोस्कोवा को विंबलडन 2026 महिला सिंगल्स का खिताब जीतने पर प्राइज मनी के रूप में करीब 38.5 करोड़ रुपये भी मिले।

पहले सेट में लिंडा का दिखा दबदबा दूसरे में मुचोवा ने की शानदार वापसी

लिंडा नोस्कोवा का फाइनल मुकाबले में सामना कैरोलीना मुचोवा से था जो पेरिस ओलंपिक में महिला डबल्स के इवेंट में उनकी पार्टनर भी थी। नोस्कोवा ने इस मैच के पहले सेट में जबरदस्त खेल दिखाया और सिर्फ 32 मिनट के अंदर 6-2 के अंतर से उसे अपने नाम करने के साथ मुकाबले में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। वहीं इसके बाद दूसरे सेट में कैरोलीना मुचोवा ने नोस्कोवा को जबरदस्त टक्कर देने के साथ मुकाबले में वापसी की और दूसरे सेट को 7-5 के अंतर से अपने नाम करते हुए 1-1 से मैच को बराबरी पर ला दिया।

तीसरे सेट में नोस्कोवा ने की वापसी और जीता पहला ग्रैंड स्लैम टाइटल

फाइनल मुकाबले के तीसरे सेट पर सभी फैंस की नजरें थी जिसमें 21 साल की लिंडा नोस्कोवा ने दूसरा सेट गंवाने के बाद इस सेट में आक्रामक खेल दिखाते हुए शानदार वापसी की और 6-3 के अंतर से मुकाबले को अपने नाम कर लिया। नोस्कोवा ने जैसे ही मुकाबले को अपने नाम किया उसके बाद वह खुशी में कोर्ट पर ही लेट गईं। अब सभी की नजरें विंबलडन 2026 के मेंस फाइनल पर टिकी हुई है जिसमें वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी जैनिक सिनर का सामना वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी एलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा, जिसमें ये खिताबी मुकाबला 12 जुलाई को भारतीय समयानुसार रात 8:30 पर शुरू होगा।

ये भी पढ़ें

सर्वेश कुशारे ने डायमंड लीग डेब्यू में रचा इतिहास, पोडियम फिनिश करने वाले बने पहले भारतीय हाई जम्पर एथलीट

स्पेन ने बेल्जियम को क्वार्टर फाइनल में दी 2-1 से मात, सेमीफाइनल में अब फ्रांस से होगा सामना