1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. नीरज चोपड़ा ने एक कदम और बढ़ाया आगे, JSW स्पोर्ट्स से नाता तोड़कर लॉन्च की अपनी फर्म

नीरज चोपड़ा ने एक कदम और बढ़ाया आगे, JSW स्पोर्ट्स से नाता तोड़कर लॉन्च की अपनी फर्म

नीरज चोपड़ा ने JSW स्पोर्ट्स से नाता तोड़ लिया है। नीरज ने अपनी एथलीट मैनेजमेंट कंपनी लॉन्च करने के चलते यह बड़ा कदम उठाया है।

Neeraj Chopra- India TV Hindi
Image Source : PTI नीरज चोपड़ा

स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। 2 बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने JSW स्पोर्ट्स के साथ अपनी लगभग एक दशक पुरानी साझेदारी खत्म कर दी है। इसके साथ ही नीरज ने अपनी खुद की एथलीट मैनेजमेंट कंपनी ‘Vel Sports’ की शुरुआत की है।

JSW का जताया आभार

नीरज चोपड़ा साल 2016 से JSW स्पोर्ट्स से जुड़े हुए थे और इस दौरान उनके करियर ने नई ऊंचाइयों को छुआ। 27 साल के नीरज ने इस फैसले को लेकर कहा कि पिछले एक दशक में हमारी यात्रा विकास, विश्वास और उपलब्धियों से भरी रही है। JSW स्पोर्ट्स ने उनके करियर को दिशा देने में अहम भूमिका निभाई है और वह उनके समर्थन और दूरदर्शिता के लिए हमेशा आभारी रहेंगे। 

नीरज ने आगे कहा कि इस अध्याय के समापन के साथ वह उन्हीं मूल्यों को अपने करियर के अगले चरण में भी आगे लेकर जा रहे हैं। बयान में बताया गया कि दोनों पक्ष आपसी सहमति से अलग हो रहे हैं। JSW स्पोर्ट्स के CEO दिव्यांशु सिंह ने कहा कि नीरज के साथ काम करना हमारे लिए एक अद्भुत अनुभव रहा। उनकी सफलता हमारी उत्कृष्टता और उद्देश्य की साझा सोच को दर्शाती है। हमें साथ में हासिल की गई उपलब्धियों पर बेहद गर्व है और हम उनके भविष्य के हर प्रयास के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

एशियन गेम्स की तैयारियों में जुटे नीरज

गौरतलब है कि नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2021 में ट्रैक एंड फील्ड में भारत को पहला ओलंपिक गोल्ड दिलाकर इतिहास रचा था। इसके बाद उन्होंने 2023 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता और पेरिस ओलंपिक 2024 में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा वैश्विक मंच पर उनके नाम कई पोडियम फिनिश दर्ज हैं। अब नीरज की नजरें इस साल होने वाले एशियन गेम्स और अगले ओलंपिक गेम्स पर लगी हैं।

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें

CSK के पूर्व क्रिकेटर ने जमकर की एमएस धोनी की तारीफ, सुनाया IPL से जुड़ा एक मजेदार किस्सा

जो रूट ने हासिल किया एक और कीर्तिमान, अब सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ इतने रन दूर