AI Impact Summit Day 3 Highlights: भारत के एआई समिट ने गिनीज बुक में दर्ज कराया रिकॉर्ड, एक दिन आगे बढ़ी डेट
इंडिया एआई इंपैक्ट समिट का आज तीसरा दिन है और इसको मिल रहे शानदार व अभूतपूर्व रिस्पॉन्स को देखते हुए इसे एक और दिन के लिए यानी 21 फरवरी तक बढ़ा दिया गया है।

India AI Impact Summit 2026: 16 फरवरी से 20 फरवरी के बीच आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का महाकुंभ भारत में आयोजित हो रहा है और इस 5 दिवसीय एआई महासम्मेलन India AI Impact Summit 2026 में टेक दिग्गजों के अलावा कई देशों के राजनीतिज्ञ और शीर्ष लीडर्स भी जुड़ रहे हैं। इस एआई इवेंट को शानदार और अभूतपूर्व रिस्पॉन्स मिल रहा है जिसकी झलक इवेंट में आयोजित भीड़ देखकर मिल जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी की शाम एआई इंपैक्ट समिट एक्सपो का उद्घाटन किया था और वहां विभिन्न स्टालों को अवलोकन करके देश के स्टार्टअप्स और स्थापित संस्थानों की एआई के मोर्चे पर प्रगति को सराहा था।
MeitY के सेक्रेटरी श्री एस कृष्णन के मुताबिक 2.5 लाख से भी ज्यादा लोगों ने इस इवेंट के लिए पहले ही रजिस्टर करा लिया था जो इस शिखर सम्मेलन के लिए लोगों के उत्साह को दिखाता है। इस इवेंट को दो हिस्सों में बांटा गया है और इसके तहत मुख्य भारत मंडपम भवन में सरकार और इंटरनेशनल डेलिगेशन की बैठकें और कॉन्फ्रेंस चल रही हैं। इसके अलावा पवेलियन एरिया में आम विजिटर्स और स्टूडेंट्स का जमावड़ा देखा जा रहा है।
इस एआई समिट को तीन मुख्य सूत्रों जन-धरती और प्रगति यानी पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस में बांटा गया है। 5 दिन तक चलने वाले इस समिट में 700 सत्रों की योजना बनाई गई हैं जिनमें एआई सेफ्टी, गवर्नेंस और इथिकल यूज से लेकर डेटा प्रोटेक्शन को लेकर चर्चाएं की जाएंगी। इवेंट में इंक्लुसिव और इम्पैक्टफुल एआई के भविष्य के एजेंडे पर ग्लोबल लीडर्स बात करेंगे।
AI Impact Summit 2026 Day 3 Highlights
Live updates : India AI Impact Summit Live
-
February 18, 2026 5:52 PM (IST) Posted by Harshit Harsh
AI Summit ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
भारत में आयोजित हो रहे AI Summit ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इस इवेंट में 2,50,000 लोगों के भाग लेने पर यह रिकॉर्ड बना है। IndiaAI टीम ने अपने X हैंडल से वीडियो जारी करके ये जानकारी दी है।
-
February 18, 2026 5:38 PM (IST) Posted by Harshit Harsh
एआई की वजह से सही और गलत की पहचान मुश्किल: नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री Dick Schoof
नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री Dick Schoof नई दिल्ली में आयोजित हो रहे एआई समिट में हिस्सा ले रहे हैं। अपने संबोधन में उन्होंने एआई के प्रभाव पर बोलते हुए कहा कि हम पहले से ही इसके तेजी से रोल आउट होने के प्रभाव झेल रहे हैं। बड़े पैमाने पर अफवाहें फैलाए जाते हैं जो समाज को प्रभावित करता है। एआई की वजह से सही और गलत की पहचान बहुत मुश्किल हो रही है।
-
February 18, 2026 4:35 PM (IST) Posted by Harshit Harsh
AI Summit में बोले सुंदर पिचाई- AIIMS के साथ कर रहे साझेदारी
AI Summit में भाग लेने भारत पहुंचे गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा कि हम AIIMS के साथ साझेदारी कर रहे हैं। एआई की मदद से रिपोर्ट तैयार हो जाएगा, जो डॉक्टर को रोगी के पूर्व इलाजों की जानकारियों को जल्दी से समझने में मदद करेगा।
-
February 18, 2026 4:09 PM (IST) Posted by Harshit Harsh
एग्जिबिटर्स को उन आइटम का प्रदर्शन नहीं करना चाहिए, जो उनका नहीं है : IT सेक्रेटरी
