नोएडा: टीवी देखने से रोकने पर बच्चे ने किया सुसाइड, मां ने लगाई थी डांट
नोएडा में 12 साल के एक बच्चे ने आत्महत्या कर ली। वह टीवी देखने का आदी था और उसकी मां ने उसे टीवी देखने से मना किया था।

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के थाना फेस 2 इलाके में एक बच्चे ने फांसी के फंदे से लटक कर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि वह टीवी देखने का आदी था। इसे लेकर उसकी मां ने टीवी देखने से उसे मना किया था और उसे डांट भी लगाई थी। हालांकि मां की डांट से नाराज होकर 12 साल के गोलू ने बीती रात आत्महत्या कर ली। वहीं दूसरी तरफ नोएडा के सेक्टर 19 में एक युवती ने मानसिक तनाव से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
मां ने टीवी देखने पर लगाई थी डांट
दरअसल, पूरा मामला थाना फेस 2 क्षेत्र के नगला चरण दास गांव का बताया जा रहा है। यहां 12 साल के एक बच्चे ने टीवी देखने से मना किये जाने पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि परिजनों के अनुसार, गोलू (12) टेलीविजन अधिक देखता था, जिसके चलते उसकी मां ने उसे डांटा था और इससे नाराज होकर उसने बीती रात आत्महत्या कर ली।
टीवी देखने का आदी था बच्चा
थाना फेस 2 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम नगला चरण दास में रहने वाले अमित का बेटा गोलू पांचवीं कक्षा का छात्र था। उन्होंने बताया, ''वह टीवी देखने का आदी था, जिसके चलते उसकी मां ने उसे डांटा था तथा 'केबल' कटवाने की बात कही थी। इससे वह परेशान हो गया और अपने घर पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली।'' पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना पाकर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
युवती ने किया सुसाइड
नोएडा के ही एक अन्य मामले में एक युवती ने मानसिक तनाव की वजह से आत्महत्या कर ली। मामला नोएडा के सेक्टर 19 का बताया जा रहा है। थाना सेक्टर 20 पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर 19 में रहने वाली एक युवती ने मानसिक तनाव के कारण अपने घर पर फंदे से लटक कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। थाना सेक्टर 20 के के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार के अनुसार, कोमल (24) डिजाइनर का काम करती थी।
यह भी पढ़ें-
मंडप से फरार हुआ दूल्हा, पीछे-पीछे दौड़ी पुलिस; VIDEO भी आया सामने, जानें मामला