1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. Karbonn की लंबे समय के बाद वापसी, लॉन्च किए दो तगड़े फोन, मिलेगी 7000mAh की बैटरी

Karbonn की लंबे समय के बाद वापसी, लॉन्च किए दो तगड़े फोन, मिलेगी 7000mAh की बैटरी

Karbonn ने लंबे समय के बाद वापसी करते हुए दो बजट फ्रेंडली स्मार्टफोन Rebel Pro और Rebel भारत में लॉन्च किए हैं। ये दोनों फोन दमदार बैटरी के साथ जबरदस्त फीचर्स से लैस हैं।

Karbonn Rebel Pro- India TV Hindi
Image Source : KARBONN/AMAZON कार्बन रिबेल प्रो सीरीज

Karbonn ने लंबे समय के बाद अपना स्मार्टफोन लॉन्च किया है। देसी ब्रांड ने 2021 में अपना आखिरी स्मार्टफोन Karbonn X21 लॉन्च किया था। 2010 की दशक में बजट फ्रेंडली स्मार्टफोन बनाने वाली देसी कंपनी पिछले 15 साल से बाजार से बाहर रही है। अब कंपनी ने दो दमदार बजट फ्रेंडली फोन लॉन्च किए हैं, जो 7000mAh की दमदार बैटरी के साथ आता हैं। कार्बन के ये फोन Rebel सीरीज में पेश किए गए हैं।

Karbonn Rebel Pro, Rebel की कीमत

कार्बन मोबाइल्स के ये दोनों फोन Karbonn Rebel और Karbonn Rebel Pro भारत में 14,999 रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च किए गए हैं। हालांकि, कंपनी ने इन दोनों फोन की लॉन्च प्राइस कमशः 11,999 रुपये और 12,499 रुपये रखी है। ये दोनों फोन ई-कॉमर्स वेबसाइट Amazon पर 4 नवंबर को दिन के 12 बजे सेल के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। कंपनी फोन की खरीद पर 1,000 रुपये का डिस्काउंट ऑफर कर रही है। ऐसे में यह सीरीज 10,999 रुपये की शुरुआती कीमत में मिलेगी।

Karbonn Rebel सीरीज के ये दोनों फोन 6GB RAM + 128GB वेरिएंट में पेश किए गए हैं। इसके स्टैंडर्ड मॉडल Karbonn Rebel को ब्लू, गोल्ड और सिल्वर कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकता है। वहीं, इसका प्रो मॉडल ब्लू, चेरी रेड, गोल्ड और ग्रे कलर ऑप्शन में आता है।

Karbonn Rebel, Rebel Pro के फीचर्स

कार्बन के ये दोनों फोन HD+ LCD टच स्क्रीन डिस्प्ले के साथ आते हैं। इसके स्टैंडर्ड मॉडल में 6.75 इंच का डिस्प्ले मिलेगा, जो 90Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। वहीं, प्रो मॉडल 6.7 इंच के डिस्प्ले के साथ आता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। इन दोनों फोन के डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 720 निट्स तक की है।

इन दोनों 4G स्मार्टफोन में कंपनी ने MediaTek Helio G81 चिपसेट दिया है। ये दोनों फोन 6GB रैम और 128GB  स्टोरेज के साथ आते हैं, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 1TB तक एक्सपेंड किया जा सकता है। इन दोनों स्मार्टफोन में IP64 रेटिंग मिलती है, जिसकी वजह से पानी में भींगने पर भी ये खराब नहीं होंगे।

कैमरे की बात करें तो इसके स्टैंडर्ड Rebel मॉडल में 50MP का मेन कैमरा दिया गया है। वहीं, प्रो मॉडल में 64MP का मेन कैमरा मिलेगा। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 16MP का कैमरा दिया गया है। ये दोनों फोन दमदार बैटरी के साथ आते हैं। स्टैंडर्ड मॉडल में 7000mAh की बैटरी और 18W वायर्ड फास्ट चार्जिंग फीचर दिया गया है। वहीं, प्रो मॉडल में 6000mAh की बैटरी और 20W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा। इन दोनों फोन में 3.5mm ऑडियो जैक और USB Type C मिलता है।

यह भी पढ़ें - Redmi ने लॉन्च किया OLED डिस्प्ले वाला बजट फ्रेंडली फोन, मिलेगा 50MP कैमरा