गलगोटिया यूनिवर्सिटी रोबोटिक डॉग वाले मामले में आईटी सेक्रेटरी एस कृष्णन ने कहा कि एग्जिबिटर्स को उन आइटम का प्रदर्शन नहीं करना चाहिए, जो उनका नहीं है। गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने चीन में बने रोबोटिग डॉग को चल रहे एआई समिट में प्रदर्शित किया था, जिसे लेकर भारी किरकिरी का सामना करना पड़ा।
-
February 18, 2026 3:51 PM (IST) Posted by Harshit Harsh
NPCI ने किया Nvidia के साथ साझेदारी
NPCI ने भारत में डिजिटल पेमेंट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को सुरक्षित करने के लिए Nvidia के साथ साझेदारी की है। डिजिटल पेमेंट्स में AI इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल करने के बाद लेन-देन और भी सुरक्षित हो जाएगा। साथ ही, एआई मॉडल के जरिए होने वाले फ्रॉड को भी रोका जा सकेगा।
-
February 18, 2026 2:55 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
एल एंड टी ने एनवीडिया के साथ मिलाया हाथ
इंडिया एआई समिट में लार्सन एंड टुब्रो (एल एंड टी) ने आज इंडिया एआई मिशन के तहत एक प्रस्तावित उद्यम की घोषणा की है। एलएंडटी ने एनवीडिया के साथ हाथ मिलाया है और इसके जरिए भारत की सबसे बड़ी गीगाबाइट-स्केल एआई फैक्ट्री लगाने के लिए पार्टनरशिप का ऐलान किया है। इसका उद्देश्य भारत को वैश्विक एआई शक्ति के रूप में मजबूत करने के लिए स्वतंत्र, स्केलेबल गीगाबाइट-स्केल एआई फैक्ट्री इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करना है। यह साझेदारी भारत के उद्यमों, नीति निर्माताओं, उद्योगपतियों, वैश्विक खरीदारों और विश्लेषकों को टारगेट करती है जो भारत के डिजिटल और औद्योगिक परिवर्तन पर आधारित उत्पादन-स्तरीय एआई क्षमता की तलाश में हैं।
-
February 18, 2026 2:50 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
भारत जैसे देशों में AI को लेकर अपार आशावाद और विश्वास-ऋषि सुनक
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा, "पूरी दुनिया में हम एआई के प्रति अलग-अलग दृष्टिकोण देख रहे हैं। भारत जैसे देशों में जहां हम मौजूद हैं, अपार आशावाद और विश्वास है वहीं पश्चिमी देशों में एआई के प्रति चिंता अभी भी प्रमुख भावना बनी हुई है। मेरा मानना है कि इस विश्वास की कमी को दूर करना जितना तकनीकी कार्य है, उतना ही नीतिगत कार्य भी है।"
-
February 18, 2026 2:14 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
एआई समिट एक्सपो में काटी गई गलगोटिया यूनिवर्सिटी के स्टॉल की बिजली
खबरों के मुताबिक रोबोटिक डॉग के प्रदर्शन को लेकर हुए विवाद के बाद एआई समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पेवेलियन को प्रदर्शनी खाली करने के लिए कहा गया है जिसके बाद वहां की बिजली काट दी गई। एआई इंपैक्ट समिट एक्सपो के वेन्यू पर मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड ने कहा कि "मेरे सुपरवाइजर ने कहा है कि गलगोटिया स्टॉल को बंद किया जा रहा है और बिजली शायद इलेक्ट्रसिटी डिपार्टमेंट की ओर से बंद कर दी गई है।
-
February 18, 2026 2:09 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
एआई इंपैक्ट समिट एक्सपो से गलगोटिया यूनिवर्सिटी का स्टाफ बाहर जाता दिखा
गलगोटिया यूनिवर्सिटी के स्टाफ और अन्य अधिकारी इंडिया एआई इंपैक्ट समिट एक्सपो में अपने स्टॉल से बाहर जाते दिखे। