AI Impact Summit: नई दिल्ली में इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 का आयोजन हो रहा है और इसमें भाग लेने के लिए दुनियाभर के शीर्ष टेक दिग्गज भारत आए हुए हैं। इसी कड़ी में आज गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है और उनसे एआई समिट समेत कुछ अन्य तकनीकी विषयों पर चर्चा की है। खबरों के मुताबिक सुंदर पिचाई 20 फरवरी को एआई इंपैक्ट समिट में संबोधित करेंगे।
सुंदर पिचाई ने भारत आने पर की खुशी जाहिर
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने इस मुलाकात से पहले भारत आने पर खुशी जाहिर की और एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि एआई इंपैक्ट समिट के लिए एक बार फिर भारत वापस आकर अच्छा लग रहा है," उन्होंने यहां के समाचार पत्रों का भी जिक्र किया कि "हमेशा की तरह गर्मजोशी से स्वागत हुआ है"
आज सुबह सुंदर पिचाई की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात के दौरान गूगल के अन्य प्रतिनिधि भी शामिल रहे।
इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026
इंडिया एआई इंपैक्ट समिट का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जा रहा है और ये 5 दिवसीय सम्मेलन 16 फरवरी से शुरू हुआ है जो 20 फरवरी तक चलेगा। इतने विशाल पैमाने पर आयोजित होने वाला ये ग्लोबल साउथ का पहला एआई समिट है और वैश्विक समिट के तौर पर देखें तो ये चौथा एआई शिखर सम्मेलन है।
दुनियाभर के नीति निर्माता, ग्लोबल टेक्नोलॉजी लीडर्स, स्टार्टअप्स, एआई रिसर्चर्स, इनोवेटर्स, हेल्थकेयर लीडर्स और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधि इस एआई महासम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं और आ रहे हैं। यहां 110 से ज्यादा देश और 30 इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजर्स इस इवेंट में हिस्सा ले रहे हैं। कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री इस समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे हैं।
यह ग्लोबल साउथ में होने वाला पहला एआई समिट है। इससे पहले तीन एआई समिट यूके, दक्षिण कोरिया और पेरिस में आयोजित किए गए थे। इसमें एआई और भविष्य की टेक्नोलॉजी के प्रभाव को लेकर दुनियाभर के इंडस्ट्री लीडर्स चर्चा करेंगे। ये समिट भारत के इंडिया एआई मिशन के अंतर्गत आयोजित की जा रही है और इसे केंद्रीय इलेक्ट्रोनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) की ओर से आयोजित किया जा रहा है जिसमें डिजिटल इंडिया की सोच को शामिल किया गया है।
ये भी पढ़ें
India AI Impact Summit बना दुनिया का सबसे बड़ा एआई शिखर सम्मेलन, भारतीय स्टार्टअप में आएगा 17 अरब डॉलर का निवेश- IT मंत्री