1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup में उस्मान डेम्बेले की हैट्रिक, फ्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से हराया, सेनेगल को भी मिली बड़ी जीत

FIFA World Cup में उस्मान डेम्बेले की हैट्रिक, फ्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से हराया, सेनेगल को भी मिली बड़ी जीत

उस्मान डेम्बेले के हैट्रिक की मदद से फ्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही फ्रांस अपने ग्रुप में टॉप पर रहते हुए नॉकआउट में पहुंच गया है। दूसरी तरफ, सेनेगल ने भी इराक को 5-0 से करारी शिकस्त दी है।

France vs Norway- India TV Hindi
Image Source : AP फ्रांस बनाम नॉर्वे

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी मैचों में फ्रांस और सेनेगल ने बहुत अच्छा खेल दिखाकर जीत हासिल की। फ्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही फ्रांस अपने ग्रुप में पहले नंबर पर रहा और अगले दौर (अंतिम-32) में पहुंच गया है। दूसरी तरफ, सेनेगल ने इराक को 5-0 से करारी शिकस्त दी। इस बड़ी जीत से सेनेगल की भी अगले दौर में जाने की उम्मीदें बनी हुई हैं। अब सेनेगल को दूसरे ग्रुप के मैचों के नतीजों का इंतजार करना होगा, ताकि वह तीसरे नंबर की सबसे अच्छी टीमों में शामिल होकर आगे बढ़ सके।

फ्रांस के उस्मान डेम्बेले ने किए लगातार तीन गोल

फ्रांस बनाम नॉर्वे मैच से पहले सबको यही लग रहा था कि इस मैच में नॉर्वे के स्टार खिलाड़ी एरलिंग हालैंड और फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। लेकिन मैच में असली कमाल उस्मान डेम्बेले ने कर दिखाया। फ्रांस के इस खिलाड़ी ने मैच के पहले ही हाफ में 7वें, 20वें और 32वें मिनट में लगातार तीन गोल करके अपनी शानदार हैट्रिक पूरी की और मैच को पूरी तरह फ्रांस की तरफ मोड़ दिया।

नॉर्वे की टीम ने भी 21वें मिनट में थियो आसगार्ड के गोल की मदद से वापसी करने की कोशिश की, लेकिन पूरे मैच में फ्रांस का ही बोलबाला रहा। मैच खत्म होने से ठीक पहले इंजरी टाइम (90+4वें मिनट में) डिजायर डुए ने फ्रांस के लिए चौथा गोल किया और अपनी टीम को 4-1 से एक बड़ी जीत दिला दी। इस शानदार जीत के साथ फ्रांस अपने ग्रुप में पहले नंबर पर रहकर अगले राउंड में पहुंच  गया है, जबकि नॉर्वे का मुकाबला अब अगले दौर में आइवरी कोस्ट की टीम से होगा।

सेनेगल का इराक के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन

ग्रुप के दूसरे मैच में सेनेगल के सामने केवल जीतने की नहीं, बल्कि बहुत बड़े अंतर से जीतने की चुनौती थी। इसी वजह से सेनेगल की टीम ने मैच की शुरुआत से ही पूरी ताकत से हमला करना शुरू कर दिया और चौथे ही मिनट में हबीब डियारा ने गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिला दी। मैच के 13वें मिनट में इराक की मुश्किलें तब और ज्यादा बढ़ गईं, जब उनके खिलाड़ी रेबिन सुलाका को रेड कार्ड दे दिया गया। इस वजह से इराक की टीम कमजोर हो गई।

मैच के पहले हाफ में सेनेगल की टीम सिर्फ 1-0 से आगे थी, लेकिन दूसरे हाफ में उसने लगातार कई गोल किए। पहले 56वें मिनट में इस्माइला सार ने टीम के लिए दूसरा गोल किया। इसके थोड़ी ही देर बाद पापे गुएए ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 59वें और 71वें मिनट में दो और गोल दाग दिए। फिर 82वें मिनट में इलिमान एनडियाये ने पांचवां गोल करके इराक की हार पक्की कर दी। इस तरह सेनेगल ने यह मैच 5-0 से जीत लिया। इस बड़ी जीत से सेनेगल की टीम को गोल के अंतर का बड़ा फायदा मिला है और अगले दौर में पहुंचने की उनकी उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।

यह भी पढ़ें

FIFA World Cup में हुआ बड़ा उलटफेर, इक्वाडोर ने जर्मनी को हराकर नॉकआउट के लिए किया क्वालीफाई

रोनाल्डो ने फीफा वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, उज्बेकिस्तान के खिलाफ गोल दागकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड