WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक और कमाल का फीचर रोल आउट किया है, जो उनकी लंबे समय से चल रही दिक्कत को दूर कर देगा। वॉट्सऐप के इस फीचर हाल ही में Android और iOS बीटा वर्जन में देखा गया था। अब इस फीचर को WhatsApp ने रिलीज कर दिया है। आने वाले कुछ समय में सभी यूजर्स को वॉट्सऐप में यह नया ग्रुप मैसेज हिस्ट्री फीचर मिलने लगेगा।
क्या है नया ग्रुप मैसेज हिस्ट्री फीचर?
वॉट्सऐप ने अपने आधिकारिक ब्लॉग के जरिए इस फीचर को कंफर्म किया है। वॉट्सऐप ने ग्रुप यूजर्स के लिए इस फीचर को रोल आउट किया है। अभी किसी वॉट्सऐप ग्रुप में जब भी कोई नया यूजर जुड़ता है तो उसे उस ग्रुप के पिछले मैसेज नहीं दिखाई देते हैं। वॉट्सऐप के इस नए फीचर के आने का बाद अब किसी ग्रुप के नए मेंबर्स को पुरानी चैट्स दिखाई देंगे। हालांकि, इसके लिए एक लिमिट सेट की गई है।
ब्लॉग पोस्ट के मुताबिक, वॉट्सऐप ग्रुप के लिए इस फीचर को एंड्रॉइड और आईफोन दोनों यूजर्स के लिए रोल आउट किया गया है। किसी ग्रुप में जब भी कोई नया मेंबर जुड़ेगा तो उसे पिछले अधिकतम 100 मैसेज दिखाई देंगे। हालांकि, ये ग्रुप के एडमिन पर निर्भर करेगा कि वो नए मेंबर्स को पुराने 25, 50, 75 या 100 मैसेज का एक्सेस देगा। इस फीचर के आने के बाद नए यूजर को भी ग्रुप के पुराने जरूरी मैसेज का एक्सेस मिल जाएगा। इसके अलावा ग्रुप में नए यूजर को जोड़ने वाले मेंबर का नाम भी फ्लैश होगा।
एडमिन के पास खास पावर
WhatsApp ने अपने ब्लॉग में बताया कि वॉट्सऐप में किसी ग्रुप के नए मेंबर को पुराने मैसेज का एक्सेस देना पूरी तरह से एडमिन पर निर्भर करता है। अगर, एडमिन चाहे तो ग्रुप के इस फीचर को डिसेबल भी कर सकते हैं। इस फीचर को ट्रांसपैरेंट बनाने के लिए जब भी ग्रुप के किसी नए मेंबर को पुराने मैसेज की हिस्ट्री एडमिन द्वारा शेयर की जाएगी, ग्रुप के सभी मेंबर को इसके लिए नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, ताकि उनको पता लग सके कि नए मेंबर के पास उसके पुराने कन्वर्सेशन का एक्सेस है।
वॉट्सऐप ने बताया कि इस फीचर को फेज वाइज रोल आउट किया जा रहा है। ऐसे में जिन यूजर्स को ऐप में यह फीचर नहीं मिला है, वो अपने ऐप को गूगल प्ले स्टोर या फिर एप्पल ऐप स्टोर से लेटेस्ट वर्जन में अपडेट कर लें। इसके बाद उन्हें यह फीचर मिलने लगेगा।
यह भी पढ़ें - इधर भारत में चल रहा समिट, उधर एलन मस्क और सत्य नडेला के बीच हुई बड़ी AI डील