Samsung Galaxy S26 FE Review: कैमरा और डिजाइन को पूरे नंबर, कुछ चीजें हो सकती थीं इंप्रूव, जानें हमें कैसा लगा
Samsung Galaxy S26 FE Review: सैमसंग के सबसे प्रीमियम फ्लैगशिप सीरीज के फैन एडिशन को कंपनी ने हाल ही में पेश किया है। हमें यह फोन कैसा लगा है, आइए जानते हैं।

- Display
- Processor
- Front Camera
- Rear Camera
- Ram
- Storage
- Battery
- Os
- Resolution
- Display6.7-inch FHD+ Dynamic AMOLED 2X
- ProcessorSamsung Exynos 2500
- Front Camera12MP
- Rear Camera50MP (OIS) + 12MP + 8MP
- Ram8GB
- Storage256GB
- Battery4,900mAh, 45W, 15W
- OsAndroid 17, OneUI 9
- Resolution2,340 x 1,080
Samsung Galaxy S26 सीरीज का सबसे अफोर्डेबल मॉडल हाल ही में ग्लोबली लॉन्च हुआ है। कंपनी ने इस 'फैन एडिशन' स्मार्टफोन को भारत में सेल के लिए उपलब्ध करा दिया है। यह फोन ग्लोबल मार्केट में तीन स्टोरेज वेरिएंट्स- 8GB RAM + 128GB, 8GB RAM + 256GB और 8GB RAM + 512GB में पेश किया है। हालांकि, भारत में यह केवल 8GB RAM + 256GB में लॉन्च हुआ है, जिसकी कीमत 79,999 रुपये है। यह डिवाइस तीन कलर ऑप्शन - Pistachio, Blueberry और Graphite में आता है। हमने इसका Pistachio कलर यूज किया है। हमें यह कैसा लगा है? आइए जानते हैं...
कैसा है डिजाइन?
दक्षिण कोरियाई कंपनी ने इस फोन का लुक और डिजाइन इस सीरीज के अन्य मॉडल की तरह ही रखा है। आपको डिजाइन में यूनिफॉर्मिटी देखने को मिलेगी। कंपनी ने इस डिवाइस को लाइटवेट रखने की कोशिश की है। फोन के साइड में एल्युमीनियम बॉडी का इस्तेमाल किया गया है। वहीं, बैक पैनल में ग्लास का यूज किया गया है। फोन का वजन महज 193 ग्राम है, जिसकी वजह से इसे आप आसानी से सिंगल हैंड में यूज कर सकते हैं। फोन के साइड में वॉल्यूम और पावर बटन मिलेगा। वहीं, नीचे की तरफ चार्जिंग पोर्ट, स्पीकर्स के साथ-साथ सिम कार्ड स्लॉट भी मिलता है।
यह फोन IP68 रेटेड है, जिसकी वजह से पानी में गिरने या फिर धूल में खराब नहीं होगा। इसके प्रोटेक्शन के लिए कंपनी ने फ्रंट और बैक दोनों में कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास विक्टस प्लस का यूज किया है। फोन के ओवरऑल डिजाइन की बात करें तो कंपनी ने इसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की है। यह देखने में Galaxy S26 और Galaxy S26 Plus की तरह ही लगता है। खास तौर पर यह Pistachio कलर वेरिएंट देखते ही आपको पसंद आ सकता है।
डिस्प्ले एक्सपीरियंस
सैमसंग के इस फ्लैगशिप फोन में 6.7 इंच का बड़ा FHD+ डायनैमिक AMOLED 2X डिस्प्ले मिलता है। फोन का डिस्प्ले 120Hz रिफ्रेश रेट और 1,900 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करता है। फोन के डिस्प्ले के ओवरऑल एक्सपीरियंस की बात करें तो कंपनी ने इसमें बेहद ही पतले बेजल वाला डिस्प्ले पैनल दिया है। फोन के चारों बेजल बेहद पतले हैं और एज-टू-एज वाली फील देते हैं।
जब भी आप इस फोन के डिस्प्ले पर कोई कंटेंट देखते हैं तो आपको इमर्सिव व्यूइंग एक्सपीरियंस मिलेगा। इस फोन के डिस्प्ले का रेजलूशन 2340 x 1080 पिक्सल है, जिसकी वजह से इमेज में ठीक-ठाक शार्पनेस देखने को मिलती है। फोन पर वीडियो कंटेंट देखते समय आपको नेचुरल कलर दिखाई देगा। इस फोन के डिस्प्ले पर डायरेक्ट सनलाइट पड़ने पर भी आपको कंटेंट सही दिखाई देंगे।
कैसी है परफॉर्मेंस?
