1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. यूथ ओलंपिक गेम्स में भारत की तानिया का धमाका, बीच रेसलिंग के फाइनल में बनाई जगह, अब गोल्ड पर नजर

यूथ ओलंपिक गेम्स में भारत की तानिया का धमाका, बीच रेसलिंग के फाइनल में बनाई जगह, अब गोल्ड पर नजर

भारत की तानिया ने डकार यूथ ओलंपिक में महिला 75 किलोग्राम बीच रेसलिंग के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने चारों मुकाबले जीतकर खिताबी दौर में प्रवेश किया, जहां उनका सामना चीन की झाओ मिन से होगा।

Youth Olympics- India TV Hindi
Image Source : AP यूथ ओलंपिक गेम्स में भारत की तानिया का धमाका

भारत की युवा पहलवान तानिया ने यूथ ओलंपिक में अपने शानदार प्रदर्शन से गोल्ड मेडल की उम्मीद जगा दी है। उन्होंने महिला 75 किलोग्राम बीच रेसलिंग स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। शनिवार को खेले गए मुकाबलों में तानिया ने एक के बाद एक चार जीत दर्ज कीं और अब खिताबी मुकाबले में उनका सामना चीन की झाओ मिन से होगा।

तानिया ने पूरे दिन दमदार खेल दिखाया और अपने सभी मुकाबले जीतकर फाइनल का टिकट कटाया। उन्होंने ग्रुप बी में अपने अभियान की शुरुआत जर्मनी की मिया माउर के खिलाफ की। इस मुकाबले में भारतीय पहलवान ने 3-1 से जीत दर्ज की। इसके बाद दूसरे ग्रुप मुकाबले में उन्होंने ग्रीस की वासिलिकी कारावानू को भी तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया।

तानिया के चीन की झाओ मिन की चुनौती

नॉकआउट दौर में भी तानिया का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने एस्टोनिया की मेरिली वेस्टर को 4-1 से मात दी। इसके बाद सेमीफाइनल में अमेरिका की मटिल्डा एन ह्रुबी को 3-1 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब तानिया के सामने चीन की झाओ मिन की चुनौती होगी। इस मुकाबले में जीत उन्हें गोल्ड मेडल दिला देगी। चार मुकाबलों में अजेय रहने के बाद भारतीय पहलवान खिताबी मुकाबले में भी अपनी लय बरकरार रखना चाहेंगी।

यूथ ओलंपिक में पहली बार शामिल हुई बीच रेसलिंग

बीच रेसलिंग एक तेज रफ्तार कुश्ती प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन रेत पर सात मीटर के गोलाकार क्षेत्र में किया जाता है। सेनेगल में आयोजित हो रहे 2026 डकार यूथ ओलंपिक में इस खेल को पहली बार शामिल किया गया है। इस खेल में प्रत्येक मुकाबला अधिकतम तीन मिनट का होता है। जो पहलवान सबसे पहले तीन अंक हासिल कर लेता है, उसे विजेता घोषित किया जाता है। इसके अलावा अगर कोई खिलाड़ी ऐसा निर्णायक दांव लगाता है, जिसमें प्रतिद्वंद्वी पीठ के बल रेत पर गिरता है, तो भी मुकाबला वहीं समाप्त हो सकता है।

गौरतलब है कि यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 का आयोजन सेनेगल की राजधानी डकार में किया जा रहा है। यह यूथ ओलंपिक का चौथा संस्करण है और अफ्रीका में पहली बार इसका आयोजन हो रहा है। इस प्रतियोगिता में दुनिया भर के युवा खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें:

भारतीय एथलीट नीरज यादव ने किया सुसाइड, एशियन पैरा गेम्स में जीते थे 3 गोल्ड मेडल

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों ने किया ऐतिहासिक प्रदर्शन, 30 गोल्ड मेडल सहित जीते रिकॉर्ड कुल 114 पदक