1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup में हुआ बड़ा उलटफेर, इक्वाडोर ने जर्मनी को हराकर नॉकआउट के लिए किया क्वालीफाई

FIFA World Cup में हुआ बड़ा उलटफेर, इक्वाडोर ने जर्मनी को हराकर नॉकआउट के लिए किया क्वालीफाई

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 26, 2026 08:19 am IST,  Updated : Jun 26, 2026 10:12 am IST

ग्रुप-ई के आखिरी मुकाबलों में इक्वाडोर ने शानदार वापसी करते हुए जर्मनी को 2-1 से हराकर नॉकआउट में जगह बनाई। जबकि आइवरी कोस्ट ने कुराकाओ को 2-0 से मात देकर अपने इतिहास में पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।

Ecuador - India TV Hindi
इक्वाडोर Image Source : AP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को ग्रुप-ई के दो मैच खेले गए, जिसके बाद अगले दौर (नॉकआउट) में पहुंचने वाली टीमों का फैसला हो गया। एक बड़े उलटफेर में इक्वाडोर ने चार बार की चैंपियन जर्मनी को 2-1 से हरा दिया और आसानी के साथ अंतिम-32 में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं दूसरे मैच में, आइवरी कोस्ट ने कुराकाओ को 2-0 से हराकर अपने इतिहास में पहली बार वर्ल्ड कप के अगले दौर में क्वालीफाई करने में कामयाब रही।

इक्वाडोर ने जर्मनी के खिलाफ दिखे शानदार खेल

फीफा वर्ल्ड कप के ग्रुप-ई के एक मैच में इक्वाडोर ने शानदार खेल दिखाते हुए जर्मनी को 2-1 से हरा दिया। मैच शुरू होते ही दूसरे मिनट में जर्मनी के लेरॉय साने ने गोल करके अपनी टीम को आगे कर दिया था। लेकिन इक्वाडोर की टीम ने इसके बाद शानदार पलटवार किया। मैच के 9वें मिनट में निल्सन अंगुलो ने इक्वाडोर के लिए एक गोल करके स्कोर को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। पहले हाफ तक दोनों टीमें बराबरी पर थीं।

इसके बाद दूसरे हाफ में भी इक्वाडोर ने अपना अटैकिंग खेल जारी रखा। मैच के 77वें मिनट में गोंजालो प्लाटा ने एक बेहतरीन गोल करके इक्वाडोर को 2-1 से आगे कर दिया, जो बाद में जीत की वजह बना। जर्मनी ने मैच बराबर करने की बहुत कोशिश की, लेकिन इक्वाडोर के डिफेंडर्स ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ ही इक्वाडोर ने अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर लिया है, जबकि पहले ही अगले दौर में पहुंच चुकी जर्मनी की इस टूर्नामेंट में यह पहली हार है।

कुराकाओ को हराकर आइवरी कोस्ट पहुंची अंतिम-32 में

आइवरी कोस्ट की टीम ने मैच की शुरुआत से ही बहुत अटैकिंग मोड में खेला और विरोधी टीम पर दबाव बना दिया। मैच के सिर्फ 7वें मिनट में ही निकोलस पेपे ने एक बेहतरीन गोल करके अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। पहले हाफ में बढ़त बनाने के बाद भी आइवरी कोस्ट ने दूसरे हाफ में अपना दबदबा कम नहीं होने दिया। दूसरी तरफ, कुराकाओ की टीम ने बराबरी करने की बहुत कोशिश की, लेकिन आइवरी कोस्ट के मजबूत डिफेंस के सामने उनकी एक न चली।

मैच के 64वें मिनट में निकोलस पेपे ने अपना दूसरा गोल दागकर अपनी टीम की जीत पक्की कर दी। इस तरह आइवरी कोस्ट ने यह मैच 2-0 से जीता और अपने ग्रुप-ई में दूसरे नंबर पर रहकर अगले नॉकआउट राउंड में पहुंच गई। वहीं पहली बार वर्ल्ड कप में खेल रही कुराकाओ की टीम इस हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

यह भी पढ़ें

रोनाल्डो ने फीफा वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, उज्बेकिस्तान के खिलाफ गोल दागकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

एम्बाप्पे का 100वें मैच में बड़ा धमाका, फ्रांस नॉकआउट में, FIFA वर्ल्ड कप में बना नया इतिहास

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल