Apple के पहले फोल्डेबल आईफोन का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। क्यूपरटिनो बेस्ड टेक कंपनी इस साल सितंबर में अपने पहले फोल्डेबल आईफोन को लॉन्च करने वाली है। इस फोल्डेबल आईफोन का एक नया हैंड्स-ऑन वीडियो सामने आया है। वीडियो में फोन का डिजाइन देखा जा सकता है। इसके अलावा एक रिपोर्ट भी सामने आई है, जिसमें दावा किया गया है कि एप्पल के फोल्डेबल आईफोन में नई टेक्नोलॉजी वाले हिंज का इस्तेमाल किया जाएगा।
हैंड्स-ऑन वीडियो लीक
एप्पल के पहले फोल्डेबल डिवाइस iPhone Ultra के इस वीडियो को Apple Hub नाम के X हैंडल से पोस्ट किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि यह फोल्डेबल आईफोन का डमी है, जिसमें फोन का फ्रंट और बैक पैनल देखा जा सकता है। फोन के बैक पैनल में डुअल कैमरा सेटअप देखने को मिलता है। वहीं, नीचे की तरफ स्पीकर ग्रिल और USB Type C पोर्ट दिया गया है।
एप्पल के फोल्डेबल फोन का लुक काफी हद तक सैमसंग के फोल्डेबल फोन की तरह ही है। पिछले दिनों आई रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल के फोल्डेबल आईफोन के लिए सैमसंग ही डिस्प्ले सप्लाई करेगा। एप्पल इसमें एक खास तरह के हिंज टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने वाला है। यह फोल्डेबल आईफोन 2 लाख रुपये की कीमत में आ सकता है। आम तौर पर चीनी ब्रांड के फोल्डेबल फोन 1.5 लाख रुपये से लेकर 2 लाख रुपये के बीच में आते हैं।
यहां देखें वीडियो:
नई टेक्नोलॉजी वाला हिंज
पहले जो रिपोर्ट्स सामने आई थी उसके मुताबिक, एप्पल के फोल्डेबल आईफोन में लिक्विड मेटल हिंज का इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी फोन में एमॉर्फस मेटल अलॉय का इस्तेमाल करने वाली है। हालांकि, अब जो रिपोर्ट सामने आई है उसके मुताबिक, एप्पल iPhone Ultra में कंपनी 3D प्रिंटिंग हिंज स्ट्रक्चर का इस्तेमाल करेगी। यह खास हिंज फोन की स्क्रीन पर क्रीज नहीं पड़ने देगा। 3D प्रिंटिंग से तैयार हिंज के मूविंग पार्ट कम हो जाएंगे, जिसकी वजह से इसे फोल्ड और अनफोल्ड करने में आसानी होगी।
एप्पल के फोल्डेबल आईफोन के हिंज के बारे में टिप्स्टर जॉन प्रॉसर ने भी दावा किया था कि इसमें बेहद ही पतले हिंज का इस्तेमाल किया जाएगा। हिंज की मोटाई इतनी कम होने से इनर डिस्प्ले पर पड़ने वाला क्रीज न के बराबर दिखेगा। इस फोन की मोटाई भी महज 4.5mm होगी। यह पिछले साल लॉन्च हुए iPhone Air से भी पतला होगा, जिसकी मोटाई 5.6mm है।
यह भी पढ़ें - क्या आपने यूज किया है Samsung का सोलर पैनल वाला फोन? 16 साल पहले हुआ था लॉन्च