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक सरकार ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी को एआई इंपैक्ट समिट एक्सपो से स्टॉल खाली करने के लिए कहा है। हालांकि जब यूनिवर्सिटी के स्टाफ और अन्य अधिकारी एक्सपो से बाहर जाते दिखे तो उनकी तरफ से कहा गया कि लंच करने जा रहे हैं और कोई कहीं नहीं जा रहा है। गलगोटिया यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डॉ ऐश्वर्या श्रीवास्तव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि एक आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी की जाएगी जिसमें सारे सवालों के जवाब दिए जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा के इस इंस्टीट्यूट पर तब तुरंत एक्शन लिया गया जब मंगलवार को इस इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। क्लिप में यूनिवर्सिटी के रिप्रेजेंटेटिव एक रोबोटिक डॉग को अपने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बनाए प्रोडक्ट के तौर पर पेश करते दिखे। समिट के दौरान गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने जिस रोबोटिक डॉग को पेश किया उसकी पहचान चीनी रोबोट Unitree Go2 के तौर पर हुई है जो चीनी रोबोटिक्स फर्म Unitree Robotics का बनाया हुआ एक कमर्शियली उपलब्ध मॉडल है। समिट में रोबोट को गलगोटिया यूनिवर्सिटी की ओर से "ओरियन" नाम से पेश किए जाने के आरोप हैं।
-
February 18, 2026 1:42 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
AI इंपैक्ट समिट के उद्घाटन सत्र में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सहित 20 राष्ट्राध्यक्ष मौजूद रहेंगे
इंडिया एआई एक्सपो समिट 19 फरवरी को आम लोगों के लिए बंद रहेगा और इसके बजाय लोगों के लिए इसे एक अतिरिक्त दिन 21 फरवरी को खोला जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 फरवरी को मुख्य शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी सचिव एस कृष्णन ने कहा, "19 फरवरी को एक्सपो बंद रहेगा। भारी उत्साह के कारण इसे एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। यह शनिवार 21 फरवरी को खुला रहेगा।" कृष्णा ने कहा कि उद्घाटन सत्र में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सहित 20 राष्ट्राध्यक्ष उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा, "हम प्रतिबंधों के कारण जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं पहुंचाना चाहते, इसीलिए कल एक्सपो न खोलने का फैसला लिया गया है।" इससे पहले 'इंडिया एआई एक्सपो समिट' का आयोजन 16 से 20 फरवरी के बीच निर्धारित था।
-
February 18, 2026 1:30 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी सचिव हेनरी अगुडा ने बताया एआई समिट को महत्वपूर्ण
भारत एआई इम्पैक्ट समिट के मौके पर फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी सचिव हेनरी रोएल आर अगुडा ने कहा, "हमारे राष्ट्रपति ने ही हमें इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित किया क्योंकि फिलीपींस आसियान शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है और राष्ट्रपति ने ही आसियान शिखर सम्मेलन का वर्तमान विषय एआई रखा है। इसलिए यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत से बहुत सारे इनोवेशन आते हैं जिन्हें हम फिलीपींस वापस लाना चाहते हैं, चाहे वह दूरसंचार हो, पीपीओ (पॉलिटिकल पावर सप्लाई), सॉफ्टवेयर हो, या अब एआई इंफ्रास्ट्रक्चर हो या एआई सॉल्यूशन। मैं इस शिखर सम्मेलन में इन्हीं सब चीजों का अनुभव करना चाहता हूं।"
-
February 18, 2026 1:27 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
एआई इंपैक्ट समिट में आए कई वैश्विक नेताओं से आज मिल चुके हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एआई इंपैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हुए कई वैश्विक नेताओं से मिल चुके हैं और लगातार मुलाकातों का सिलसिला जारी है। पीएम मोदी आज 18 फरवरी को अब तक स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज, फिनलैंड के प्रधानमंत्री एंटी पेटेरी ओर्पो, सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक के साथ मुलाकात कर चुके हैं। इसके अलावा टेक दिग्गजों में देखें तो वो गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई के साथ मुलाकात कर चुके हैं।
-
February 18, 2026 1:17 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
PM मोदी ने फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो के साथ एआई से जुड़ी चर्चा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में AI इम्पैक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो के साथ द्विपक्षीय चर्चा की है। फिनलैंड के प्रधानमंत्री के साथ पीएम मोदी ने सस्टेनेबल डेवलपमेंट और डिजिटलीकरण, एआई रिसर्च और एथिकल इनोवेशन में सहयोग पर चर्चा की और यह भी बताया कि भारतीय प्रतिभा द्विपक्षीय सहयोग को कैसे मजबूत कर सकती है। प्रधानमंत्री ने एआई के क्षेत्र में उभरते इनोवेशन प्लेयर के रूप में फिनलैंड के प्रयासों की सराहना की। दोनों नेताओं ने जिम्मेदार, टैलेंट-ड्रिवन एआई को बढ़ावा देने और सस्टेनेबल भविष्य के लिए टेक-इनेबिल्ड सॉल्यूशन्स का उपयोग करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
-
February 18, 2026 1:04 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
गलगोटिया यूनिवर्सिटी को AI समिट एक्सपो खाली करने का आदेश-सूत्र
दिल्ली में एआई समिट के बीच सूत्रों के मुताबिक गलगोटिया यूनिवर्सिटी को AI समिट एक्सपो तुरंत खाली करने को कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक रोबोटिक डॉग के डिस्प्ले पर विवाद होने के बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी को AI समिट एक्सपो खाली करने को कहा गया। AI इम्पैक्ट समिट में चीन में बने रोबोडॉग के डिस्प्ले पर हुए विवाद के बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डॉ ऐश्वर्या श्रीवास्तव ने कहा, "हमने कभी दावा नहीं किया कि हमने इसे (रोबोडॉग) बनाया है, यह सिर्फ हमारे AI इन्वेस्टमेंट का एक हिस्सा था। इसे बहुत गलत तरीके से समझा गया।"
-
February 18, 2026 12:56 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
एआई इंपैक्ट समिट को 21 फरवरी तक बढ़ाया गया
आईटी सचिव एस कृष्णन ने बुधवार को कहा कि "शानदार रिस्पॉन्स" के कारण इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 को एक दिन के लिए बढ़ाया जा रहा है। इसको शनिवार, 21 फरवरी 2026 तक बढ़ा दिया गया है। गौरतलब है कि ये समिट पहले शुक्रवार 20 फरवरी तक चलने वाली थी लेकिन जनता के अपार रिस्पॉन्स को देखते हुए आईटी मंत्रालय ने इसे एक दिन के लिए एक्सटेंड करने का फैसला लिया है और ये शनिवार 21 फरवरी तक चलेगी।
-
February 18, 2026 12:45 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
एआई इंपैक्ट समिट पहुंचे मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम एआई इंपैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं। उनका स्वागत जलशक्ति राज्यमंत्री डॉ राज भूषण चौधरी ने किया।
-
February 18, 2026 12:24 PM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
एआई समिट में हिस्सा लेने सेशैल्स के वाइस प्रेसिडेंट पहुंचे भारत
सेशैल्स के उप-राष्ट्रपति Sebastien Pillay भी इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हुए हैं और यहां उनका स्वागत जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ राज भूषण चौधरी ने किया।
-
February 18, 2026 11:17 AM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
पीएम मोदी ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई से मुलाकात की
एआई समिट में आज भी मुलाकातों का दौर चलेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई से मुलाकात की है। सुंदर पिचाई गूगल के अन्य प्रतिनिधियों के साथ इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हुए हैं और नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इवेंट में हिस्सा लेंगे।
