1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. AI Summit में अव्यवस्था पर अश्विनी वैष्णव ने मांगी माफी, लोगों के लिए बेहतर एक्सपीरियंस सुनिश्चित करेगी सरकार

AI Summit में अव्यवस्था पर अश्विनी वैष्णव ने मांगी माफी, लोगों के लिए बेहतर एक्सपीरियंस सुनिश्चित करेगी सरकार

केंद्रीय आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने AI Summit के पहले दिन हुई अव्यवस्था को लेकर लोगों से माफी मांगी है। केंद्रीय मंत्री ने लोगों से वादा किया है कि सरकार उन्हें बेहतर एक्सपीरियंस देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Ashwini Vaisnaw- India TV Hindi
Image Source : PTI अश्विनी वैष्णव

AI Summit के पहले दिन हुई अव्यवस्था को लेकर केंद्रीय आईटी मिनिस्ट अश्विनी वैष्णव ने लोगों से माफी मांगी है। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार लोगों को बेहतर एक्सपीरियंस को सुनिश्चित करेगी। इस बड़े एआई समिट में हिस्सा लेने के लिए दुनियाभर के टेक लीडर्स समेत एआई सेक्टर से जुड़े लोग हिस्सा ले रहे हैं। यह इवेंट 16 फरवरी से लेकर 20 फरवरी के बीच नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है।

लोगों को मिलेगा बेहतर एक्सपीरियंस

इलेक्ट्रॉनिक्स, रेलवे और आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि एआई समिट के पहले दिन जिन लोगों को अव्यवस्था की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा है, उनसे हम क्षमा मांगते हैं। सरकार दुनिया के बड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इवेंट में लोगों को बेहतर एक्सपीरियंस सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम लोगों को स्मूद एक्सपीरियंस देने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा इवेंट है। ऐसा रिस्पॉन्स मिलना बहुत बड़ी बात है। हमने देखा कि इवेंट का प्रबंधन अब स्मूद है। अगर, कल किसी को अव्यवस्था की वजह से दिक्कत हुई तो इसके लिए माफी मांगते हैं। भारत मंडपम में प्रेस को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर आपका कोई फीडबैक है तो हमारे साथ शेयर कीजिए। हम खुले मन से उसका स्वागत करेंगे और लोगों के एक्सपीरियंस को बेहतर करने की कोशिश करेंगे। हमारी पूरी टीम इस समिट के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत कर रही है।

एआई समिट से नई उर्जा का प्रवाह हुआ है

AI Summit में बोलते हुए केंद्रीय आईटी मिनिस्टर ने कहा कि इस समिट की वजह से एक नई उर्जा का प्रवाह हुआ है। एआई दुनिया का पांचवां औद्योगिक क्रांति है। यह दुनिया का सबसे बड़ा एआई समिट है। इस समिट के बाद अगले दो साल में 200 बिलियन डॉलर से ज्यादा के निवेश की आशा है। देश में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक अच्छा फ्रेमवर्क तैयार किया गया है, जो भविष्य में एआई को बढ़ावा देने का काम करेगा।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कंफर्म किया है कि NVIDIA के CEO जेसन हुआंग भारत में आयोजित एआई समिट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ जरूरी योजनाओं को लेकर वो इस समिट में उपस्थित नहीं रहेंगे। उनकी जगह सीनियर एग्जीक्यूटिव भारत आ रहे हैं। NVIDIA में AI क्षेत्र में काम करने वाली कई भारतीय कंपनियों का बड़ा निवेश है।

यह भी पढ़ें AI मॉडल्स की ट्रेनिंग पर अश्विनी वैष्णव ने उठाए सवाल, कहा- 'Deepfake तोड़ रहा लोगों का भरोसा'