A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सात्विक-चिराग की जोड़ी का हांगकांग ओपन में शानदार प्रदर्शन जारी, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

सात्विक-चिराग की जोड़ी का हांगकांग ओपन में शानदार प्रदर्शन जारी, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

हांगकांग ओपन में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। राउंड ऑफ-16 में सात्विक-चिराग की जोड़ी ने थाईलैंड की जोड़ी के खिलाफ 2-1 से जीत दर्ज की।

Satwiksairaj Rankireddy and Chirag Shetty- India TV Hindi
Image Source : PTI सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी

हांगकांग ओपन 2025 में भारत की सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष जोड़ी राउंड ऑफ 16 में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। सात्विक और चिराग की जोड़ी का सामना राउंड ऑफ 16 में थाईलैंड की जोड़ी पीराचाई सुकफुन और पक्कापोन तीरात्साकुल से था जिसमें करीब डेढ़ घंटे तक चले इस मैच में कुल तीन सेट का मुकाबला हुआ जिसे भारतीय मेंस जोड़ी ने 2-1 से अपने नाम करते हुए अगले दौर के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया।

पहले सेट में मिली हार, अगले 2 सेट में दिखाया शानदार खेल

वर्ल्ड नंबर 9 रैंकिंग जोड़ी सात्विक और चिराग को राउंड ऑफ 16 में थाईलैंड के खिलाफ मैच में पहले सेट में 18-21 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद दूसरे सेट में सात्विक और चिराग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21-15 उसे अपने नाम करने के साथ मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। तीसरे सेट में सात्विक और चिराग ने काफी आक्रामक खेल दिखाया जिसमें उनके स्मैश और तेज रिफ्लेक्सेस का जवाब थाईलैंड की जोड़ी पीराचाई सुकफुन और पक्कापोन तीरात्साकुल के पास नहीं था और उन्हें निर्णायक सेट में 21-11 के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

इससे पहले सात्विक और चिराग की जोड़ी को राउंड ऑफ 32 में ताइवान की जोड़ी के खिलाफ भी कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ा था जिसमें उन्होंने पहला सेट तो 21-13 के अंतर से जीता लेकिन दूसरे सेट में 18-21 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद तीसरे सेट को 21-10 के अंतर से जीतकर वह राउंड ऑफ 16 में पहुंचने में कामयाब हुए थे।

क्वार्टर फाइनल में होगा मलेशिया की जोड़ी से सामना

सात्विक और चिराग की जोड़ी का अब हांगकांग ओपन में क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मलेशिया की जुनैदी आरिफ और रॉय किंग याप की जोड़ी से सामना होगा। इस जोड़ी ने राउंड ऑफ 16 में चूंग होन जियान और मुहम्मद हाइकल की जोड़ी को लगातार 2 सेट 21-17 और 21-19 से मात देते हुए क्वार्टर फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का किया है। वहीं हांगकांग ओपन में मेंस सिंगल्स में 11 सितंबर को कई भारतीय खिलाड़ी राउंड ऑफ 16 में एक्शन में दिखाई देंगे जिसमें एचएस प्रणय का सामना हमवतन खिलाड़ी लक्ष्य सेन से होगा।

ये भी पढ़ें

पीवी सिंधु हांगकांग ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर से हुई बाहर, डेनमार्क की खिलाड़ी ने दी करारी मात

एशिया कप: भारतीय महिला हॉकी टीम ने कोरिया को चटाई धूल, धमाकेदार अंदाज में दर्ज कर ली जीत