1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मथुरा पुलिस लाइन में दर्दनाक हादसा, गाड़ी धोते समय करंट लगने से युवक की मौत

मथुरा पुलिस लाइन में दर्दनाक हादसा, गाड़ी धोते समय करंट लगने से युवक की मौत

मथुरा की रिजर्व पुलिस लाइन में सोमवार रात कार धोते समय करंट लगने से 35 साल के राहुल की मौत हो गई। राहुल पुलिस लाइन स्थित गैराज में सबमर्सिबल पंप से कार धो रहे थे।

Mathura- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मथुरा में पुलिस लाइन में दर्दनाक हादसा

मथुरा की पुलिस लाइन में कार धोने पहुंचे एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। गैराज में अपनी गाड़ी की धुलाई कर रहे 35 साल के राहुल की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मोटर चलाते समय सबमर्सिबल पंप से जुड़े पाइप में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से राहुल जमीन पर गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

मोटर चलाते समय करंट की चपेट में आया राहुल

घटना सोमवार रात मथुरा की रिजर्व पुलिस लाइन स्थित गैराज की है। राहुल कार धोने के लिए एमटी शाखा में लगे सबमर्सिबल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान मोटर चलाते समय वह करंट की चपेट में आ गए। अचानक हुए हादसे से वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल उनकी मदद के लिए पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।

राहुल की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस लाइन परिसर में रहने वाले परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है।

पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई

राहुल के पिता सतीश मूल रूप से एटा के रहने वाले हैं और गाजियाबाद में हेड आर्मोरर के पद पर तैनात हैं। उनका परिवार मथुरा पुलिस लाइन परिसर में रहता है। राहुल की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सबमर्सिबल पंप से जुड़े पाइप में करंट कैसे उतरा, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। CO सिटी आशना चौधरी ने बताया कि पुलिस लाइन के गैराज में करंट की चपेट में आने से राहुल की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जरूरी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: विपिन सारस्वत)

यह भी पढ़ें:

लखनऊ में शिवा शर्मा की मौत का CCTV आया सामने, चौथी मंजिल से गिरते दिखे, मॉडल श्रद्धा दुबे पर हत्या का आरोप

यूपी के पीलीभीत में रामलीला मेले में अंधाधुंध फायरिंग, तीन लोगों की मौत से मचा हड़कंप