1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्रीय एकता रैली में शामिल हुए तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी, कहा-पूरा देश एकजुट

आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्रीय एकता रैली में शामिल हुए तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी, कहा-पूरा देश एकजुट

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्रीय एकता रैली में भाग लिया और कहा कि मौजूदा समय में सरकार के हर फैसले के साथ हम हैं। पूरा देश एकजुट है।

सीएम रेवंत रेड्डी - India TV Hindi
Image Source : X@REVANTH_ANUMULA सीएम रेवंत रेड्डी

हैदराबादः तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए.रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को सचिवालय से इंदिरा गांधी की प्रतिमा तक आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्रीय एकता रैली में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के वक्त अलग सोच रख सकते हैं लेकिन ऐसे समय में हम एक जुट हैं। जो देश इस वक्त भारत में आतंकवाद फैला रहा है। उसके देश को भी आज़ादी महात्मा गांधी ने ही दिया है यह उसे याद रखना चाहिए।

पूरा देश एकजुट है, हम सेना के साथ खड़े हैंः रेड्डी

 सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि हमारे बहादुर भारतीय सैनिकों ने भारत की शक्ति दिखाने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया है। अगर हमारे बहादुर सैनिक चाहें तो वे रातों-रात पाकिस्तान को दुनिया के नक्शे से मिटा देंगे। अगर हम चाहें तो पाकिस्तान कल सूरज भी नहीं देख पाएगा। रेवंत रेड्डी ने कहा कि हमारे वीर जवान ताक़त दिखा रहे हैं। उनके साथ पूरा तेलंगाना की जनता है। आतंकवाद को जो देश पनाह देगा उसे हम मिटा देंगे। राजनीति के मुद्दे पर हम अलग हो सकते हैं लेकिन जब बात देश की हो तो देश की 140 करोड़ जनता एक है। 

रेवंत रेड्डी ने कहा कि पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों पर किए गए हमलों से देश गौरवान्वित है और वह सेना के साथ मजबूती से खड़े हैं। रेवंत रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "एक भारतीय नागरिक के रूप में, मैं अपने सशस्त्र बलों के साथ मजबूती से खड़ा हूं।

तेलंगाना में आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

इससे पहले बुधवार को रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में एकीकृत कमान नियंत्रण केंद्र में सुरक्षा पर एक आपातकालीन बैठक की, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर के बाद सभी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

रेड्डी ने कहा कि सभी कर्मचारियों को अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार रहना चाहिए। सभी मंत्रियों और अधिकारियों को भी उपलब्ध रहना चाहिए और यदि कोई विदेश यात्रा हो तो उसे रद्द कर देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने पुलिस से राज्य में रहने वाले सभी अनियमित पाकिस्तानी और बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लेने के लिए भी कहा।