Huawei ने भारत में अपनी नई स्मार्ट बैंड 11 सीरीज लॉन्च की है। इस सीरीज में तीन स्मार्ट बैंड Band 11, Band 11 Metal और Band 11 Pro पेश किए गए हैं। हुआवे के ये स्मार्ट बैंड कई तरह के हेल्थ फीचर्स और 14 दिनों तक की बैटरी बैकअप के साथ आते हैं। इस स्मार्ट बैंड सीरीज की खास बात ये है कि इनमें AMOLED डिस्प्ले पैनल दिया गया है और ये AI फीचर्स से लैस हैं।
हेल्थ और फिटनेस ट्रैकर
चीनी ब्रांड की इस स्मार्ट बैंड सीरीज में रियल टाइम स्लीप मॉनिटरिंग ट्रैकिंग, हार्ट रेट वेरिएबिलिटी, हार्ट रेट ट्रैकिंग और SpO2 मॉनिटरिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। यही नहीं, इस सीरीज के स्मार्ट बैंड में स्ट्रैस ट्रैकिंग, स्लीप ब्रीदिंग अवेयरनेस और पर्सनलाइज्ड स्लीप इन्साइट जैसे फीचर्स मिलेंगे। साथ ही, इनमें स्लीप इन्साइट फीचर दिया गया है, जिसमें आपको डेली स्लीप का स्टेटस दिखेगा।
Huawei की इस स्मार्टबैंड सीरीज में 100 वर्कआउट मोड्स मिलते हैं, जिनका इस्तेमाल फिटनेस के लिए किया जा सकता है। इसमें डेली वर्कआउट और फिटनेस रूटीन मैनेजमेंट के फीचर्स दिए गए हैं। इस स्मार्ट बैंड सीरीज में GNSS सेंसर दिया गया है, जो रूट ट्रैकिंग से लेकर नेविगेशन के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
क्या हैं स्पेसिफिकेशन्स?
Huawei Band 11 सीरीज में 1.62 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इस सीरीज के बैंड के डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 1500 निट्स तक की है। प्रो मॉडल में 2000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। इस बैंड की मोटाई 8.99mm है और इसका वजन 16 से 17 ग्राम तक है। इसमें एल्युमीनियम अलॉय का इस्तेमाल किया गया है।
यह ऑल्वेज-ऑन-डिस्प्ले और कस्टमाइज्ड विजेट के साथ-साथ 100 से ज्यादा वॉच फेस के साथ आता है। इस स्मार्ट बैंड सीरीज में 14 दिनों की मैक्सिमम बैटरी बैकअप मिलता है। वहीं, टिपिकल यूज में 8 दिनों का बैकअप मिलेगा। इसमें चार्जिंग के लिए मैग्नेटिक फास्ट चार्जिंग फीचर दिया गया है।
कितनी है कीमत?
Huawei Band 11 सीरीज को 2 जुलाई यानी आज से सेल के लिए भारत में उपलब्ध करा दिया गया है। इस बैंड को लीडिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन स्टोर के माध्यम से खरीदा जा सकता है। इसके Band 11 की कीमत 6,499 रुपये है। वहीं, Band 11 Metal की कीमत 7,999 रुपये है, जबकि Band 11 Pro में 8,999 रुपये है।
यह भी पढ़ें - Flipkart GOAT Sale में सस्ती मिलेगी Nothing Phone 4a सीरीज, 8000 रुपये तक का बंपर प्राइस कट