Google की नई वॉर्निंग, करोड़ों स्मार्टफोन यूजर्स पर मंडरा रहा है खतरा, तुरंत कर लें ये काम
Google ने करोड़ों मोबाइल फोन यूजर्स के लिए नई चेतावनी जारी की है। दुनियाभर के करीब 1 अरब मोबाइल डिवाइस पर ये खतरा मंडरा रहा है।

Google ने दुनियाभर के करोड़ों स्मार्टफोन यूजर्स के लिए नई चेतावनी जारी की है। इन यूजर्स पर खतरनाक मेलवेयर और स्पाईवेयर के अटैक का खतरा मंडरा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुनियाभर के करीब आधे Android मोबाइल यूजर्स इसकी वजह से प्रभावित हो सकते हैं। इन यूजर्स के निजी डेटा, फोटो, वीडियो आदि हैकर्स के हाथ लग सकते हैं। हालांकि, यूजर्स इस खतरे से खुद को बचा सकते हैं।
करोड़ों मोबाइल फोन पर खतरा
Forbes की रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल ने Android 13 या उससे पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करने वाले करोड़ों मोबाइल यूजर्स के लिए यह चेतावनी जारी की है। इस ऑपरेटिंग सिस्टम पर फिलहाल दुनियाभर के करीब 40% मोबाइल फोन काम करते हैं। ऐसे स्मार्टफोन की संख्यां 1 अरब यानी 100 करोड़ के करीब है। पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए अब सिक्योरिटी अपडेट जारी नहीं किया जाता है, जिसकी वजह से हैकर्स के लिए वो आसान टारगेट बन सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल के सबसे लेटेस्ट Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करने वाले स्मार्टफोन की संख्यां महज 7.5% है। वहीं, Android 15 ऑपरेटिंग सिस्टम पर दुनियाभर के 19.3% स्मार्टफोन काम करते हैं। इसके अलावा Android 14 और Android 13 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करने वाले मोबाइल डिवाइस की संख्यां क्रमशः 17.9% और 13.9% हैं। ऐसे में कुल 58% स्मार्टफोन ही ऐसे हैं, जो इस समय सुरक्षित हैं। बांकी के बचे 42% स्मार्टफोन पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
तुरंत कर लें ये काम
अगर, आप पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम वाले मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे तुरंत अपग्रेड कर लें। पुराने स्मार्टफोन के लिए कोई भी अपडेट अब जारी नहीं की जाती है। ऐसे में फोन को हैकर्स अटैक कर सकते हैं और डिवाइस से आपकी निजी जानकारियां निकाल सकते हैं। हैकर्स आपकी जानकारी चुराकर आपको ब्लैकमेल कर सकते हैं और बड़ा फ्रॉड कर सकते हैं।
स्मार्टफोन कंपनियां औसतन 4 से 5 साल के लिए ही सिक्योरिटी अपडेट देती हैं यानी 4 से 5 साल के बाद आपको फोन बदल लेना चाहिए। हालांकि, सैमसंग, गूगल समेत नए लॉन्च होने वाले प्रीमियम फोन में आपको 7 साल तक सिक्योरिटी अपडेट मिलेगा। ज्यादातर मिड और बजट स्मार्टफोन में 3 से 4 साल का सिक्योरिटी अपडेट जारी किया जाता है।
यह भी पढ़ें - 200MP + 200MP कैमरा, MediaTek Dimensity 9500s के साथ आएगा Oppo Find X9s, जल्द भारत में होगा लॉन्च