-
February 18, 2026 11:04 AM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
इंफोसिस के को-फाउंडर क्रिस गोपालकृष्णन ने जताया भरोसा
एआई समिट में इंफोसिस के को-फाउंडर और Axilor Ventures के चेयरमैन क्रिस गोपालकृष्णन ने कहा कि मेरा विश्वास है कि भारत एआई के अलग-अलग पहलू में दुनिया के टॉप 3 देशों में आ सकता है। एआई का असर उन एप्लीकेशन्स के माध्यम से देखा जा सकता है जिन्हें हम एआई का यूज करके विकसित करेंगे। भारत एक विशाल देश है जिसमें बड़ी संख्या में एप्लीकेशन्स और डेवलपर्स हैं. एप्लीकेशन्स के लेवल पर भारत वास्तव में नंबर एक बन सकता है। जब बड़े भाषा मॉडल की बात आती है तो हम मल्टी-मॉडल के साथ-साथ बहुभाषी मॉडल डेवलप कर रहे हैं, जो केवल इंग्लिश मॉडल से बहुत अलग हैं। जब मैं भविष्य के बारे में सोचता हूं तो मेरा पक्का विश्वास है कि हमें कम बिजली खपत वाली कंप्यूटिंग पर ध्यान देना होगा और कम बिजली खपत वाली कंप्यूटिंग में रिसर्च में निवेश करके, हम नेक्स्ट जेनरेशन के प्रोसेसर बना सकते हैं जो एआई को आगे बढ़ाएंगे. मेरा मानना है कि एआई की दिशा, एआई के भविष्य और एआई से मिलने वाले अवसरों पर भारत में चर्चा लाकर आर्टिफिशिल इंटेलीजेंस की दुनिया में भारत की भूमिका बढ़ेगी।
-
February 18, 2026 10:21 AM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव को भारत के नए भविष्य के लिए भरोसा
केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज एआई इंपेक्ट समिट में रिसर्च सिंपोजियम के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के लिए पूरी तरह नए भविष्य को देख पा रहे हैं। जिस तरह से भारी संख्या में यूथ एआई समिट को देखने और हिस्सा लेने के आगे आ रहा है उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की और कहा कि जब युवाओं से बात की गई तो उनसे बेहद शानदार रिस्पॉन्स मिला है। जिस तरह से यूथ-युवाओं ने एआई समिट के लिए अपना उत्साह दिखाया है वो काफी प्रोत्साहन देने वाला है। उनके उत्साह को देखते हुए मैं भारत के लिए पूरी तरह नए भविष्य के प्रति आश्वस्त हूं।
-
February 18, 2026 10:01 AM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
AI Impact Summit: स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज एआई समिट के लिए दिल्ली पहुंचे
स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज भी एआई इंपैक्ट समिट के लिए आज सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने उनका स्वागत किया। उससे पहले स्वीडन की उप-प्रधानमंत्री एब्बा बुश भी नई दिल्ली में आयोजित हो रही एआई इंपैक्ट समिट के लिए दिल्ली आई हैं।
-
February 18, 2026 9:42 AM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
AI Impact Summit: पीएम मोदी ने सर्बिया के राष्ट्रपति के AI पर लेख का किया उल्लेख
पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है कि सर्बिया गणराज्य के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक ने एक बेहतरीन लेख लिखा है जिसमें वे निश्चित रूप से एआई के बारे में बात कर रहे हैं। लेकिन इसके साथ ही भारत के प्रति अपने लगाव, एआई में भारत की प्रगति और मजबूत भारत-सर्बिया संबंधों पर भी प्रकाश डालते हैं!
-
February 18, 2026 9:39 AM (IST) Posted by Meenakshi Prakash
AI Impact Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एआई इंपेक्ट समिट के तीसरे दिन भी एक श्लोक के माध्यम से ज्ञान प्राप्ति से जुड़े सूत्र के विषय में बताते हुए लिखा है- "समग्र और विज्ञानयुक्त ज्ञान प्राप्ति के बाद जीवन में जानने योग्य कुछ भी शेष नहीं रह जाता है। ऐसा ज्ञान व्यक्ति को पूर्णता, स्पष्टता और सत्य की परम अनुभूति तक पहुंचा देता है।"