दक्षिण कोरियाई कंपनी का यह फोन अपग्रेडेड Exynos 2500 चिपसेट पर काम करता है। इस फोन में 8GB रैम और 256GB स्टोरेज मिलता है। इसमें दो 5G नैनो सिम कार्ड लगाए जा सकते हैं। फोन में कंपनी ने 3nm ऑक्टाकोर प्रोसेसर यूज किया है, जिसे सैमसंग ने खुद बनाया है। यह कंपनी का फ्लैगशिप चिपसेट है, जिसमें आपको ठीक-ठाक परफॉर्मेंस मिल जाती है। मल्टी-टास्किंग करते समय आपको फोन की परफॉर्मेंस से कोई शिकायत नहीं मिलेगी। सबकुछ बेहद ही स्मूद तरीके से होता है। ऐप स्वीच से लेकर मल्टीपल विंडो में आप आसानी से बिना अटके स्विच कर सकते हैं।
हालांकि, फोन पर आप लंबे समय तक गेम खेलते हैं या फिर लंबे समय तक वीडियो रिकॉर्डिंग करते हैं तो बैक पैनल में गरमाहट महसूस होगी। थोड़ी देर बाद फोन कूल ऑफ हो जाता है, जिसके बाद आप इसे दोबारा यूज कर सकते हैं। यह फोन 4900mAh की बैटरी और 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आता है। इसमें 15W वायरलेस चार्जिंग का भी इस्तेमाल किया गया है।
कंपनी ने इस फोन के साथ चार्जिंग अडैप्टर नहीं दिया है। आप इसे अलग से खरीद सकते हैं। इस फोन की बैटरी को आप सिंगल चार्ज करके पूरे दिन आसानी से यूज कर सकते हैं। स्टैंडबाई मोड में इस फोन की बैटरी काफी दिनों तक चलती है। फोन के साथ कंपनी ने अडेप्टर नहीं दिया है। मैनें इसे Google Pixel के 33W वाले चार्जर से चार्ज किया है। फोन को 0 से फुल चार्ज होने में तकरीबन 70 से 75 मिनट का समय लगता है।
यह फोन लेटेस्ट Android 17 पर बेस्ड OneUI 9.0 के साथ आता है। फोन में मल्टी-लेयर सिक्योरिटी दी गई है। यह फोन कंपनी के Knox सिक्योरिटी के साथ आता है। फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम बेहद ही यूजर फ्रेंडली है। साथ ही, सैमसंग के फोन में आपको बेहतर सिक्योरिटी लेयर मिल जाता है। हालांकि, कंपनी ने फोन के साथ कई प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स दिए हैं, जो आपको इरिटेट कर सकते हैं। हालांकि, बाद में इसे आप अपनी सहूलियत के हिसाब से डिलीट भी कर सकते हैं।
कैमरा एक्सपीरियंस
सैमसंग का यह फैन एडिशन फ्लैगशिप फोन ट्रिपल कैमरा सेटअप के साथ आता है। इसमें 50MP का मेन OIS कैमरा मिलेगा। इसके साथ 12MP का अल्ट्रा वाइड और 8MP का टेलीफोटो कैमरा मिलेगा। फोन का टेलीफोटो कैमरा 3x ऑप्टिकल जूम को सपोर्ट करता है। इस स्मार्टफोन में सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 12MP का कैमरा दिया गया है। इस स्मार्टफोन का कैमरा इस सीरीज के अन्य मॉडल की तरह ही दमदार है।
इस फोन से आप डे लाइट में ठीक-ठाक तस्वीर क्लिक कर सकते हैं। फोन का कैमरा ऐप यूजर फ्रेंडली है, जिसकी वजह से आप कैमरे की सेटिंग्स को आसानी से एक्सेस कर लेते हैं। दिन के समय में फोन के कैमरे से ली गई तस्वीर में आपको नेचुरल कलर मिलेगा। वहीं, फोन से तस्वीर कैप्चर करने के बाद इसका ऐप इसे प्रोसेस करता है। हालांकि प्रोसेस किया हुआ तस्वीर थोड़ा एडिटेड लगता है।
लो-लाइट या कम रोशनी में ली गई तस्वीर भी ठीक आती है। यह थोड़ी पिक्सलेट होती है और तस्वीर को जूम करने पर हल्का धूंधलापन नजर आएगा। हालांकि, आप फ्लैश लाइट ऑन करने के बाद अगर तस्वीर लेते हैं तो यह अच्छा आता है। लो लाइट में हम आपको फ्लैश लाइट के साथ ही तस्वीर क्लिक करना रेकोमेंड करेंगे। सेल्फी कैमरे की बात करें तो यह ठीक-ठाक है। आप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के लिए अच्छी तस्वीर क्लिक कर सकते हैं।
हमें कैसा लगा फोन?
सैमसंग का यह फोन देखने में काफी आकर्षक लगता है। कंपनी ने फोन के डिजाइन को यूनिफॉर्म रखने की कोशिश की है। इसमें मेटल और ग्लास का यूज किया गया है। साथ ही, यह ड्यूरेबल भी है, जिसकी वजह से इसे कैरी करना आसान है। फोन लाइटवेट और स्लिम डिजाइन में आता है। इसके परफॉर्मेंस की बात करें तो यह फोन ठीक-ठाक परफॉर्मेंस देता है। हालांकि, सैमसंग के इस फोन में भी गर्म होने वाली दिक्कत है। सॉफ्टवेयर और सिक्योरिटी के मामले में यह फोन आपको निराश नहीं करेगा।
कैमरा की बात करें तो यह आपको निराश नहीं करेगा। इस सीरीज के अन्य मॉडल की तरह ही कंपनी ने फोन का कैमरा बेहतर रखा है। खास तौर पर डे लाइट में इससे आप नेचुरल तस्वीर क्लिक कर सकते हैं। वीडियोग्राफी और शूटिंग के लिए यह फोन एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है। फोन की कीमत थोड़ी ज्यादा है। हालांकि, इस साल लॉन्च हुए सभी फोन ओवरप्राइस्ड ही हैं।
यह भी पढ़ें - Motorola ने टीज किया 200MP कैमरा वाला फ्लैगशिप फोन, मिलेंगे तगड़े फीचर्स