A
  1. Hindi News
  2. टेक
  3. टिप्स और ट्रिक्स
  4. ऑनलाइन एसी खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना है जरूरी, समझें काम की बात

ऑनलाइन एसी खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना है जरूरी, समझें काम की बात

अगर ऑनलाइन एसी खरीद रहे हैं तो कुछ जरूरी बातों का ख्याल रखना बेहद जरूरी है वर्ना गलत अप्लायंस घर आ सकता है। यहां जानिए ऑनलाइन एसी खरीदने से पहले के जरूरी टिप्स-

Online AC Buying- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK एसी की ऑनलाइन खरीदारी
AC Buying Tips: गर्मियों का मौसम आ चुका है और जिन घरों में एसी हैं वहां उनकी सर्विसिंग या गैस भरवाने जैसी गतिविधियां हो रही हैं।  अगर आपको इन गर्मियों के लिए नया एसी खरीदना है तो आपको कुछ बातों का ध्यान रख लेना चाहिए क्योंकि ये कोई सस्ता होम अप्लायंस नहीं है और एक बार खरीदकर आपकी मंशा इसे लंबे समय तक चलाने की होती है। लिहाजा ऑनलाइन एसी खरीद रहे हैं तो इन बातों का ध्यान रख लीजिए जिससे आपके पैसे पर भरपूर वैल्यू बाइंग का तरीका आपको मिल सके।
 
 1. एसी का टाइप चुनना जरूरी
आपको अपने कमरे के मुताबिक एसी की खरीदारी करनी चाहिए जैसे शांत, स्टाइलिश और बड़े कमरों के लिए स्पिलिट एसी (Split AC) ठीक रहता है और छोटे कमरों के लिए विंडो एसी का चुनाव ठीक रहता है। अगर आपके कमरे का साइज 120 वर्गफुट से 200 वर्गफुट है तो स्पिलिट एसी को चुनना ठीक रहता है।
 
2. एसी की टन क्षमता सही जानें
अपने कमरे के साइज के हिसाब से एसी का सही टन चुनें जैसे 100-120 वर्गफुट तक के कमरे के लिए 1 टन वाला एसी, 120-180 वर्गफुट तक के कमरे के लिए 1.5 टन एसी और 180 वर्गफुट से बड़े कमरे के लिए 2 टन एसी सही रहेगा।
 
3. इन्वर्टर बनाम नॉन-इन्वर्टर AC में से करें चुनाव
इन्वर्टर AC: यह बिजली बचाता है और कम आवाज करता है और लंबी अवधि के लिए बेहतर है। यह कंप्रेसर की स्पीड को जरूरत के मुताबिक एडजस्ट करता है। नॉन-इन्वर्टर AC फिक्स्ड स्पीड पर चलता है। अगर आपका इस्तेमाल दिन में केवल 1-2 घंटे है तो इसे चुन सकते हैं। ये सस्ता है लेकिन बिजली ज्यादा खर्च करता है। लंबे समय के लिए इन्वर्टर AC लेना फायदेमंद साबित होता है।
 
4. एनर्जी रेटिंग पर दें ध्यान
थ्री स्टार एसी में बिजली बचत ठीक-ठीक होती है और 5 स्टार महंगा आता है लेकिन बिजली बचत कराने में आगे रहता है। लॉन्ग टर्म में 5 स्टार एसी ठीक रहता है।
 
5. कूलिंग फीचर्स
एसी में टर्बो कूलिंग, स्लीप मोड, ऑटो रीस्टार्ट और डीह्यूमिडफायर जैसे फीचर्स हो तो ये बेहतर रहता है और लंबे समय तक कूलिंग कराता है।
 
6. कॉयल का टाइप
हमेशा 100 परसेंट कॉपर कंडेंसर ऑयल वाला एसी खरीदें क्योंकि एल्यूमीनियम के मुकाबले कॉपर जल्दी ठंडा करते हैं और इनकी रिपेयरिंग भी आसान होती है, साथ ही ये लंबे समय तक चलते हैं।
 
7. मॉडर्न फीचर्स से हो लैस
ऑनलाइन एसी खरीदने में इन मॉडर्न फीचर्स का जरूर ध्यान रखें जैसे कि वाईफाई और एआई यानी मोबाइल ऐप या वॉइस असिस्टेंट से कंट्रोल करने की फैसिलिटी हो। 
 
8. रिव्यूज और रेटिंग्स
अमेजन या फ्लिपकार्ट से खरीद रहे हैं तो रियल यूजर रिव्यूज जरूर पढ़ें और जिन पर लो रेटिंग्स हैं उसके कारण जरूर देखें।
 
9. इंस्टॉलेशन और छुपे हुए चार्ज
इंस्टॉलेशन चार्ज फ्री है या इसके लिए आपको पैसे देने होंगे इस बात को चेक कर लें। ज्यादातर ऑनलाइन एसी खरीदारी में इंस्टॉलेशन चार्ज शामिल नहीं होते जिसके लिए आपको 1200-2000 रुपये के बीच खर्च करना पड़ सकता है। एक्स्ट्रा पाइप वॉटर चार्ज और आउटडोर यूनिट स्टैंड के बारे में भी जानकारी हासिल करने के बाद खरीदरी का फैसला लें।
 
10. वॉरेंटी के बारे में जान लीजिए
कंप्रेसर वॉरेंटी 5-10 साल के बीच होनी चाहिए और प्रोडक्ट वॉरेंटी कम से कम 1 साल तो होनी ही चाहिए, इसका ख्याल रखकर ऑनलाइन एसी की खरीदारी करें।
 
ये भी पढ़ें

 Apple का WWDC जून 2026 में होगा आयोजित, जानें तारीखें और कैसे-कहां देख सकते हैं ये टेक इवेंट