A
  1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. Meta ला रही इंस्टाग्राम प्लस सर्विस, ऐप के अंदर मिलेंगे कई नए फीचर्स-स्टोरीज का बदल जाएगा अंदाज

Meta ला रही इंस्टाग्राम प्लस सर्विस, ऐप के अंदर मिलेंगे कई नए फीचर्स-स्टोरीज का बदल जाएगा अंदाज

इंस्टाग्राम प्लस एक ऐसा फंक्शन है जो यूजर्स का इंस्टा एक्सपीरीएंस काफी हद तक बदल देगा और इसमें भी स्टोरीज फीचर में सबसे ज्यादा अपडेट देखने को मिलेगा।

Instagram Plus- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK इंस्टाग्राम प्लस

Instagram Plus: सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने इंस्टाग्राम पर एक नई सब्सक्रिप्शन सर्विस की टेस्टिंग शुरू कर दी है। इंस्टाग्राम प्लस नाम की इस सर्विस में कुछ एक्स्ट्रा फैसिलिटी हैं जो फ्री वर्जन में नहीं मिलती हैं। यह सिर्फ क्रिएटर्स के लिए ही नहीं है बल्कि इसे आम यूजर्स के लिए भी आजमाया जा रहा है। दरअसल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एडवर्टाइजमेंट पर ही टिके रहने के बजाय धीरे-धीरे पेड फीचर्स या फैसिलिटी को जोड़ रहे हैं। स्नैपचैट और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पहले ही अपने मेंबरशिप प्लान के साथ इसी राह पर आगे बढ़ चुके हैं और मेटा भी पीछे कहां रहने वाली है।

इंस्टाग्राम प्लस क्या है?

इंस्टाग्राम प्लस एक पेड ऐड-ऑन है जो ऐप के अंदर एक्स्ट्रा फैसिलिटी को अनलॉक करता है। यह मेटा वेरिफाइड से अलग है जो मुख्य रूप से क्रिएटर्स के लिए है और वैरिफिकेशन और अकाउंट सेफ्टी जैसी चीजों पर फोक्स्ड है। यह उन आम यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो स्टोरीज के इस्तेमाल और दूसरों के साथ बातचीत पर ज्यादा कंट्रोल चाहते हैं। इसकी ज्यादातर फैसिलिटी स्टोरीज से जुड़ी हुई हैं। टेकक्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल यह टेस्टिंग कुछ ही देशों तक सीमित है जिनमें मेक्सिको, जापान और फिलीपींस शामिल हैं। अभी यह क्लियर नहीं है कि इसे कब लॉन्च किया जाएगा।

फिलहाल क्या टेस्टिंग चल रही है?

इस फीचर की सबसे खास बातों में से एक है किसी की स्टोरी को बिना उनकी जानकारी के देखना, इससे स्टोरी देखने का तरीका बदल जाता है जहां आमतौर पर आपका नाम व्यूअर लिस्ट में दिखाई देता है। इसके तहत यूजर्स को अपनी स्टोरीज पर ज्यादा कंट्रोल मिलता है। आप केवल करीबी दोस्तों पर निर्भर रहने के बजाए कई ऑडियंस लिस्ट बना सकते हैं। इसका मतलब है कि आप यह तय कर सकते हैं कि आपकी स्टोरी किसे दिखाई देगी, बिना इसे सभी के साथ शेयर किए ये काम हो सकता है। 

कुछ और फैसिलिटी भी जोड़ी गई हैं। सब्सक्राइबर स्टोरी का टाइम स्टैंडर्ड 24 घंटे की लिमिट से आगे बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा इसे हाइलाइट भी कर सकते हैं ताकि यह फॉलोअर्स को ज्यादा विजिबलिटी से दिखाई दे सकती है। स्टोरीज के लिए 'सुपरलाइक' ऑप्शन और लिस्ट में खास व्यूअर्स को तुरंत ढूंढने के लिए एक सर्च टूल भी है। एक और छोटा बदलाव यह है कि यूजर्स यह देख सकते हैं कि उनकी स्टोरी को कितनी बार देखा गया है, जो स्टैंडर्ड वर्जन में अवेलेबल नहीं है।

इंस्टाग्राम प्लस की कीमत और अवेलिबिलिटी

इसकी कीमत उस देश पर निर्भर करती है जहां इसकी टेस्टिंग की जा रही है। ऑनलाइन शेयर किए गए स्क्रीनशॉट के बेस पर इसकी कीमत मेक्सिको में 39 मैक्सिकन पेसो हर महीने, जापान में 319 येन हर महीने और फिलीपींस में 65 फिलीपींस पेसो हर महीने है। यह अभी भी डेवलपमेंट फेज में है, इसलिए कीमत और फैसिलिटी में बाद में चेंज हो सकता है। मेटा ने यह नहीं बताया है कि यह दूसरे रीजन्स में कब लॉन्च होगा।

ये भी पढ़ें 

Lava Bold N2 Pro भारत में हुआ लॉन्च, 50-मेगापिक्सेल कैमरा से लैस और कीमत 8000 रुपये से कम