1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा के डे-केयर में दुधमुंही बच्ची से हैवानियत, दीवार में मारा, जमीन पर पटका; CCTV फुटेज देख खून खौल जाएगा

नोएडा के डे-केयर में दुधमुंही बच्ची से हैवानियत, दीवार में मारा, जमीन पर पटका; CCTV फुटेज देख खून खौल जाएगा

डे-केयर प्लेस आजकल काफी तेजी से पॉपुलर हो रहे हैं। वैसे तो हर पेरेंट्स को अपने बच्चों की बेहद चिंता होती है, लेकिन नोएडा के डे-केयर में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे पढ़कर आप सतर्क हो जाएंगे।

बच्ची से बर्बरता की...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बच्ची से बर्बरता की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।

आजकल बहुत सारे पेरेंट्स के पास काम के चलते समय की कमी होती है और इस वजह से वह बच्चे को डे-केयर में भेजते हैं लेकिन नोएडा के एक डे-केयर से ऐसा मामला सामने आया है जो पेरेंट्स को सोचने पर मजबूर कर देगा। दरअसल, नोएडा में 15 महीने की बच्ची को पीटने और उसकी जांघ पर काटने के आरोप में एक ‘डे-केयर सेंटर’ प्रमुख और एक सहायिका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें सहायिका बच्ची को पीटते और पटकते हुए साफ दिखाई दे रही है। वहीं, बच्ची लगातार रोती हुई नजर आ रही है।

बच्ची के कपड़े बदले तो जांघों पर दिखे निशान

यह घटना सेक्टर-142 थाना क्षेत्र के पारस टियरा सोसायटी में स्थित डे-केयर में हुई। थाना सेक्टर 142 के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि बच्ची की मां मोनिका ने इस घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कराई जिसके आधार पर गुरुवार को FIR दर्ज की गई। FIR के अनुसार, बच्ची दो घंटे के लिए ‘डे-केयर’ में रहती थी लेकिन सोमवार को जब मोनिका अपनी बेटी को वहां से लाई तो वह लगातार रो रही थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने बच्ची के कपड़े बदले तो उसे उसकी जांघों पर काटने के निशान दिखे। इसके बाद मोनिका अपनी बच्ची को डॉक्टर के पास लेकर गईं जिसने पुष्टि की कि घाव दांत से काटे जाने की वजह से हुए हैं।

CCTV में कैद हुई घटना

शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद उसने ‘डे-केयर’ की सीसीटीवी फुटेज देखी जिसमें ‘‘सहायिका सोनाली बच्ची को थप्पड़ मारते, उसे जमीन पर गिराते, उसे प्लास्टिक के बैग से पीटते और फिर बच्ची की दोनों जांघों पर काटते’’ दिख रही है। प्राथमिकी के अनुसार, मोनिका ने जब इसकी शिकायत ‘डे-केयर’ प्रमुख चारू से की तो उसने शिकायतकर्ता के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसे धमकी भी दी। मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- राहुल ठाकुर)

यह भी पढ़ें-

दरिंदगी की हदें पार: बच्ची के साथ 3 लोगों ने 1 महीने तक किया रेप, एक जीजा तो दूसरा नाबालिग

आयरलैंड में भारतीय मूल की बच्ची को भी नहीं छोड़ा, 6 साल की मासूम को मारे मुक्के; प्राइवेट पार्ट पर भी किया हमला