Samsung Galaxy S25 की कीमत में बड़ा इजाफा हुआ है। सैमसंग का पिछले साल लॉन्च हुआ फ्लैगशिप फोन अब 12,000 रुपये तक महंगा मिल रहा है। इसकी कीमत Galaxy S26 के लगभग बराबर हो गई है। सैमसंग का यह फोन Qualcomm Snapdragon 8 Elite चिपसेट के साथ आता है। इसके अलावा फोन में Google Gemini पर बेस्ड Galaxy AI फीचर भी मिलेगा।
कितना महंगा हुआ फोन?
Samsung Galaxy S25 को भारत में 79,999 रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च किया गया था। अब इस फोन की कीमत में 4,000 रुपये का इजाफा किया गया है। प्राइस हाइक के बाद यह फोन अब 83,999 रुपये में मिलेगा। हालांकि, इसकी लिस्ट प्राइस पहले 80,999 रुपये थी, जो अब बढ़कर 84,999 रुपये हो गई है।
वहीं, इसका 12GB RAM + 512GB स्टोरेज वाला वेरिएंट अब लॉन्च प्राइस से 12,000 रुपये तक महंगा हो गया है। इसे 91,999 रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च किया गया था। अब यह वेरिएंट 1,03,999 रुपये में मिलेगा। इसकी लिस्ट प्राइस 92,999 रुपये थी, जो अब बढ़कर 1,04,999 रुपये हो गई है। हाल ही में सैमसंग का यह फोन अमेजन पर 65,000 रुपये की शुरुआती कीमत में मिल रहा था।
| Samsung Galaxy S25 |
पुरानी कीमत |
नई कीमत |
| 12GB + 256GB |
79,999 रुपये |
83,999 रुपये |
| 12GB + 512GB |
91,999 रुपये |
1,03,999 रुपये |
टिप्स्टर अभिषेक यादव ने अपने X हैंडल से सैमसंग के इस फोन की कीमत में हुए इजाफे का दावा किया है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब इस साल सैमसंग के फोन की कीमत बढ़ी है। पिछले दिनों भी Galaxy M47 5G की कीमत लॉन्च के महज कुछ दिन बाद ही बढ़ गई थी। इसके अलावा इस साल लॉन्च हुए सभी मॉडल अब लॉन्च प्राइस से महंगे में मिल रहे हैं। इसकी मुख्य वजह मेमोरी चिपसेट की कीमत में इजाफा होना है। इसके अलावा अन्य कंपोनेंट्स भी दिनों-दिन महंगे होते जा रहे हैं, जिसका असर फोन की कीमत पर पड़ रहा है।
Samsung Galaxy S25 के फीचर्स
सैमसंग का यह फोन पिछले साल जनवरी 2025 में लॉन्च किया गया था। फोन में 6.2 इंच का Dynamic AMOLED 2X मिलता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। यह फोन Qualcomm Snapdragon 8 Elite या Galaxy Exynos 2500 चिपसेट के साथ आता है। फोन में 12GB तक रैम और 512GB तक स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है। यह Andorid 16 पर बेस्ड OneUI 8 पर काम करता है।
इस फोन के बैक में ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है। फोन में 50MP का मेन OIS कैमरा मिलेगा। इसके साथ 12MP का अल्ट्रा वाइड और 10MP का टेलीफोटो कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए सैमसंग के इस फोन में 12MP का कैमरा दिया गया है। इस फोन में 4,000mAh की बैटरी और 25W वायर्ड के साथ वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। साथ ही, यह IP68 रेटेड है, जिसकी वजह से वाटर और डस्टप्रूफ है।
यह भी पढ़ें - Samsung Galaxy S26 FE की डेट हुई कंफर्म, अगले सप्ताह भारत में होगा लॉन्च