A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग 2025 के फाइनल में बनाई जगह, ज्यूरिख में होगा खिताबी मुकाबला

नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग 2025 के फाइनल में बनाई जगह, ज्यूरिख में होगा खिताबी मुकाबला

ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग 2025 के फाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया। सिलेसिया लेग के बाद जारी नई स्टैंडिंग 15 अंकों के साथ नीरज खिताबी मैच के लिए क्वालीफाई कर गए।

Neeraj Chopra- India TV Hindi
Image Source : GETTY नीरज चोपड़ा

भारत के स्टार जैवलिन थ्रो खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने ज्यूरिख में इस महीने के आखिर में होने वाले डायमंड लीग 2025 के फाइनल मुकाबले में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। नीरज चोपड़ा ने 16 अगस्त को हुए सिलेसिया लेग में हिस्सा नहीं लिया था लेकिन उससे पहले हुए 2 डायमंड लीग की लेग में उन्होंने कुल 15 अंक हासिल किए थे। सिलेसिया लेग के बाद जारी की गई नई स्टैंडिंग में नीरज चोपड़ा का नाम फाइनल के लिए तय हो गया।

28 अगस्त को होगा फाइनल

स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में नीरज चोपड़ा 27 और 28 अगस्त को होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए अपनी जगह को पक्की कर चुके हैं, जिसमें 2025 डायमंड लीग चैंपियन का फैसला करने के लिए पुरुष जैवलिन थ्रो का इवेंट 28 अगस्त को होगा। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन नीरज चोपड़ा ने इस बार डायमंड लीग के पेरिस लेग में 88.16 मीटर का थ्रो करते हुए जीत हासिल की थी। वहीं दोहा में नीरज ने 90.23 मीटर का थ्रो किया था लेकिन वह जर्मनी के जूलियन वेबर से पीछे रह गए थे। डायमंड लीग 2025 की नई स्टैंडिंग में पहले नंबर पर 17 अंकों के साथ त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वाल्कॉट काबिज हैं। वहीं नीरज चोपड़ा 15 अंकों के साथ संयुक्त रूप से जूलियन वेबर के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

नीरज चोपड़ा ने एक बार जीता है डायमंड लीग का खिताब

डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा के प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो वह एक बार खिताब को अपने नाम कर चुके हैं। नीरज ने साल 2022 के डायमंड लीग का खिताब जीता था। वहीं वह साल 2023 और 2024 में उपविजेता रहे थे। बता दें कि नीरज चोपड़ा ने सिलेसिया लेग से बाहर होने का जब फैसला लिया था तो उसके पीछे उन्होंने कोई कारण नहीं बताया था। वहीं वह ज्यूरिख में फाइनल में हिस्सा लेंगे या नहीं इसको लेकर अभी तय नहीं है।

ये भी पढ़ें

बाबर आजम को क्यों नहीं मिली एशिया कप टीम में जगह, पाकिस्तान टीम के हेड ने बता दी बड़ी वजह

खत्म हो गया बाबर-रिजवान का T20I करियर? सेलेक्टर्स ने एशिया कप 2025 के लिए नहीं दी जगह